
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : May 28, 2026 7:07 AM IST
Medically Verified By: Dr Yashica Gudesar
Image Credit : ChatGPT
ट्रैवलिंग का प्लान कितना भी एक्साइटिंग क्यों न हो, अगर उसी दौरान पीरियड्स आ जाएं तो महिलाओं के लिए सफर थोड़ा मुश्किल हो सकता है। लंबा सफर, बदलता मौसम, घंटों बैठना और साफ वॉशरूम की कमी कई बार महिलाओं को परेशान कर देती है। वहीं, इसकी वजह से वजाइनल इन्फेक्शन का भी खतरा रहता है। ऐसे में ट्रैवलिंग की तैयारी करने के दौरान कुछ पीरियड्स हाइजीन का भी ध्यान रखना चाहिए, ताकि सफर आरामदायक हो सके। इसकी जानकारी के लिए हमने द्वारका स्थिति मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की डायरेक्टर एंड यूनिट हेड, ऑब्टेस्टिक्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. यशिका गुदेसर से बातचीत की है।
डॉक्टर कहती हैं कि ट्रैवल के दौरान छोटी-छोटी गलतियां जैसे- लंबे समय तक एक ही पैड इस्तेमाल करना, हाथ साफ किए बिना पैड बदलना इत्यादि इंटिमेट हेल्थ पर असर डाल सकती हैं। इसलिए ट्रैवलिंग के दौरान कुछ जरूरी चीजों को बैग में रखना बहुत ही जरूरी हो जाता है। आइए विस्तार से जानते हैं-
अगर आप पीरियड्स के दौरान अपनी ट्रैवलिंग को सफल बनाना चाहते हैं, तो बैग में कुछ जरूरी चीजें रखें। आइए जानते हैं इन चीजों के बारे में-
Menstruation-Hygiene
अगर आप कहीं बाहर निकल रहे हैं, तो पीरियड्स के दौरान हमेशा जरूरत से ज्यादा पैड या टैम्पॉन साथ रखें। कई बार ट्रैवलिंग के दौरान सही ब्रांड या जरूरी प्रोडक्ट आसानी से नहीं मिल पाते हैं। इसलिए पैड्स रखना बहुत ही जरूरी होता है, ताकि ट्रैवलिंग के दौरान आपको पैड्स के लिए भटकना ना पड़े।
कई बार ट्रैवलिंग के दौरान रास्तों में साफ पानी नहीं मिल पाता है। ऐसे में क्लीनिंग के लिए पानी का अभाव हो सकता है। इसलिए अगर आप ट्रैवलिंग के लिए निकल रहे हैं, तो बिना खुशबू वाले इंटिमेट वाइप्स अपने बैग में जरूर रखें। यह काफी मददगार हो सकते हैं। ये सफाई बनाए रखने में मदद करते हैं।
पैड बदलने से पहले और बाद में हाथ साफ करना बेहद जरूरी है। ट्रैवल करते समय पानी ना मिलने की स्थिति में आप हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग कर सकते हैं। इससे बैक्टीरिया और इंफेक्शन का खतरा कम होता है।
यूज किए गए पैड को सही तरीके से डिस्पोज करने के लिए अपने बैग में छोटे से डिस्पोजल बैग जरूर रखें। इससे सफाई बनी रहती है और बदबू की समस्या भी नहीं होती है।
बैग पैक करते समय अपने बैग में एक्स्ट्रा अंडरवियर जरूर रखें। ये लंबे सफर में कभी भी जरूरत पड़ सकती है, इसलिए हमेशा एक-दो एक्स्ट्रा कॉटन अंडरवियर साथ रखना अच्छा माना जाता है।
डॉक्टर के अनुसार, ट्रैवल के दौरान लंबे समय तक बैठने, पसीना आने और साफ वॉशरूम की कमी की वजह से बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं। अगर सही हाइजीन न रखी जाए, तो खुजली, जलन और वेजाइनल इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
Disclaimer : अगर आपको पता है कि ट्रिप के दौरान पीरियड्स आने वाले हैं, तो पहले से पीरियड किट तैयार कर लें। इससे सफर के दौरान बार-बार चिंता नहीं होगी और आप ट्रिप को ज्यादा आराम से एंजॉय कर पाएंगी। पीरियड्स के दौरान ट्रैवल करना मुश्किल नहीं है, बस सही हाइजीन और थोड़ी तैयारी जरूरी है।