
Also Read
Medically Verified By: Dr. Swati Singh
birth control pills (AI generated image)
बर्थ कंट्रोल पिल्स अनचाही प्रेगनेंसी से बचने का एक प्रभावी और सुरक्षित तरीका मानी जाती हैं। सही तरीके से इनका उपयोग करने पर अधिकांश महिलाओं को कोई गंभीर समस्या नहीं होती। हालांकि, बिना चिकित्सकीय सलाह के लंबे समय तक इनका सेवन करने या पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज करने पर कुछ दुष्प्रभाव और जोखिम बढ़ सकते हैं। इसलिए इन दवाओं के फायदे और संभावित नुकसान दोनों के बारे में जानकारी होना जरूरी है। बर्थ कंट्रोल पिल्स लेने वाली महिलाओं को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। डॉ. स्वाति सिंह, सीनियर कंसल्टेंट, आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल, दिल्ली से इस बारे में हम कुछ खास जानकारियां लेंगे।
अगर कोई महिला लंबे समय से बर्थ कंट्रोल पिल्स ले रही है, तो ऐसे में उसका स्वास्थ्य प्रभावित होने लगता है। शुरुआती महीनों में कुछ महिलाओं को मतली, सिरदर्द, स्तनों में भारीपन, मूड में बदलाव या हल्की स्पॉटिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अधिकतर मामलों में ये लक्षण कुछ महीनों के भीतर अपने आप कम हो जाते हैं। यदि ये लंबे समय तक बने रहें या बहुत ज्यादा परेशान करें, तो डॉक्टर से सलाह लेकर दवा बदलना बेहतर होता है।
लंबे समय तक बर्थ कंट्रोल पिल्स लेने से कुछ महिलाओं में ब्लड प्रेशर बढ़ने की संभावना हो सकती है। खासतौर जिन महिलाओं की उम्र 35 वर्ष से अधिक है, जो धूम्रपान करती हैं या पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, माइग्रेन या हृदय रोग से पीड़ित हैं, उनमें खून के थक्के, हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, स्वस्थ महिलाओं में यह जोखिम काफी कम होता है।
कई महिलाओं को यह चिंता रहती है कि लंबे समय तक पिल्स लेने से भविष्य में गर्भधारण करने में परेशानी होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश महिलाओं में पिल्स बंद करने के कुछ सप्ताह या महीनों के भीतर सामान्य ओव्यूलेशन फिर से शुरू हो जाता है और प्रजनन क्षमता वापस आ जाती है। हालांकि, ऐसा भी हो सकता है कि किसी महिला को पहले से ही इनफर्टिलिटी की समस्या है और बर्थ कंट्रोल पिल्स लेने के कारण उसे पता न हो।
AACR Journals की रिपोर्ट के अनुसार लंबे समय तक पिल्स लेने से स्तन और सर्वाइकल कैंसर का जोखिम कुछ हद तक बढ़ सकते हैं और जो आमतौर पर तब तक रहते हैं जब तक दवाओं का इस्तमाल हो रहा होता है। इसके अलावा जबकि ओवेरियन, एंडोमेट्रियल और कोलोरेक्टल कैंसर का खतरा कम हो सकता है। इसलिए किसी भी महिला के लिए पिल्स शुरू करने या लंबे समय तक जारी रखने का निर्णय उसकी उम्र, मेडिकल हिस्ट्री और व्यक्तिगत जोखिमों को ध्यान में रखकर ही लिया जाना चाहिए।
यदि पिल्स लेते समय अचानक सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, पैर में सूजन या तेज दर्द, अचानक धुंधला दिखाई देना, बोलने में कठिनाई, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या तेज सिरदर्द जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर लेना चाहिए ताकि स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं और ज्यादा गंभीर न हो पाएं और जल्द से जल्द उनका सही इलाज शुरु किया जाए।
बर्थ कंट्रोल पिल्स का इस्तेमाल हमेशा स्त्री रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। डॉक्टर पहले आपकी नियमित स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर की निगरानी, समय-समय पर फॉलो-अप और अपनी मेडिकल हिस्ट्री का पता करेंगे और फिर स्थिति के अनुसार आपको सही सलाह देंगे। हालांकि, बर्थ कंट्रोल पिल्स अधिकांश महिलाओं के लिए सुरक्षित और प्रभावी साबित होती हं, लेकिन बिना किसी सलाह के लंबे समय तक इनकासेवन करने से बचना चाहिए।
डिसक्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी उद्देश्य केवल शैक्षणिक एवं सूचनात्मक है, जिसमें यह बताया गया है कि बिना डॉक्टर की सलाह के बर्थ कंट्रोल पिल्स लेना कई बार स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। इस लेख में दी गई कोई भी जानकारी किसी भी समस्याके इलाज के लिए नहीं है और Thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।