
विद्या शर्मा
विद्या शर्मा को डिजिटल मीडिया में लगभग 3 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता ... Read More
Medically Verified By: Dr Amit Chakraborty
oral cancer
आज के समय में मुंह के कैंसर के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चिंता की बात ये है कि ज्यादातर लोग इसे तब समझ पाते हैं जब बीमारी काफी आगे बढ़ चुकी होती है। एसएसओ हॉस्पिटल के हेड एंड नेक ऑन्को सर्जन डॉक्टर अमित चक्रवर्ती कहते हैं कि अगर माउथ कैंसर को शुरू में ही पकड़ लिया जाए तो इसका इलाज आसानी से किया जा सकता है और संभावना है कि मरीज पूरी तरह ठीक भी हो जाए।
दिक्कत सिर्फ इतनी है कि इसके शुरुआती लक्षण बहुत मामूली लगते हैं, इसलिए लोग नजरअंदाज कर देते हैं। इसलिए हमने डॉक्टर से पूछा कि मुंह के कैंसर के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं और उन्हें कैसे पहचाना जा सकता है। ताकि आपको जानकारी रहे। आइए बिना देर किए डॉक्टर से ही जानते हैं।
डॉक्टर कहते हैं कि अगर मुंह में दो हफ्ते (14 दिन) से अधिक समय तक कोई घाव या अल्सर ठीक न हो, मुंह के अंदर सफेद या लाल धब्बे दिखाई दें, गाल के अंदर गांठ या मोटापन महसूस हो, लगातार दर्द बना रहे, चबाने या निगलने में कठिनाई हो, दांत ढीले होने लगें, मुंह में सुन्नपन महसूस हो या बिना किसी स्पष्ट कारण के रक्तस्राव हो, तो ये मुख के कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं।
इसके अलावा आवाज में बदलाव, लगातार गले में दर्द या गर्दन में सूजन अथवा गांठ महसूस होने जैसे लक्षणों को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे किसी भी लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
धूम्रपान करना, तंबाकू, गुटखा या पान मसाला चबाना, नियमित रूप से शराब का सेवन करना तथा मुंह की स्वच्छता का ध्यान न रखना, मुख के कैंसर के खतरे को काफी बढ़ा देता है। हालांकि, जिन लोगों को किसी प्रकार का नशा नहीं है, उन्हें भी मुख का कैंसर हो सकता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी ओरल हेल्थ का नियमित रूप से ध्यान रखना जरूरी है।
अगर आप समय से पहले सावधानियां बरतना चाहते हैं और चाहते हैं कि मुंह का कैंसर न हो तो इसके लिए डॉक्टर के बताए इन तरीकों को अपनाएं-
हर महीने खुद भी अपने मुंह की जांच करने की आदत डालें। अगर मुंह में कोई घाव दो हफ्ते से अधिक समय तक ठीक न हो, लाल या सफेद धब्बे दिखाई दें या कोई अन्य असामान्य लक्षण नजर आए, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें। क्योंकि मुंह के कैंसर का शुरुआती अवस्था में पता चलने पर इसका सफलतापूर्वक उपचार संभव है और मरीज एक स्वस्थ एवं सामान्य जीवन जी सकता है।
डिस्कलेमर: मुंह का कैंसर कई कारणों से हो सकता है जैसे धूम्रपान, अल्कोहल का सेवन, तंबाकू और मुंह की सफाई न रखने से भी। ऐसे में दिन में दो बार ब्रश करने की आदत डालें। समय-समय पर डेंटल चेकअप करवाएं। अगर मुंह में दो हफ्ते से अधिक समय तक कोई गांठ, घाव या उभार बना रहे तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।