hamburger icon
A
Read in English

सदाबहार के फूल खाने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं? आयुष मंत्रालय ने बताया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करके बताया है कि सदाबहार के फूल खाने से सेहत को क्या- क्या फायदे मिलते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Updated : June 28, 2026 9:57 PM IST

भारत में पारंपरिक रूप से कई तरह के फूलों का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हीं फूलों में से एक है सदाबहार के फूल। सदाबहार के फूलों को नयनतारा या बारहमासी के नाम से भी जाना जाता है, एक ऐसा पौधा है जो लगभग हर घर में आसानी से देखने को मिलता है। सदाबहार का फूल सिर्फ देखने में आकर्षक नहीं होता है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बहुत फायदेमंद है। पिछले दिनों आयुष मंत्रालय ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सदाबहार के फूल खाने से सेहत को क्या- क्या फायदे मिलते हैं, इसकी जानकारी दी है। आज हम आपको इसी के बारे में बताने जा रहे हैं।

1. ब्लड शुगर को रखता है कंट्रोल

सदाबहार के फूलों को सबसे ज्यादा ब्लड शुगर यानि डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए जाना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और कई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि सदाबहार के फूलों में कई प्रकार के एक्टिव होते हैं, जो शरीर में ग्लूकोज को कंट्रोल में रखने में मदद करते हैं। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने अपने पोस्ट में कहा है कि सदाबहार के फूल खाने से ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह डायबिटीज की दवा का ऑप्शन है। यदि कोई व्यक्ति पहले से शुगर की दवा ले रहा है, तो बिना डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन करना खतरनाक हो सकता है।

2. घाव भरने में मददगार

सदाबहार की पत्तियों और फूलों का इस्तेमाल शरीर और चेहरे पर होने वाले छोटे घावों को भरने के लिए किया जाता है।

सदाबहार के फूलों में पाए जाने वाले एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण संक्रमण के खतरे को कम करने और घाव भरने की प्रक्रिया को तेज करते हैं।

3. हार्ट के लिए है फायदेमंद

कुछ अध्ययनों में यह बात सामने आई है कि सदाबहार के फूल खाने से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करता है। जो लोग नियमित रूप से एक सीमित मात्रा में सदाबहार के फूल का सेवन करते हैं उनके शरीर का ब्लड फ्लो सही रहता है। इससे हार्ट हेल्दी रहता है और हार्ट अटैक की समस्या भी कम देखने को मिलती है।

4. कैंसर की दवाएं बनती हैं

सदाबहार को खास बनाने वाली बात यह है कि इससे प्राप्त Vincristine और Vinblastine जैसे यौगिक कैंसर की दवाओं को बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। सदाबहार के फूलों से मिलने वाले यौगिक से कैंसर, विशेषकर ल्यूकेमिया और लिम्फोमा, की कीमोथेरेपी दवाई बनाई जाती है।

सेवन से पहले रखें ये सावधानियां

  1. सदाबहार एक औषधीय पौधा है, लेकिन यह पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जाता। इसमें मौजूद एक्टिव केमिकल्स शरीर पर गहरा असर डाल सकते हैं।
  2. जो डायबिटीज के मरीज जो पहले से किसी प्रकार की दवा का सेवन कर रहे हैं, उन्हें सदाबहार के फूलों को बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं खाना चाहिए।
  3. प्रेग्नेंट और ब्रेस्टीफीड कराने वाली महिलाओं, बच्चों को सदाबहार के फूलों का सेवन डॉक्टर से बातचीत करने के बाद ही करना चाहिए।

आयुष मंत्रालय के पोस्ट और विभिन्न रिसर्च के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि सदाबहार के फूल गुणकारी हैं, लेकिन किसी बीमारी का इलाज नहीं है। अगर आप सदाबहार के फूल खाना चाहते हैं तो इस बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।