ऑफिस में अचानक हुआ पेट दर्द, निकला 6.3mm का किडनी स्टोन, इस उपाय से पेशाब के साथ निकल गई पथरी

Kidney Stone Real Story in Hindi: किडनी स्टोन एक आम समस्या है। पेट दर्द इसका एक आम लक्षण है। किडनी स्टोन का समय पर इलाज बहुत जरूरी है।

ऑफिस में अचानक हुआ पेट दर्द, निकला 6.3mm का किडनी स्टोन, इस उपाय से पेशाब के साथ निकल गई पथरी

Written by Anju Rawat |Updated : March 28, 2025 4:02 PM IST

Kidney Stone Symptoms in Hindi: पेट में तेज दर्द, पेशाब में खून आना, उल्टी, मतली, पेशाब करते समय दर्द होना आदि किडनी में पथरी के लक्षण (Kidney Stone ke Lakshan) हो सकते हैं। अगर आपको इन लक्षणों का अनुभव हो, तो इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज करने की भूल न करें। क्योंकि अगर आप इन लक्षणों की अनदेखी करेंगे, तो इससे समस्या बढ़ सकती है और किडनी तक डैमेज हो सकते हैं। ऐसा ही रोहिणी में रहने वाले 32 वर्षीय सौरभ नारंग ने भी किया था। सौरभ को अक्सर ही पेट में दर्द होता रहता था। वह पेट के दर्द को गैस और ब्लोटिंग समझकर नजरअंदाज कर देते थे। लेकिन, जब समस्या बढ़ी तो सौरभ को एक दिन ऑफिस में अचानक से पेट में तेज और असहनीय दर्द होने लगा। जांच के बाद पता चला कि सौरभ को किडनी में पथरी (Pet Dard Aur Kidney Stone) है। हालांकि, सौरभ को समय रहते ही किडनी में पथरी का पता चल गया और उनका इलाज आसानी से हो गया। सौरभ ने किडनी की पथरी का इलाज करने के लिए दवाइयों और घरेलू उपायों का सहारा लिया। अब सौरभ की किडनी से पथरी पूरी तरह से निकल चुकी है। आज उनकी दोनों किडनी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। आइए, जानते हैं कि सौरभ ने किडनी की पथरी को कैसे ठीक किया?

ऑफिस में अचानक से हुआ था पेट दर्द

सौरभ बताते हैं, “वैसे तो मेरे पेट में अक्सर ही दर्द होता रहता था। लेकिन, एक दिन ऑफिस में अचानक से तेज पेट दर्द होने लगा। इस दर्द को बर्दाश्त करना भी मेरे लिए मुश्किल हो रहा था। मुझे पेट के ऊपरी हिस्से से लेकर कमर तक तेज दर्द हो रहा था। दर्द की वजह से मैं ऑफिस में भी नहीं बैठ पाया। मैं घर आया और डॉक्टर के पास गया। तब जांच से पता चला कि मुझे किडनी में पथरी है।”

Also Read

More News

निकली 6.3mm की किडनी में पथरी

सौरभ बताते हैं, “पेट दर्द होने पर जब जांच करवाया, तो मेरे दोनों किडनी में पथरी निकली। मुझे 6.3mm की पथरी थी।”

आपको बता दें कि किडनी में 6.3 mm की पथरी बहुत छोटा या बहुत बड़ा नहीं होता है। हालांकि, अगर समय पर इलाज न करवाया जाए, तो यह पथरी बढ़कर गंभीर रूप ले सकती है। इससे किडनी को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। यह चावल के दाने के बराबर हो सकता है। इसलिए 6mm की पथरी को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए।

दर्द से राहत पाने के लिए लगवाता था इंजेक्शन

सौरभ बताते हैं, “किडनी की पथरी की वजह से कभी-कभी असहनीय दर्द उठ जाता था। इसकी वजह से मैं अपने ऑफिस का काम भी नहीं कर पाता था। किडनी की पथरी के इलाज के लिए मैंने एलोपैथी दवाइयों का सेवन शुरू किया। लेकिन, कई बार दवाई से भी आराम नहीं मिलता था। ऐसे में मुझे दर्द से राहत पाने के लिए इंजेक्शन लेने पड़ते थे। इंजेक्शन से ही मुझे दर्द में आराम मिलता था। ”

सौरभ आगे बताते हैं, “मुझे अक्सर ही किडनी स्टोन का दर्द होने लगता था। फिर मेरे एक दोस्त ने मुझे आयुर्वेदिक दवाइयां लेने की सलाह दी। आयुर्वेदिक दवाइयों की मदद से मुझे किडनी स्टोन के दर्द से काफी राहत मिली। इससे किडनी की पथरी भी निकल गई।”

रोज पीता था नारियल पानी

सौरभ बताते हैं, “जब मेरी आयुर्वेदिक दवाइयां चल रही थी, तो डॉक्टर ने मुझे नारियल पानी पीने की सलाह दी थी। मैं रोज सुबह और शाम को नारियल पानी पीता था। इसके साथ ही, नॉर्मल पानी भी खूब पीता था। इससे किडनी में मौजूद पथरी पेशाब के साथ धीरे-धीरे निकलने लगी। कुछ समय बाद किडनी की पथरी पूरी तरह से निकल गई और अब मैं बिल्कुल स्वस्थ हूं।”

खाने का भी किया पूरा परहेज

सौरभ बताते हैं, “जब मुझे किडनी की पथरी थी, तो मैंने अपने खाने का भी खास ख्याल रखा था। उस दौरान मैंने बीज वाली सब्जियों से पूरी तरह से परहेज किया था। मैंने भिंडी, बैंगन, छोले और टमाटर का सेवन पूरी तरह से बंद कर दिया था।”

TRENDING NOW

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।