
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 29, 2025 5:59 PM IST
Pet me pani bharne ke lakshan: आज के समय में जीवनशैली, प्रदूषण, तनाव व खानपान की खराब आदतों के कारण कोई भी बीमारी कभी भी हो जाती है। कई बीमारियां प्रारंभिक चरण में लक्षण नहीं दिखातीं, जिससे उनका पता चलना मुश्किल होता है, ऐसी ही एक बीमारी है पेट में पानी का भर जाना। जिसे एसाइटिस (Ascites) कहा जाता है और यह समस्या कई अलग-अलग कारणों से हो सकती है, जिसे अगर लंबे समय तक इग्नोर किया जाए तो यह स्वास्थ्य पर भी कई गंभीर प्रभाव डाल सकती है। जब शरीर के अंदर पानी जमा होने लगता है, तो इसे एडिमा कहते हैं। पेट में पानी भरने के कुछ सामान्य लक्षण होते हैं, जिन्हें पहचान कर समय रहते उपचार करना जरूरी है। हालांकि, कई लोग इन लक्षणों को अनदेखा कर देते हैं, जिससे समस्या बढ़ सकती है। आइए जानते हैं कि पेट में पानी भरने के 4 प्रमुख लक्षण क्या होते हैं।
अगर पेट में अचानक सूजन महसूस होने लगे और यह महसूस हो कि पेट का आकार बढ़ गया है, तो यह पानी भरने का संकेत हो सकता है। सूजन के कारण पेट में दर्द या असुविधा भी हो सकती है। यह लक्षण खासतौर पर खाने के बाद ज्यादा महसूस होते हैं। इसके अलावा पेट में सूजन होना कई अन्य बीमारियों का संकेत भी हो सका है, जिसे इग्नोर न करें।
पेट में पानी भरने से शरीर में पानी की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे वजन में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। यदि आपने हाल ही में बिना किसी खास कारण के वजन बढ़ते देखा हो, तो यह पेट में पानी जमा होने का संकेत हो सकता है। अगर आपका वजन अचानक से बढ़ने लगा है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।
पेट में पानी भरने का प्रभाव केवल पेट तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह शरीर के अन्य हिस्सों जैसे पैर और टखनों में भी सूजन का कारण बन सकता है। अगर आपको अक्सर पैरों में भारीपन या सूजन महसूस हो, तो यह एडिमा के लक्षण हो सकते हैं। एसाइटिस के कारण जब पेट में पानी जमा होने लगता है, तो उससे शरीर के निचले हिस्से जैसे पैर व टखने में भी पानी जमा होने लगता है।
पेट में पानी भरने के कारण शरीर में तरल पदार्थ की अधिकता हो जाती है, जिससे श्वास की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। यह स्थिति हृदय या किडनी रोग के कारण भी हो सकती है, और अगर सांस लेने में तकलीफ हो रही हो तो इसे हल्के में न लें। अगर आपको कुछ दिनों से महसूस हो रहा है, कि आपको सांस लेने में दिक्कत हो रही है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें।
बहुत से लोग इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कुछ लोग इसे अस्थायी समस्या मानते हैं, जबकि कुछ को लगता है कि यह सिर्फ खाना खाने या गैस की समस्या से जुड़ा है। लेकिन समय रहते इलाज न कराने पर यह समस्या गंभीर हो सकती है। पेट में पानी भरने के कारण किडनी, हृदय या लीवर से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, जिनका इलाज समय पर करना बहुत जरूरी होता है। इसलिए अगर आपको ये लक्षण महसूस हों, तो चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।