राष्ट्रीय पोषण सप्ताह 2018 : सुबह खाएंगे एक कटोरी दलिया, तो नहीं होगी टाइप 2 डायबिटीज

अगर आप मधुमेह (टाइप 2) से पीड़ित हैं, तो सुबह में पौष्टिकता से भरपूर नाश्ता और रात में हल्का भोजन करें। इससे आपका रक्त शर्करा या ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित रहेगा।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : September 7, 2018 12:47 PM IST

यदि आप नाश्ते में एक कटोरी दलिया का सेवन करते हैं, तो आप डाइप-2 डायबिटीज के शिकार होने से बच सकते हैं। इसके साथ ही आप राई से बनी ब्रेड भी खा सकते हैं। हाल ही में स्वीडन स्थित चार्मर्स यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में एक अध्ययन किया गया। इस अध्ययन में यह कहा गया है कि जो लोग सुबह में एक कटोरी दलिया और राई से बनी ब्रेड का सेवन करते हैं, उनमें टाइप-2 डायबिटीज के शिकार होने का खतरा 34 फीसदी तक घट जाता है।

इसे भी पढ़ें- डायबिटीज है, तो बेफिक्र होकर खाएं ये फल

शोधकर्ताओं के अनुसार, दिन भर में 50 ग्राम समूचा अनाज जैसे गेहूं, राई, बाजरा, जौ या फिर चावल खाने से ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। यह इंसुलिन की कार्यक्षमता बढ़ाने में भी कारगर है। उन्होंने टाइप-2 डायबिटीज से बचाव के लिए आटे से बनी खाद्य वस्तुओं की बजाय समूचित आहार का सेवन बढ़ाने की नसीहत दी। इससे कोलेस्ट्रॉल का स्तर घटाने और दिल की बीमारियों को दूर रखने में भी मदद मिलती है।

इसे भी पढ़ें- डायबिटीज को करना है कम, तो बस दो दिन कीजिए यह काम

यह अध्ययन प्रोफेसर रिकर्ड लैंडबर्ग के नेतृत्व में किया गया। इस अध्ययन का नतीजा 15 वर्षों के गहन अध्ययन के बाद सामने आया है। लगातार 15 साल तक चले इस अध्ययन में 55,465 लोगों को शामिल किया गया। शोधकर्ताओं ने सभी प्रतिभागियों को नियमित रूप से अलग-अलग मात्रा में समूचे अनाज का सेवन करवाया। सबसे ज्यादा 50 ग्राम समूचा आहार लेने वाले पुरुषों के टाइप-2 डायबिटीज के चपेट में आने की आशंका 34 फीसदी तक कम मिली। महिलाओं में इस बीमारी के खतरे में 22 फीसदी की कटौती दर्ज की गई। अध्ययन के नतीजे ‘जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ के हालिया अंक में प्रकाशित हुए हैं।

इसे भी पढ़ें-  डायबिटीज में फूलती है सांस, जानें क्या है वजह

साल 2017 में जारी डेनमार्क टेक्निकल यूनिवर्सिटी के अध्ययन में समूचे अनाज को वजन घटाने में भी कारगर करार दिया गया था। शोधकर्ताओं ने पाया था कि समूचा अनाज धीमी गति से पचता है। इससे पेट लंबे समय तक भरा-भरा महसूस होता है। व्यक्ति कम कैलोरी का सेवन करता है और उसके मोटापे का शिकार होने का जोखिम घट जाता है।

डायबिटीज टाइप 2 और नाश्ता

एक नए शोध में यह बात सामने आई है कि सुबह शरीर के चयापचय का स्तर उच्च होता है इसलिए आप जब हेल्दी खाना खाते हैं, तब वह पूरी तरह से एनर्जी में बदल जाता है जिसके कारण आप सारा दिन एनर्जी के साथ काम कर पाते हैं। अगर आप मधुमेह (टाइप 2) से पीड़ित हैं, तो सुबह में पौष्टिकता से भरपूर नाश्ता और रात में हल्का भोजन करें। इससे आपका रक्त शर्करा या ग्लूकोज का स्तर नियंत्रित रहेगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source