hamburger icon
A
Read in English

उम्र के साथ कम हो रही है याददाश्त तो ये मल्टीविटामिन आएंगे आपके काम

50 की उम्र के पार मस्तिष्क को सेहतमंद और सुरक्षित रखने वाले विटामिन, खनिज और पोषक तत्वों का स्तर कम होने लगता है। ऐसे में सोच विचार, याद रखने और तर्क करने की क्षमता पर इसका असर पड़ता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Published : February 28, 2024 8:07 PM IST

उम्र बढ़ने के ​साथ-साथ अधिकांश लोगों की याददाश्त कमजोर होने लगती है। कभी वे अपनी कार की चाबियां रखकर भूल जाते हैं तो कभी जरूरी फाइलें नहीं मिलतीं। कई बार तो स्थिति यह भी हो जाती है कि लोग ये तक भूल जाते हैं कि उन्होंने मोबाइल फोन किससे बात करने के लिए उठाया था या वे क्या बात करने वाले थे। याददाश्त कमजोर होने के ​साथ ही कई बार लोग किसी भी बात का तुरंत जवाब नहीं दे पाते हैं या वे अपना तर्क पूरी क्षमता के साथ नहीं रख पाते। अगर आपके साथ अक्सर ऐसा होता है तो आपको संभलने की जरूरत है। ये सभी इस बात की ओर इशारा करते हैं कि आपकी मस्तिष्क की कार्यप्रणाली में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है। आमतौर पर यह स्थिति 50 की उम्र के बाद आती है। हालांकि आपकी कुछ कोशिशें इन समस्याओं को कम कर सकती हैं।

जानिए क्या कहते हैं शोध

शोध बताते हैं कि 50 की उम्र के पार मस्तिष्क को सेहतमंद और सुरक्षित रखने वाले विटामिन, खनिज और पोषक तत्वों का स्तर कम होने लगता है। ऐसे में सोच विचार, याद रखने और तर्क करने की क्षमता पर इसका असर पड़ता है। इन सभी परेशानियों से मल्टीविटामिन आपको बचा सकते हैं। शोध के अनुसार अगर आप युवा हैं और मानसिक सेहत के लिए मल्टीविटामिन का सेवन कर रहे हैं तो शायद इनका असर आप पर कम होगा। लेकिन उम्रदराज लोगों के लिए ये मल्टीविटामिन सहायक हो सकते हैं।

इसलिए होता है बुजुर्गों को लाभ

शोध के अनुसार बुजुर्गों पर मल्टीविटामिन का असर ज्यादा होने का कारण है उनके नेचुरल शारीरिक बदलाव। दरअसल, उम्र बढ़ने के साथ-साथ शरीर भोजन से पोषक तत्वों को ठीक से अवशोषित नहीं कर पाता है। ऐसे में 50 पार के लोगों को मल्टीविटामिन की जरूरत पड़ती है। वेक फॉरेस्ट स्कूल ऑफ मेडिसिन के वैज्ञानिकों के शोध के अनुसार शरीर में विटामिन की कमी के कारण याददाश्त कमजोर होती है। मल्टीविटामिन या सप्लीमेंट्स के जरिए आप इन कमियों को दूर कर सकते हैं। शोध में शोधकर्ताओं ने पाया कि 50 से अधिक उम्र के जिन लोगों ने छह माह तक लगातार मल्टीविटामिन खाएं, उनकी याददाश्त में सुधार हुआ।

ऐसे मदद करते हैं मल्टीविटामिन

वैज्ञानिकों का मानना है कि विटामिन आपके नर्वस सिस्टम को मजबूती से काम करने में मदद करते हैं। वहीं इनकी कमी से मस्तिष्क में ऐसे यौगिकों की कमी हो जाती है जो न्यूरॉन्स के बीच संबंध बनाने के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। विटामिन सी, ई और बीटा कैरोटीन एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। ये सभी मस्तिष्क की सूजन को कम करते हैं, जिससे मानसिक सेहत में सुधार होता है।

ये विटामिन हैं ब्रेन के लिए बेस्ट

शोध के अनुसार कुछ विटामिन ऐसे हैं जो न्यूरोलॉजिकल हेल्थ के लिए बेस्ट माने जाते हैं। इनके सेवन से बढ़ती उम्र के साथ होने वाली मानसिक परेशानियां कम होने में मदद मिलती है। इनमें विटामिन बी 12, विटामिन डी, ओमेगा -3 फैटी एसिड, विटामिन ई, फोलेट महत्वपूर्ण हैं। हालांकि किसी भी मल्टीविटामिन के सेवन से पहले आपको डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। इसी के साथ योग, मेडिटेशन के साथ ही पौष्टिक आहार भी आपके मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। इसलिए सिर्फ मल्टीविटामिन के भरोसे न रहकर अपनी लाइफस्टाइल में भी पॉजिटिव बदलाव करें।