
Also Read
Early Symptoms of Liver Disease in Hindi: आज के प्रदूषित वातावरण, अनियमित जीवन-शैली और मिलावटी खान पान के चलते लिवर पर सबसे अधिक दबाव पड़ता है। लिवर शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने का काम करता है, लेकिन जब हम जंक फूड, शराब, धूम्रपान और दवाओं का अत्यधिक सेवन करते हैं, तो यह अंग धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। इसके अलावा प्रदूषित हवा और पानी में मौजूद रसायन भी लिवर को नुकसान पहुंचाते हैं। यदि समय रहते लिवर की देखभाल न की जाए तो यह सिरोसिस, फैटी लिवर और हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। हालांकि जब लिवर धीमे-धीमे खराब होने लगता है, तो शरीर कुछ संकेत देने लगता है। खासतौर पर, सुबह के समय मल त्याग के दौरान कुछ लक्षण ऐसे होते हैं, जो लिवर डैमेज की ओर इशारा कर सकते हैं। इन्हें नजरअंदाज करना बेहद खतरनाक हो सकता है, तो चलिए इसके बारे में जाना जाए।
यदि सुबह के समय मल का रंग सामान्य भूरे से बहुत हल्का, पीला या सफेद दिखाई दे रहा है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि लिवर बाइल (पित्त रस) नहीं बना रहा है या वह आंतों तक नहीं पहुंच रहा। यह लिवर फेलियर या पित्त नली में रुकावट का लक्षण हो सकता है। इसलिए मल के रंग में किसी भी बदलाव को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
अगर आपको अपना मल अत्यधिक बदबूदार और चिकनापन दिखे, जो पानी में तैरता रहे, तो यह फैट डाइजेशन में रुकावट का संकेत है। इसका कारण लिवर की कार्यक्षमता में कमी हो सकती है। जिसे समय रहते पहचान कर बचाव किया जा सकता है। जिन लोगों को मल में असामान्य बदबू आती है, उन्हें इसे इग्नोर नहीं करना चाहिए।
यदि मल में खून आए या उसका रंग गहरा काला हो, तो यह लिवर सिरोसिस या आंतों में आंतरिक रक्तस्राव (गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग) का गंभीर संकेत हो सकता है। यह स्थिति खतरनाक होती है और तुरंत चिकित्सकीय जांच व उपचार की आवश्यकता होती है, अन्यथा जानलेवा भी हो सकती है।
सुबह के समय लगातार पेट में मरोड़, गैस, दस्त या असहजता महसूस होना लिवर में सूजन या इंफेक्शन जैसे हेपेटाइटिस का संकेत हो सकता है। यह समस्या पाचन क्रिया को प्रभावित करती है और लिवर की कार्यक्षमता को कमजोर करती है, इसलिए समय पर जांच और इलाज आवश्यक है।
अगर ये लक्षण बार-बार नजर आएं तो इन्हें अनदेखा न करें। लिवर डैमेज धीरे-धीरे होता है और अगर समय पर इलाज न हो तो यह अंग पूरी तरह से खराब हो सकता है। समय पर जांच और डॉक्टर से सलाह लेना ही आपकी सेहत का सबसे अच्छा बचाव है।
अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।