सर्दी में नहीं सताएगा हड्डियों और मांसपेशियों का दर्द, ये आसान तरीके हैं बेहद असरदार

सर्दी के मौसम में ठंडी हवा के कारण वातावरण में बैरोमेट्रिक प्रेशर बढ़ता है। ऐसे में आपकी स्पाइन और नसों में प्रेशर क्रिएट होता है, जिससे हड्डियों और मांसपेशियों में दर्द होने लगता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : December 21, 2023 4:27 PM IST

सर्दी का मौसम कुछ लोगों के लिए बेहद 'दर्दनाक' होता है। इस मौसम में अक्सर लोगों को मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। खासतौर पर बुजुर्गों और महिलाओं को ये परेशानी ज्यादा होने लगती है। कुछ लोगों को तो इसके कारण दर्द भरी सुबह से दिन की शुरुआत करनी पड़ती है। दरअसल, सर्दी के मौसम में ठंडी हवा के कारण वातावरण में बैरोमेट्रिक प्रेशर बढ़ता है। ऐसे में आपकी स्पाइन और नसों में प्रेशर क्रिएट होता है, जिससे हड्डियों और मांसपेशियों में दर्द होने लगता है। इस असहनीय दर्द से निजात पाने के लिए आप कुछ आसान उपाय अपना सकते हैं।

मांसपेशियों में दर्द का प्रमुख कारण - Muscles Pain Causes in Winter

सर्दी का मौसम गठिया और जोड़ों में दर्द से पीड़ित लोगों के लिए किसी बुरे सपने जैसा है। इस मौसम में ज्वाइंट पेन बढ़ने के कई कारण हैं। उन्हीं में से एक है मांसपेशियों में संकुचन होना। जब हमारी मांसपेशियों में संकुचन होता है उनमें अकड़न आने लगती है, जिससे दर्द बढ़ने लगता है। शोध बताते हैं कि ठंड में जोड़ों पर प्रेशर पड़ता है। जिसके कारण भी दर्द बढ़ जाता है। वहीं इस मौसम में शरीर का ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है। ऐसे में मांसपेशियों और नसों में अकड़न और हड्डियों का दर्द की समस्या होने लगती है। ठंड के कारण हमारे शरीर का मूवमेंट कम हो जाता है, जिसके कारण भी जोड़ों में जकड़न आने लगती है।

स्ट्रेचिंग से दूर करें परेशानी

अगर आप मांसपेशियों के दर्द से परेशान हैं तो स्ट्रेचिंग आपके लिए एक बेहतर एक्सरसाइज हो सकती है। आप कोशिश करें कि रोज सुबह यह एक्सरसाइज करें। आप चाहें तो इसे बिस्तर पर बैठकर भी आसानी से कर सकते हैं। बेहतर है कि आप सुबह उठने के बाद ही इसे करें। इससे आपकी मांसपेशियों और हड्डियों का मूवमेंट बढ़ेगा। साथ ही शरीर का ब्लड सर्कुलेशन तेज होगा, जिससे मांसपेशियां रिलेक्स होंगी और दर्द कम होगा।

वजन कंट्रोल करना है जरूरी

सर्दी के मौसम में अक्सर लोगों का वजन बढ़ जाता है। इस मौसम में घी, मीठा और तला हुआ भोजन अधिक होने लगता है, जिसका सीधा असर हमारे वजन पर पड़ता है। शारीरिक गतिविधियां कम होने के कारण भी वजन बढ़ता है। जब हमारा वेट ज्यादा होने लगता है तो इसका प्रभाव हमारी मांसपेशियों पर भी पड़ता है और दर्द की समस्या बढ़ जाती है। ऐसेे में आप कम फैट वाला खाना खाएं। हाई काब्र्स का सेवन अधिक करें। अपनी डाइट में हरी सब्जियां और फल अधिक शामिल करें। पर्याप्त पानी पिएं। कोशिश करें कि आप गुनगुना पानी पिएं, जिससे ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार होगा।

घरेलू उपाय भी हैं कारगर

मांसपेशियों और जोड़ों का दर्द कम करने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय भी कर सकते हैं। आप नियमित रूप से सरसों के तेल की मालिश करें। इसके लिए सरसों के तेल को गर्म करके उसमें पांच से छह लहसुन की कलियां भूनें। इसके बाद इस गुनगुने तेल से जोड़ों की मालिश करें। नियमित रूप से पानी के साथ लहसुन की दो से तीन कलियां खाना भी आपको दर्द से राहत दिलाएगा। जोड़ों का दर्द दूर करने में हल्दी भी मददगार है। आप दो से तीन टेबल स्पून हल्दी पाउडर लें और इसमें आवश्यकतानुसार नारियल का तेल मिला लें। इस पेस्ट से जोड़ों पर मालिश करें, आपको आराम मिलेगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source