लंबे समय से ठीक नहीं हो रहा मुंह का छाला कहीं Mouth Cancer का संकेत तो नहीं?

Warning signs of mouth cancer: मुंह में छाले होना कुछ मामलों में मुंह के कैंसर कैंसर का संकेत हो सकता है। डॉक्टर ने बताया कि कैसे पता लगाएं कि मुंह में होने वाले छाले किसी कैंसर का संकेत है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : January 30, 2026 3:13 PM IST

Cause of Mouth Cancer: मुंह में होने वाला कैंसर एक गंभीर समस्या है और पिछले दशक में इसके मामलों में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। इसके पीछे का यह कारण भी है कि पिछले कुछ समय में लोग धूम्रपान व तंबाकू के अन्य प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल ज्यादा करने लगे हैं और इस कारण से मुंह के कैंसर के मामलों में भी बढ़ोत्तरी देखी गई है। मुंह का कैंसर एक गंभीर समस्या है, इसमें कोई संदेह नहीं है लेकिन एक दिक्कत जो इसे और ज्यादा गंभीर बना देती है और वह है इसके शुरुआती लक्षण। दरअसल, माउथ कैंसर के शुरुआती लक्षण आमतौर पर मुंह के छाले की तरह ही होते हैं, जो शुरुआत में बहुत धीरे-धीरे बढ़ते हैं। मरीज को शुरुआत में एहसास नहीं हो पाता है, लेकिन जब ये लंबे समय तक बना रहता है और ठीक नहीं हो पाता है तो मरीज को लगने लगता है कि कोई गंभीर समस्या है। इसलिए यह नोटिस करना सबसे ज्यादा जरूरी है कि अगर मुंह के छाले हो रहे हैं, तो वे कितने समय तक रहते हैं और अगर लंबे समय तक मुंह का छाला बना रहता है और ठीक नहीं हो रहा है, तो आपको बिना किसी भी प्रकार की देरी किए जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

कैसे करें पहचान

जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया है कि मुंह के छाले और मुंह के कैंसर की शुरुआती स्टेज कई बार एक जैसी दिख सकती है। कई बार ऐसा होता है कि जब तक हमें ये महसूस होता है कि ये मुंह के छाले नहीं बल्कि माउथ कैंसर की शुरूआती स्टेज है। लेकिन तब जांच होने में देरी होने के कारण इलाज थोड़ा मुश्किल हो जाता है और मरीज को कुछ कॉम्पिकेशन का सामना करना पड़ता है।

तो अब बात आती है कि मुंह के कैंसर की पहचान कैसे करनी है, उदाहरण के लिए अगर आपके मुंह में छाले होने लगे हैं तो यह कुछ समय के लिए परेशान करने वाली स्थित होती है। लेकिन कुछ समय के बाद ये अपने आप ठीक हो जाते हैं, या फिर दवाएं लेकर आप इन्हें ठीक कर देते हैं। लेकिन अगर दवाओं से भी मुंह के छाले ठीक नहीं हो रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपको आगे जांच कराने की जरूत है। इसके अलावा भी कुछ लक्षण हो सकते हैं, जो मुंह के कैंसर का ही संकेत दे सकते हैं -

  • अगर मुंह का छाला विकसित हो चुका है, लेकिन दर्द नहीं है या बहुत कम है
  • मुंह के छाले वाले हिस्सा मोटा या सख्त बन गया है
  • हल्की ठेस लगने या खाना आदि खाते समय खून आना
  • धीरे-धीरे इसका आकार बड़ा हो रहा है और दर्द भी बढ़ने लगा है
  • छाले के ऊपर लाल, ग्रे या सफेद रंग की पपड़ी बनना जो उतर न रही हो

अगर किसी व्यक्ति को इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर के पास चले जाना चाहिए। इतना ही नहीं अगर आपको ये लक्षण नहीं दिख रहे हैं, लेकिन मुंह में हुआ छाला 3 हफ्तों तक भी ठीक नहीं हो रहा है, तो यह अच्छा संकेत नहीं है आपको जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए।

समय पर इलाज के फायदे

यह बात सच है कि कुछ लक्षण मुंह में छाले से मिलते-जुलते होने के कारण कई बार माउथ कैंसर की पहचान करने में देरी हो जाती है। पहचान जितनी देरी से हो पाती है, इलाज के उतना ही मुश्किल हो जाता है और ट्रीटमेंट सक्सेस रेट भी उतना ही कम हो जाता है। वहीं अगर समय पर बीमारी का पता चल जाए तो इलाज समय रहते शुरु हो जाता है, जिससे इलाज के दौरान कॉम्पलिकेशन यानी परेशानियां होने का खतरा कम हो जाता है और वहीं इलाज का सक्सेस रेट भी बढ़ जाता है।

किन कारणों से होता है माउथ कैंसर

यह सबसे जरूरी सवालों में से एक है, दरअसल कैंसर एक ऐसी बीमारी है जो जेनेटिक भी है और लाइफस्टाइल फैक्टर्स से भी जुड़ी है। लेकिन वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन की रिसर्च के अनुसार किसी भी तरीके से लिया गया तंबाकू मुंह के कैंसर का सबसे बड़ा कारण है। वहीं जिन लोगों के परिवार में पहले कैंसर हिस्ट्री रह चुकी है, उन्हें भी इसका खतरा बढ़ता है और कई बार अगर वे तंबाकू नहीं लेते हैं या स्मोकिंग नहीं करते हैं, तो भी उन्हें कैंसर हो सकता है।

वहीं अगर किसी के परिवार में पहले कैंसर हिस्ट्री रह चुकी है और वह तंबाकू या धूम्रपान भी करता है, तो उसे कई प्रकार के कैंसर जैसे माउथ कैंसर, गले का कैंसर और फेफड़ों का कैंसर, आंत का या कोलन कैंसर आदि होने का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है।

बचाव का तरीका

जेनेटिक कारणों से होने वाले माउथ कैंसर से पूरी तरह से बचाव करना अभी तक संभव नहीं हो पाया है। लेकिन धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहकर, हेल्दी लाइफस्टाइल हैबिट्स अपनाकर आप कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं। साथ ही समय जिन लोगों को कैंसर कि फैमिली हिस्ट्री है, उन्हें समय-समय पर जांच कराते रहना चाहिए, ताकि अगर कैंसर विकसित भी होता है तो उसे गंभीर होने से पहले ही कंट्रोल किया जा सके।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source