Foot pain in winter: सर्दियों में क्यों होता है पैर में दर्द जानें इसके पीछे के कारण व इसका इलाज

Foot pain in winter: सर्दियों के दौरान कई बार लोगों को एड़ी व पैर में दर्द होना लगता है, जिसे लोग इग्नोर कर देते हैं। लेकिन वास्तव में कई बार यह किसी बड़ी बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसके बारे में इस लेख में बताने वाले हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : November 29, 2024 6:32 PM IST

Why foot pain in winter in hindi: सर्दियों में अक्सर लोगों को पैर में दर्द की समस्या का सामना करना पड़ता है। यह दर्द कभी हल्का होता है, तो कभी गंभीर रूप से परेशान करने वाला। वैसे तो पैरों का दर्द एक आम समस्या है, जो किसी भी उम्र के लोगों को परेशान कर सकती है। यह दर्द अक्सर व्यक्ति की दिनचर्या को प्रभावित करता है। यह दर्द केवल शारीरिक असुविधा ही नहीं, बल्कि मानसिक तनाव भी उत्पन्न कर सकता है। आइए जानते हैं पैर के दर्द के कुछ सामान्य कारण और इसके समाधान। विशेषज्ञ कहते हैं कि पैरों का दर्द कई कारणों से हो सकता है, लेकिन उचित आहार, गर्मी का ध्यान रखना, व्यायाम और चिकित्सीय सलाह से इस दर्द को नियंत्रित किया जा सकता है। मगर कई कारणों से सर्दी के मौसम में यह दर्द बढ़ जाता है और खासकर पुराने दर्द या गठिया से पीड़ित लोग अधिक प्रभावित होते हैं। इसलिए चलिए आज हम आपको बताते हैं, सर्दियों में पैर में दर्द होने के चार मुख्य कारण और उनके इलाज के बारे में।

मांसपेशियों व जोड़ों में जकड़न

सर्दियों में तापमान गिरने के साथ ही शरीर की मांसपेशियां और जोड़ों में सिकुड़न आ सकती है। जब तापमान कम होता है, तो शरीर की रक्त धारा धीमी हो जाती है, जिससे मांसपेशियां और जोड़ों में खिंचाव और दर्द महसूस होने लगता है। यह स्थिति खासकर बुजुर्गों और गठिया के मरीजों में ज्यादा होती है।

इलाज: गर्म पानी से स्नान करें, मसाज करें और हीटिंग पैड का उपयोग करें। इससे रक्त संचार बढ़ेगा और मांसपेशियों को आराम मिलेगा।

विटामिन डी की कमी

सर्दियों में सूर्य की किरणों की कमी होती है, जिससे शरीर में विटामिन डी का स्तर गिर जाता है। विटामिन डी की कमी से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं, जिससे जोड़ों और हड्डियों में दर्द और अकड़न महसूस होती है।

इलाज: विटामिन डी से भरपूर आहार जैसे दूध, अंडे और मछली का सेवन करें। इसके अलावा, डॉक्टर की सलाह से विटामिन डी के सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।

जोड़ों में सूजन

सर्दियों में तापमान में गिरावट से गठिया (अर्थराइटिस) की समस्या बढ़ सकती है। इस दौरान, जोड़ों में सूजन, अकड़न और दर्द होता है, क्योंकि ठंडे मौसम में सूजन और अधिक बढ़ जाती है।

इलाज: गर्म कपड़े पहने, नियमित रूप से हल्का व्यायाम करें, और डॉक्टर से सलाह लेकर सूजन कम करने के लिए दवाइयां या जड़ी-बूटियों का उपयोग करें।

रक्त संचार में कमी

सर्दियों में रक्त संचार में कमी होती है, क्योंकि ठंडे मौसम में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं। इससे पैरों में दर्द और सूजन हो सकती है, खासकर यदि आप ज्यादा समय तक एक ही स्थान पर खड़े रहते हैं या बैठे रहते हैं।

इलाज: सर्दियों में पैरों की अच्छे से देखभाल करें, पैरों की हल्की मसाज करें और पैर को गर्म रखने के लिए मोजे या गर्म कपड़े पहनें। यदि दर्द ज्यादा हो तो डॉक्टर से संपर्क करें।