
Also Read
Liver Inflammation In Hindi: लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। इसका काम शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालना है। इसके अलावा, भोजन पचाने, मेटाबॉलिज्म को सही रखने और शरीर में ऊर्जा को स्टोर करने में भी लिवर की अहम भूमिका होती है। लेकिन आजकल के गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लिवर से जुड़ी बीमारियां लोगों में आम हो गई हैं। इन्हीं में से एक है लिवर में सूजन की समस्या। लिवर में सूजन का मतलब होता है लिवर का अपने सामान्य आकार से अधिक बढ़ जाना। लिवर में सूजन कई गंभीर स्वास्थ्य स्थितियों का संकेत हो सकता है। इसमें लिवर सिरोसिस, फैटी लिवर और लिवर कैंसर शामिल है। सही समय पर इलाज न करवाने पर लिवर डैमेज होने का भी खतरा रहता है। आइए, इस लेख में जानते हैं लिवर के सूजन के लक्षण, कारण और बचाव के उपाय -
लिवर में सूजन के लक्षण हर व्यक्ति के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। हालांकि, इस बीमारी के कुछ सामान्य लक्षणों में शामिल है -
त्वचा और आंखों का रंग पीला होना
हर समय थकान महसूस होना
पेशाब का रंग गहरा होना
पेट के दाहिने ऊपरी भाग में दर्द महसूस होना
स्किन में खुजली
उल्टी और मतली
मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होना
शराब - लंबे समय तक शराब का अत्यधिक सेवन करने से लिवर में सूजन हो सकती है।
संक्रामक रोग - हेपेटाइटिस बी और सी जैसे संक्रामक रोग लिवर में सूजन का कारण बन सकते हैं।
नॉन अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज - लिवर कोशिकाओं में फैट जमने से फैटी लिवर डिजीज होती है, जिसके कारण लिवर में सूजन हो सकती है।
अनुवांशिक रोग - कुछ अनुवांशिक रोग जैसे हेमो क्रोमैटोसिस या अल्फा-1 एंटीट्रिप्सिन के कारण लिवर में सूजन की समस्या हो सकती है।
ड्रग्स या टॉक्सिंस - कुछ टॉक्सिंस के अधिक मात्रा में प्रसंस्करण या कुछ दवाइयां जैसे एसिटामिनोफेन के लंबे समय तक लेने से लिवर में सूजन हो सकती है।
लिवर में सूजन की समस्या से बचने के लिए संतुलित और पौष्टिक डाइट लें। अपने आहार में ताजे फल, सब्जियां, प्रोटीन और साबुत अनाज को शामिल करें।
नियमित व्यायाम करने से वजन नियंत्रित रहता है और लिवर में सूजन की समस्या से बचा जा सकता है।
लिवर में सूजन की समस्या से बचने के लिए शराब का सेवन न करें।
हेपेटाइटिस से संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले बर्तनों, बिस्तर, कपड़ों या व्यक्तिगत चीजों के संपर्क में आने से बचें।
लिवर में सूजन की समस्या होने पर नींबू का सेवन काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो लिवर की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप गुनगुने पानी में नींबू का रस और शहद मिलाकर सेवन करें।