
Also Read
Medically Verified By: Dr Bilal Khan
Ghar Ke Andar Ki Air Quality: घर के अंदर की हवा की क्वालिटी बच्चे के स्वास्थ्य के लिए बहुत ही ज्यादा जरूरी होती है और कई बार यह बाहर के प्रदूषण से भी ज्यादा प्रभावी होता है। खासकर शिशु और छोटे बच्चे अपना ज्यादातर समय घर में ही रहते हैं, जिससे उनके विकसित हो रहे फेफड़े हवा में मौजूद माइक्रो पॉल्यूटेंट के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होते हैं। धूल, खाना पकाने से निकलने वाला धुआं, सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, घर के अंदर का धुआं और बारीक कण हमारे रहने की सभी जगहों में जमा हो सकते हैं। यही कारण है कि छोटे बच्चों वाले घरों में इनडोर एयर जोनिंग होना चाहिए। जिसका मतलब है घर या बिल्डिंग के अंदर हवा की गुणवत्ता को अलग-अलग हिस्सों या जोन में बांटकर उसे सुधारना।
आपको बता दें कि क्लीन एयर सैंक्चुअरी ऐसा कमरा होता है जहां घर के बाकी हिस्सों की तुलना में इनडोर प्रदूषकों का स्तर लगातार कम रखा जाता है। इसके लिए किसी बड़े निर्माण या बदलाव की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि सोच-समझ कर की गई योजना और नियंत्रित आदतें ही पर्याप्त होती हैं। शिशुओं और छोटे बच्चों के लिए यह स्थान नींद, खेल और शुरुआती विकास के दौरान बेहतर और सुरक्षित सांस लेने का वातावरण प्रदान कर सकता है। नारायणा हॉस्पिटल, गुरुग्राम के सीनियर कंसल्टेंट एवं प्रभारी पीडियाट्रिक्स एवं पीआईसीयू डॉक्टर बिलाल खान इस विषय पर क्या कहते हैं, आइए उन्हीं से जानते हैं।
इंडोर एयर जोनिंग का पहला कदम सही कमरे का चयन करना है। आदर्श रूप से यह बच्चे का बेडरूम या ऐसा शांत कमरा होना चाहिए जहां शिशु सबसे अधिक समय बिताता हो। व्यस्त सड़कों, रसोई या बाथरूम के पास स्थित कमरों से बचना बेहतर होता है, क्योंकि ये स्थान बाहरी प्रदूषण, खाना पकाने से निकलने वाले धुएं और नमी से अधिक प्रभावित होते हैं।
ऐसा कमरा जिसमें अच्छी प्राकृतिक वेंटिलेशन और धूप आती हो, अधिक उपयुक्त होता है, क्योंकि इससे नमी नियंत्रित रहती है और फफूंद बनने का खतरा कम होता है। मोल्ड और फंगस से जुड़े बैक्टीरिया छोटे बच्चों के लिए लंबे समय तक चलने वाली स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
कमरने के अंदर प्रदूषण के स्रोतों को नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। इस कमरे में अगरबत्ती, मोमबत्तियां, मच्छर कॉइल, एयर फ्रेशनर और तेज खुशबू वाले परफ्यूम जैसे प्रोडक्ट्स का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। सफाई के लिए हल्के, खुशबू-रहित क्लीनिंग एजेंट का सीमित मात्रा में प्रयोग करना बेहतर होता है। धूल जमा करने वाले मुलायम फर्निशिंग जैसे भारी कालीन, मोटे पर्दे और अतिरिक्त कुशन कम से कम होने चाहिए। सूखे झाड़ू लगाने के बजाय नियमित रूप से गीले कपड़े से सफाई करने से डस्ट पार्टिकल हवा में उड़ने से बचते हैं।
वेंटिलेशन को सावधानी से मैनेज करना भी जरूरी है। ताजी हवा जरूरी होती है, लेकिन खिड़कियां ऐसे समय खोली जानी चाहिए जब बाहर की हवा अन्य समय की तुलना में साफ हो, जैसे कई शहरी क्षेत्रों में सुबह जल्दी या देर शाम। पीक ट्रैफिक के समय या अधिक प्रदूषण वाले दिनों में खिड़कियां बंद रखना और नियंत्रित वेंटिलेशन पर निर्भर रहना ज्यादा सेफ होता है। क्रॉस-वेंटिलेशन उपयोगी हो सकता है, लेकिन इसे इस तरह संतुलित करना चाहिए कि प्रदूषित हवा सीधे कमरे में न खींच आए।
एयर फिल्ट्रेशन क्लीन एयर सैंक्चुअरी को और प्रभावी बना सकता है। ट्रू HEPA फिल्टर वाला अच्छी गुणवत्ता का एयर प्यूरीफायर हवा से बारीक कण, एलर्जी और कुछ सूक्ष्म जीवों को हटाने में सक्षम होता है। बच्चे के कमरे में इसका नियमित उपयोग, विशेष रूप से नींद के दौरान, एक स्थिर और साफ सांस लेने का वातावरण बनाए रखने में मदद करता है। प्यूरीफायर का आकार कमरे के अनुसार होना चाहिए और उसकी प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए फिल्टर समय पर बदलना आवश्यक है।
कई माता पिता कमरे की नमी और टेम्परेचर कंट्रोल करने के अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि ये इनडोर एयर क्वालिटी के लिए बहुत जरूरी होते हैं। अत्यधिक नमी से मोल्ड और डस्ट माइट्स पनपते हैं, जबकि बहुत शुष्क हवा श्वसन मार्ग में जलन पैदा कर सकती है।
क्लीन एयर सैंक्चुअरी बनाने का उद्देश्य बच्चे को अलग-थलग करना नहीं है, बल्कि उनके विकसित हो रहे फेफड़ों को एक अधिक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। भले ही पूरे घर में हर समय प्रदूषण को पूरी तरह नियंत्रित करना संभव न हो, लेकिन एक ऐसा कमरा जहां हवा लगातार साफ बनी रहे, विकास के सबसे संवेदनशील वर्षों में कुल प्रदूषण संपर्क को काफी हद तक कम कर सकता है। सरल और सोच-समझकर उठाए गए कदमों के माध्यम से, इनडोर एयर ज़ोनिंग शिशुओं और छोटे बच्चों के श्वसन स्वास्थ्य की रक्षाके लिए एक प्रभावी और मूल्यवान उपाय बन सकता है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।