अंतरिक्ष में स्टेम सेल्स तैयार कर रहा है NASA, कैंसर और ब्लड डिसऑर्डर के इलाज में मिलेगी मदद
अंतरिक्ष में NASA द्वारा एक अनोखा प्रयोग किया जा रहा है। नासा अंतरिक्ष में स्टेम सेल्स को तैयार कर रहा है। अगर नासा का यह प्रयोग सफल होता है तो आने वाले समय में इससे कैंसर और ब्लड डिसऑर्डर से जुड़ी बीमारियों का इलाज करने में आसानी हो सकती है।
क्या अंतरिक्ष में होने वाली रिसर्च धरती पर कैंसर के इलाज को बेहतर बना सकती है? वैज्ञानिकों की मानें तो इसका जवाब हां हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर वैज्ञानिक स्टेम सेल्स को अंतरिक्ष में विकसित करने का प्रयोग कर रहे हैं। इसका मकसद ऐसी बेहतर और ज्यादा संख्या में स्टेम सेल्स तैयार करना है, जिनका इस्तेमाल भविष्य में कैंसर, ब्लड कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में किया जा सके। अंतरिक्ष स्पेस एजेंसी नासा फिलहाल इसी प्रकार के स्टेम सेल्स को तैयार करने की तैयारी कर रही है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि ये स्टेम सेल्स जल्द ही तैयार होंगे और कैंसर के इलाज में मददगार साबित होंगे।
स्टेम सेल्स क्या होती हैं?
स्टेम सेल्स शरीर की खास कोशिकाएं होती हैं, जो जरूरत पड़ने पर दूसरी तरह की कोशिकाओं में बदल सकती हैं। इन्हें शरीर की "मरम्मत करने वाली कोशिकाएं" भी कहा जाता है। कई गंभीर बीमारियों के इलाज में इनका इस्तेमाल किया जाता है।
अंतरिक्ष में यह प्रयोग क्यों किया जा रहा है?
पृथ्वी पर स्टेम सेल्स को लैब में विकसित किया जाता है, लेकिन समय के साथ उनकी क्षमता कम होने लगती है। वे उतनी तेजी से बढ़ नहीं पातीं और उनकी गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि माइक्रोग्रैविटी (बहुत कम गुरुत्वाकर्षण) वाले वातावरण में स्टेम सेल्स बेहतर तरीके से विकसित हो सकती हैं और लंबे समय तक अपनी क्षमता बनाए रख सकती हैं।
इससे मरीजों को क्या फायदा होगा?
अगर यह रिसर्च सफल होती है तो इससे मरीज को विभिन्न प्रकार के फायदे होते हैंः
- कैंसर और ब्लड कैंसर के इलाज में मदद मिल सकती है।
- कीमोथेरेपी के बाद मरीजों के ब्लड सिस्टम को मजबूत किया जा सकेगा।
- ब्लड डिसऑर्डर और इम्यून सिस्टम से जुड़ी बीमारियों का इलाज बेहतर हो सकता है।
- भविष्य में स्टेम सेल थेरेपी आज के समय से ज्यादा प्रभावी और सस्ती भी हो सकती है।
ISS पर क्या हो रहा है?
ISS द्वारा साझा की गई तस्वीरों में नासा की अंतरिक्ष यात्री Jessica Meir स्टेम सेल्स से जुड़े प्रयोग पर काम करती नजर आ रही हैं। वैज्ञानिक अंतरिक्ष में तैयार की गई स्टेम सेल्स को फ्रीज करके पृथ्वी पर भेजेंगे। यहां विशेषज्ञ उनका विस्तार से अध्ययन करेंगे और जानने की कोशिश करेंगे कि अंतरिक्ष में विकसित हुई कोशिकाएं पृथ्वी पर विकसित कोशिकाओं से कितनी बेहतर हैं। अंतरिक्ष में हो रही यह रिसर्च अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि इससे भविष्य में कैंसर, ब्लड कैंसर और कई गंभीर बीमारियों के इलाज में बड़ा बदलाव आ सकता है।