
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : December 24, 2024 10:32 AM IST
Symptoms Of Stomach Tumor: पेट हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह भोजन को पचाने में मदद करता है और सभी अंगों तक पोषक तत्वों की आपूर्ति करने का काम करता है। जब पेट में असामान्य सूजन या गांठ बन जाती है, तो इसे पेट का ट्यूमर कहते हैं, जो आगे चलकर कैंसर का रूप ले सकता है। दरअसल, पेट में ट्यूमर तब होता है, जब पेट की कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं और असामान्य रूप से विकसित होने लगती हैं। ट्यूमर का साइज समय के साथ बढ़ता है और अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो कैंसर शरीर के अन्य भागों में फैलने लगता है। पेट में ट्यूमर होने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे गलत खानपान, खराब जीवनशैली, संक्रमण, अनुवांशिक कारण और पेट में घाव। पेट में ट्यूमर होने पर शरीर में कई तरह के लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इनमें से कुछ लक्षण ऐसे भी हैं, जो अक्सर सुबह के समय दिखाई देते हैं। यदि समय रहते इन लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो इस समस्या से बचा जा सकता है। तो आइए, जानते हैं पेट में ट्यूमर के लक्षणों के बारे में विस्तार से -
गुरुग्राम स्थित पारस हेल्थ के वरिष्ठ निदेशक और एचओडी (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और रोबोटिक सर्जरी), डॉ अश्विनी कुमार शर्मा बताते हैं कि ट्यूमर के लक्षण उसके आकार, स्थान और वृद्धि के आधार पर निर्भर करता है। पेट में ट्यूमर के लक्षण सुबह या शाम, किसी भी समय दिखाई दे सकते हैं। आइए, जानते हैं पेट में ट्यूमर के कुछ लक्षणों के बारे में -
पेट में लगातार दर्द या असहजता महसूस होना पेट में ट्यूमर का संकेत हो सकता है। यह दर्द सामान्य नहीं होता और समय के साथ बढ़ सकता है। अगर आपको लंबे समय से इस तरह की परेशानी हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
पेट में सूजन या ब्लोटिंग की समस्या होना भी पेट में ट्यूमर का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति को पेट के आसपास काफी ज्यादा भारीपन महसूस होता है। यह समस्या खासतौर पर खाना खाने के बाद अधिक बढ़ सकती है। अगर आपको भी इस तरह के लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो आपको डॉक्टर की मदद लेनी चाहिए।
बिना किसी स्पष्ट कारण के अचानक तेजी से वजन कम होना भी पेट में ट्यूमर का संकेत हो सकता है। दरअसल, ट्यूमर के कारण शरीर पोषक तत्वों को अवशोषित नहीं कर पाता है, जिसके कारण वजन कम होने लगता है। अगर बिना किसी डाइटिंग या प्रयास के आपका वजन कम हो रहा है, तो आपको डॉक्टर से मिलकर अपना चेकअप करवाना चाहिए।
अगर आपकी भूख अचानक हो गई है और कम खाने के बावजूद आपको पेट भरा हुआ महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह पेट में ट्यूमर का लक्षण हो सकता है। अधिक एडवांस मामलों में निगलने में कठिनाई (डिस्फेजिया) जैसे लक्षण हो सकते हैं। दरअसल, पेट में ट्यूमर के कारण पाचन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिससे भूख में कमी या खाने में कठिनाई जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में आपको डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए।
पुणे स्थित मणिपाल अस्पताल के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी (कंसलटेंट) डॉ करण चंचलानी के मुताबिक, पेट में ट्यूमर होने पर उल्टी और मतली जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। दरअसल, ट्यूमर के कारण पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिससे उल्टी और मतली की समस्या हो सकती है। अगर आपको रोजाना इस तरह की परेशानी हो रही है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
पेट में ट्यूमर होने की स्थिति में मल त्याग में भी बदलाव नजर आ सकता है। पेट में ट्यूमर के कारण पाचन क्रिया प्रभावित होती है, जिससे दस्त और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, काला मल आना या मल में खून आने जैसे लक्षण भी नजर आ सकते है। अगर आपको इस तरह के संकेत दिखाई दे रहे हैं, तो फौरन डॉक्टर से संपर्क करें ताकि आपका समय पर इलाज हो सके।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।