Ragi Benefits : रागी के छोटे-छोटे दाने में छिपे हैं कई सेहत लाभ

रागी एक अनाज है, जिसके छोटे-छोटे दाने होते हैं और इन छोटे दानों में कई बीमारियों का इलाज छिपा हुआ है। इसमें कई पोषक तत्व जैसे सेल्यूलोज सबसे अधिक होता है। साथ ही, आयरन और कैल्शियम का भी यह प्रमुख स्रोत है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : August 20, 2019 7:49 PM IST

वजन कम करना हो या फिर दिल को रोगों से बचाए रखना है, रागी से बेहतर इलाज कोई और नहीं। जी हां, रागी कई समस्याओं को दूर करने के लिए काफी है। कब्ज, डायबिटीज से बचना है या फिर हड्डियों में हुई कैल्शियम की कमी को दूर करना है, खाएं रागी। रागी एक अनाज है, जिसके छोटे-छोटे दाने (Ragi Benefits) होते हैं और इन छोटे दानों में कई बीमारियों का इलाज छिपा हुआ है। इसमें कई पोषक तत्व जैसे सेल्यूलोज सबसे अधिक होता है। साथ ही, आयरन और कैल्शियम का भी यह प्रमुख स्रोत है। लगभग 100 ग्राम रागी में 344 मिलीग्राम कैल्शियम होता है। यह ग्लूटन फ्री भी होता है, जिसका सेवन वे भी कर सकते हैं, जिन्हें ग्लूटेन से एलर्जी है। जानें, रागी खाने के सेहत (Ragi Benefits) लाभ...

शरीर को करे रिलैक्स

रागी का सेवन हर दिन करेंगे तो शरीर रिलैक्स रहता है। इसमें मौजूद तत्वों के कारण अवसाद की समस्या नहीं होती। गुस्से और इन्सोम्निया (नींद न आना) से भी राहत दिलाती है। जिन लोगों को सही से नींद नहीं आती, उन्हें रागी का सेवन किसी ना किसी रूप में करना चाहिए। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स खासतौर पर ट्रिप्टोफैन और अमीनो एसिड रागी को बेहद स्पेशल अनाज बना देते हैं।

त्वचा भी चमकाए

रागी के छोटे दाने त्वचा पर भी बड़ा असर करते हैं। यह त्वचा को जवां और चमकदार बनाता है। इसमें मौजूद मिथायोनिन और लाइसिन त्वचा की कसावट को बनाए रखने और झुर्रियों को रोकने में मदद करते हैं।

पाचन होगा आसान

रागी पेट और पाचन तंत्र को भी ठीक रखता है। इसमें मौजूद ऐल्कलाइन तत्व खाने को जल्दी पचाने में मदद करता है। पेट खराब होने से कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में रागी का सेवन कई बीमारियों का एक साथ इलाज करेगा।

हड्डियों को रखे स्वस्थ

हड्डियों से जुड़ी बीमारी आम होती जा रही है। रागी के पास इसका भी इलाज मौजूद है। इसमें पाया जाने वाला फॉस्फोरस हड्डियों के विकास में सहायक होता है।

नुकसान भी होता है

रागी का सेवन अधिक करने से शरीर में ऑक्जेलिक एसिड बढ़ जाता है। इसके अलावा, जिन लोगों को किडनी में स्टोन है, उन्हें इसके सेवन से बचना चाहिए।

रखें इस बात का ध्यान

रागी खाने से पहले इसके छिलकों को हटा लें। इसके छिलके को पचाने में दिक्कत होती है। इसके लिए रागी को पहले अच्छे से धो लें और उसकी परत यानी छिलके हटा दें।

Barley Water Benefits : पेट और वजन कम करना है तो पिएं जौ का पानी, जानें इसके अन्य लाभ

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source