45+ पुरुषों में बढ़ रहे प्रोस्टेट कैंसर के मामले, जानें ग्लोबल लिस्ट में भारत कहां?

प्रोस्टेट कैंसर, प्रोस्टेट ग्रंथि की कोशिकाओं में शुरू होता है। जब ये कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं तो कैंसर का रूप ले लेती हैं।

45+ पुरुषों में बढ़ रहे प्रोस्टेट कैंसर के मामले, जानें ग्लोबल लिस्ट में भारत कहां?

Written by Anju Rawat |Published : December 25, 2025 8:37 AM IST

Prostate Cancer Cases: पहले प्रोस्टेट कैंसर सिर्फ बुजुर्गों में होने वाली एक बीमारी थी। लेकिन, अब 45+ पुरुषों में भी इस कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। चिंता की बात यह है कि प्रोस्टेट कैंसर (Prostate Cancer in Hindi) को शुरुआत में पकड़ना मुश्किल होता है। इसके लक्षण तब महसूस होते हैं, जब समस्या काफी बढ़ जाती है। आपको बता दें कि प्रोस्टेट कैंसर, प्रोस्टेट ग्रंथि की कोशिकाओं में शुरू होता है। जब ये कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं तो कैंसर का रूप ले लेती हैं। वर्ल्ड रिसर्च कैंसर फंड के अनुसार, साल 2022 में प्रोस्टेट कैंसर के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका, चीन और जापान में दर्ज किए गए थे। वहीं, इसमें भारत 10वें स्थान पर है। 2022 के आंकड़ों के अनुसार भारत में प्रोस्टेट कैंसर के 37,948 मामले दर्ज हुए थे। दुनियाभर में प्रोस्टेट कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए इससे बचाव करना बहुत जरूरी है। प्रोस्टेट कैंसर से बचाव कैसे किया जा सकता है, इस बारे में जानने के लिए हमने नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के सीनियर कंसलटेंट-यूरोलॉजी डॉ. उदय सिंह बेनीवाल से बातचीत की-

प्रोस्टेट कैंसर क्यों होता है?- Prostate Cancer Causes in Hindi

पहले प्रोस्टेट कैंसर को बढ़ती उम्र से जोड़ा जाता था। लेकिन, अब खराब डाइट और लाइफस्टाइल की वजह से भी प्रोस्टेट कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। डॉ. उदय बताते हैं कि देश ही नहीं दुनियाभर में प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है।

  • फिजिकली एक्टिव न रहना
  • लंबे समय तक बैठकर काम करना
  • खाने का समय निश्चित होना
  • अनहेल्दी फूड्स खाना
  • मोटापा
  • नींद में कमी
  • तनाव

आपको बता दें कि ये सभी कारक कम उम्र में होने वाले प्रोस्टेट कैंसर का कारण बनते हैं। 45 की उम्र के बाद पुरुषों में हार्मोनल बदलाव शुरू हो जाते हैं, इसकी वजह से भी प्रोस्टेट कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।

Also Read

More News

प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण- prostate cancer symptoms

जब शरीर में प्रोस्टेट कैंसर की शुरुआत होती है तो कोई लक्षण महसूस नहीं होता है। जब प्रोस्टेट कैंसर गंभीर रूप ले लेता है, तो पुरुषों को परेशानियां होती हैं। प्रोस्टेट कैंसर के लक्षण इस प्रकार हैं-

  • पेशाब में बदलाव
  • बार-बार पेशाब आना
  • पेशाब की धार कम होना
  • वीर्य में खून आना
  • यौन इच्छा में कमी होना
  • पेल्विस एरिया में दर्द होना

अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो तो डॉक्टर से तुरंत कंसल्ट करें।

प्रोस्टेट कैंसर से बचाव कैसे करें?

हेल्दी लाइफस्टाइल और डाइट को फॉलो करके प्रोस्टेट कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है।

फाइबर युक्त भोजन खाएं

अनहेल्दी फूड्स, जंक फूड्स, प्रोसेस्ड फूड, अनहेल्दी फैट्स और रेड मीट शरीर में सूजन बढ़ाते हैं, जिससे प्रोस्टेट कैंसर का खतरा बढ़ता है। जब शरीर में लंबे समय तक सूजन बनी रहती है, तो प्रोस्टेट कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है। इसलिए आपको इन फूड्स का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इसके लिए आप फाइबर से भरपूर फूड्स खाएं। प्रोस्टेट कैंसर से बचाव के लिए अपनी डाइट में एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर फूड्स शामिल करें।

तनाव से बचें

तनाव, ज्यादातर बीमारियां का एक सबसे अहम कारण होता है। तनाव को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। लंबे समय तक तनाव में रहने से प्रोस्टेट कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है। दरअसल, तनाव में रहने से हार्मोनल असंतुलन और इम्यून सिस्टम खराब हो जाता है, इससे कैंसर सेल्स से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है। इसलिए अगर आप तनाव में रहते हैं तो इससे बचने के लिए मेडिटेशन करें और योग का सहारा लें।

रेगुलर चेकअप कराएं

अगर आपकी उम्र 45 साल से ज्यादा है, तो रेगुलर चेकअप जरूर कराएं। इसके लिए आप PSA (प्रोस्टेट-स्पेसिफिक एंटीजन) टेस्ट करवा सकते हैं। यह टेस्ट उन पुरुषों को जरूर करवाना चाहिए, जिनके परिवार में पहले किसी को प्रोस्टेट कैंसर रहा हो। समय पर निदान की मदद से प्रोस्टेट कैंसर के इलाज को आसान बनाया जा सकता है।

एक्सरसाइज जरूर करें

प्रोस्टेट कैंसर से बचाव के लिए आपको अपनी लाइफस्टाइल में कुछ छोटे-छोटे बदलाव जरूर करने चाहिए। आप रोजाना कम से कम 30-40 मिनट की एक्सरसाइज करें। आप योग और प्राणायाम भी कर सकते हैं। इसके अलावा, बैलेंस डाइट लें और नींद पूरी करें।

TRENDING NOW

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।