Advertisement

पुरुषों में यूरिक एसिड कितना होना चाहिए? जानें High Uric Acid के लक्षण और कारण

Uric Acid in Male: जब पुरुषों में यूरिक एसिड बढ़ता है, तो उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से गुजरना पड़ सकता है। इस लेवल से ज्यादा यूरिक एसिड खतरे की घंटी होती है।

Written By Anju Rawat | Published : February 13, 2026 9:05 AM IST

High Uric Acid in Male: आज की तेज रफ्तार जीवनशैली, गलत खान-पान और कम शारीरिक गतिविधियां कई बीमारियों का कारण बनते जा रहे हैं। इसमें हाई यूरिक एसिड भी एक बीमारी है। वैसे तो हाई यूरिक एसिड की समस्या महिला या पुरुष, किसी को भी हो सकता है। लेकिन, इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि पुरुषों में यूरिक एसिड कितना होना चाहिए और यूरिक एसिड बढ़ने पर उन्हें क्या-क्या लक्षण महसूस होते हैं?

ज्यादातर लोग यूरिक एसिड को सिर्फ जोड़ों के दर्द से जोड़कर देखते हैं। जबकि, हाई यूरिक एसिड शरीर में कई गंभीर समस्याओं का संकेत हो सकता है। दरअसल, यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक वेस्ट प्रोडक्ट है, जो प्यूरीन नामक तत्व के टूटने से बनता है। आमतौर पर यह किडनी के जरिए पेशाब में बाहर निकल जाता है। लेकिन, कुछ मामलों में यूरिक एसिड पूरी तरह से बाहर नहीं निकल पाता है और खून में जमा होने लगता है। जब लंबे समय तक यूरिक एसिड बढ़ा हुआ रहता है, तो किडनी स्टोन का खतरा बढ़ सकता है। तो आइए, SCM Healthcare के प्रिंसिपल कंसल्टेंट और यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनीत मल्होत्रा से जानते हैं पुरुषों में यूरिक एसिड के बारे में-

Advertisement

पुरुषों में यूरिक एसिड कितना होना चाहिए?

डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं, "पुरुषों में यूरिक एसिड का सामान्य स्तर लगभग 3.4 से 7.0 mg/dL होना चाहिए। अगर यूरिक एसिड इससे ज्यादा होता है, तो इसका समय पर इलाज कराना बहुत जरूरी होता है। अन्यथा, कई रोग विकसित होने का खतरा बढ़ जाता है।"

हाई यूरिक एसिड के लक्षण क्या हैं?

आपको बता दें कि शुरुआत में हाई यूरिक एसिड के स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते हैं, जब स्थिति बिगड़ने लगती है तो व्यक्ति को इसके संकेत महसूस हो सकते हैं।

Advertisement

  • जोड़ों में दर्द और सूजन
  • पैर के अंगूठे में दर्द और सूजन
  • जोड़ों में लालिमा
  • शरीर में अकड़न महसूस होना
  • चलने-फिरने में परेशानी होना
  • थकान और कमजोरी बनी रहना
  • पेशाब में जलन होना

पुरुषों में यूरिक एसिड क्यों बढ़ता है?

पुरुषों में यूरिक एसिड बढ़ने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। इसमें शामिल हैं-

  • अगर आप रेड मीट, ऑर्गन मीट, सी-फूड, ज्यादा प्रोटीन या फ्रुक्टोज ड्रिंक्स का सेवन करेंगे तो इससे यूरिक एसिड बढ़ सकता है।
  • शराब या बीयर भी यूरिक एसिड को बहुत ज्यादा बढ़ा सकता है।
  • अगर आप पानी का सेवन कम मात्रा में करेंगे, तो इससे यूरिक एसिड बढ़ सकता है।
  • मोटापा भी यूरिक एसिड बढ़ा सकता है। इससे मेटाबॉलिज्म भी प्रभावित हो सकता है।
  • जब किडनी सही तरीके से काम नहीं करती है तो यूरिक एसिड जमा हो सकता है।

हाई यूरिक एसिड का इलाज क्यों है जरूरी?

हाई यूरिक एसिड का समय पर इलाज कराना बहुत जरूरी होता है। अगर यूरिक एसिड को लंबे समय तक कंट्रोल न किया जाए, तो इससे जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है। यह गाउट का कारण बन सकता है। हाई यूरिक एसिड, किडनी स्टोन और किडनी डैमेज के जोखिम को भी बढ़ा देता है।

यूरिक एसिड कैसे कम करें?

यूरिक एसिड कम करने के लिए आपको दवाइयों के साथ लाइफस्टाइल और डाइट में बदलाव करना भी बहुत जरूरी है।

  • यूरिक एसिड कम करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी होता है।
  • रेड मीट, सी फूड और एल्कोहल का सेवन करने से परहेज करें।
  • फाइबर से भरपूर फल और सब्जियों का सेवन करें।
  • खाना खाने के बाद वॉक जरूर करें।
  • रोज सुबह एक्सरसाइज, योग या प्राणायाम भी करें।
  • वजन को कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी है।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।