100 साल बाद TB के खिलाफ नई उम्मीद, जल्द आ सकती है नई वैक्सीन: WHO
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार अगले कुछ सालों में टीबी की वैक्सीन आ सकती है। इससे दुनियाभर में टीबी के मामलों में काफी कमी देखने को मिल सकती है।
New TB Vaccines: आपके लिए एक अच्छी खबर है, टीबी की वैक्सीन जल्द ही आ सकती है। जी हां, ऐसा हम नहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन कह रहा है। यह माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक बैक्टीरिया से होने वाली एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। यह बीमारी मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है। हालांकि, कुछ लोगों में रीढ़ की हड्डी, मस्तिष्क, किडनी और अन्य अंगों में भी टीबी की बीमारी फैल सकती है। यह बीमारी हवा, संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से फैलती है। वैसे तो इसका इलाज एंटीबायोटिक दवाइयों से संभव है, लेकिन गंभीर मामलों में टीबी रोगियों की जान तक चली जाती है। अब इस बीमारी से बचाव के लिए WHO ने वैक्सीन जल्द ही लाने की उम्मीद जताई है।
हर साल 10 लाख से ज्यादा लोगों की मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दुनियाभर में हर साल एक करोड़ से अधिक लोग टीबी की बीमारी से संक्रमित होते हैं। वहीं, 10 लाख से ज्यादा लोग इस बीमारी से अपनी जान गंवाते हैं। इसके बावजूद भी अभी तक टीबी की कोई वैक्सीन नहीं बन पाई। लेकिन, खुशखबरी की बात यह है कि अब जल्द ही टीबी की वैक्सीन दुनियाभर में उपलब्ध हो सकती है।
टीबी वैक्सीन लाने में कितना समय लग सकता है?
आपको बता दें कि 27 से 28 अप्रैल को जिनेवा में TB Vaccine Accelerator Forum आयोजित हुआ था। इस दौरान बताया गया कि कई नई TB वैक्सीनों के क्लिनिकल ट्रायल चल रहे हैं। इनमें से कुछ वैक्सीन के नतीजे अगले दो वर्षों में सामने आ सकते हैं। इस दौरान WHO के असिस्टेंट डायरेक्टर-जनरल डॉ. जेरेमी फरार ने कहा कि लगभग एक सदी के बाद पहली बार वयस्कों और किशोरों के लिए नई और प्रभावी टीबी की वैक्सीन आ सकती है। इससे टीबी के रोगियों और इससे होने वाले मौतों के आंकड़ों में काफी कमी देखने को मिल सकती है। इससे स्वास्थ्य प्रणालियों और परिवारों का खर्च भी घट सकता है।
कौन-सी वैक्सीन हो सकती है लॉन्च?
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, दो वैक्सीन M72/AS01E और MTBVAC क्लिनिकल ट्रायल के अंतिम चरण में हैं। इन वैक्सीन को विश्व स्तर पर उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।
क्यों जरूरी है टीबी की वैक्सीन!
WHO ने उन देशों के लिए नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जो भविष्य में नई टीबी वैक्सीन अपनाना चाहते हैं। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य है कि देश समय रहते हुए सारी तैयारियां कर सकें।
- अगर टीबी की वैक्सीन आ जाती है, तो इससे लाखों लोगों की जान बचाई जा सकती है।
- टीबी संक्रमण के मामलों में तेजी से कमी आ सकती है।
- स्वास्थ्य सिस्टम पर बोझ कम हो सकता है।
दुनियाभर में टीबी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है, लेकिन अब इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई में नई वैक्सीन गेमचेंजर साबित हो सकती है। अगर ट्रायल सफल रहे, तो आने वाले कुछ साल टीबी की बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।