जीभ के ऊपर-नीचे इस तरह के पैच दिखें तो डॉक्टर को दिखाने की आ गई नौबत! जानें ओरल कैंसर के संकेत

बता दें कि दुनियाभर में कुल 3.5 अरब लोग मुंह से जुड़ी बीमारियों का शिकार हैं। इसलिए जरूरी है कि अपने मुंह की साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Updated : February 18, 2023 7:31 AM IST

हममें से ज्यादातर लोग अपनी ओरल हेल्थ का ख्याल नहीं रख पाते हैं, जिसकी वजह से ढेर सारी परेशानियां हो सकती हैं और इन परेशानियों में से एक है कैंसर। कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जिसका अगर सही समय पर इलाज न किया जाए तो ये आपके लिए जानलेवा भी साबित हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि अगर मुंह की सही तरीके से साफ-सफाई की जाए तो ये चीज आपको कई रोगों से दूर रखने में मदद कर सकती है। बता दें कि दुनियाभर में कुल 3.5 अरब लोग मुंह से जुड़ी बीमारियों का शिकार हैं। इसलिए जरूरी है कि अपने मुंह की साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए। आइए जानते हैं मुंह में दिखाई देने वाले ऐसे बदलावों के बारे में, जो कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इशारा करते हैं।

सफेद धब्बे

मुंह में सफेद धब्बे की मोटी परत, जिसे ल्यूकोप्लैकिया भी कहते हैं, जम जाना ओरल कैंसर का एक संकेत है। ये मुंह के अलग-अलग हिस्सों को प्रभावित करता है, जिसमें मसूड़ों से लेकर गाल के अंदर और मुंह के नीचे की तरफ होते हैं। ये धब्बे भले ही किसी भी वजह से हुए हो लेकिन अगर ये दो हफ्ते तक ठीक नहीं होते हैं तो आपको जांच कराने की जरूरत है। धूम्रपान करने वाले लोगों और शराब का जरूरत से ज्यादा सेवन करने वालों में ये आम होता है।

ल्यूकोप्लैकिया के संकेत

ल्यूकोप्लैकिया के आम संकेतों में शामिल हैं सफेद, ग्रे रंग के पैच, जो जल्दी से ठीक नहीं होते हैं और इनके ऊपर मोटी परत चढ़ी हुई होती है। शुरू में ये लाल रंग के छाले जैसे होते हैं, जो वक्त के साथ-साथ मोटे और कठोर हो जाते हैं।

कैसे लगाएं पता?

यूके नेशनल हेल्थ सर्विस की रिपोर्ट के मुताबिक, ल्यूकोप्लैकिया या फिर मुंह में होने वाले सफेद रंग ये पैच की पहचान आप कुछ तरीकों से कर सकते हैं। एक बात तो ये कि इसमें दर्द नहीं होता और इनका आकार अलग-अलग तरीके का होता है। किसी का बड़ा तो किसी का छोटा कुछ लाल रंग के होते हैं तो कुछ उबड़-खाबड़ या फिर अजीब से दिखाई देने वाले।

सभी कैंसर नहीं

ऐसा बताया जाता है कि ज्यादातर ल्यूकोप्लैकिया के पैच कैंसरकारी नहीं होते हैं लेकिन कुछ कैंसर का संकेत देते हैं। मुंह के निचले हिस्से में कैंसर हो सकता है। सफेद हिस्सों पर लाल रंग के पैच कैंसर का एक संभावित संकेत हो सकते हैं। अगर आपके मुंह में किसी प्रकार का कोई बदलाव दिखाई देता है तो आपको तुरंत डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है।

ओरल कैंसर के लक्षण

ओरल कैंसर के लक्षणों की बात करें तो इसमें शामिल हैंः

1-मुंह, जीभ और गले में दर्द, गांठ और मोटे-मोटे पैच

2- मुंह में सफेद और लाल रंग के पैच

3-गले में कुछ फंसा होने जैसा महसूस होना

4-चबाने में दिक्कत

5-निगलने में दिक्कत

6-जबड़ा हिलाने या फिर जीभ को अंदर-बाहर करने में परेशानी

7-जीभ पर सुन्नपन से लेकर मुंह से लेकर कान में दर्द।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source