
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 25, 2018 3:47 PM IST
आपने फेफड़े का कैंसर, मुंह का कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर आदि के बारे में तो सुना होगा, पर क्या आपने कभी होंठों के कैंसर के बारे में सुना है? जी हां, लिप या होंठों पर भी कैंसर हो सकता है। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का नाम सुनकर कोई भी डर जाता है। इसका इलाज कराना भी आसान नहीं है। कई बार इसके लक्षणों को लोग समझ ही नहीं पाते और बाद में यह कैंसर के रूप में सामने आता है। अगर समय रहते शरीर में हो रहे बदलावों और लक्षणों के बारे में डॉक्टर से बताएं, तो काफी हद तक इसका इलाज संभव है।
कैंसर शरीर के किसी भी अंग और हिस्से में हो सकता है। ऐसे में यह मुंह के साथ ही होंठों पर भी कैंसर की कोशिकाएं अपना हमला बोल सकती हैं। लिप कैंसर होने पर खाने-पीने में भी बहुत परेशानी होने लगती है। होठों के कैंसर होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। जानिए इसके लक्षणों और होने के कारणों के बारे में-
उपचार आसान नहीं
होठों के कैंसर का उपचार आसान नहीं होता। पीड़ित व्यक्ति के होंठों पर घाव बनने लगते हैं। होठों से खून निकलने लगता है। कई बार तो यह घाव मुंह के अंदर की तरफ बढ़ने लगता है। ज्यादातर लोगों में यह नीचे के होठ में देखने को मिलता है।
क्या हैं लक्षण
-होठों के कैंसर से ग्रसित व्यक्ति के दांत ढीले होने लगते हैं।
-होंठों में सूजन और दर्द रहता है।
-होंठों और उसके आसपास से खून निकलने लगता है।
-होठों के ऊपर सफेद चकत्ते या लाल रंग के निशान हो जाते हैं।
-गले और मुंह में दर्द रहने लगता है।
-आवाज में बदलाव आ सकता है।
क्या हैं कारण
-तम्बाकू और गुटखे का सेवन करने वाले लोगों को होंठों का कैंसर होने का खतरा अधिक रहता है।
-जो लोग ओरल सेक्स अधिक करते हैं, उनमें भी इसके होने का खतरा बढ़ता है।
-सूर्य की किरणों में ज्यादा समय तक रहने से भी लिप्स कैंसर हो सकता है, क्योंकि सूरज की हानिकारक किरणें होंठों को नुकसान पहुंचाती हैं।
-सिगरेट या हुक्का पीने वालों में भी लिप कैंसर होने का खतरा अधिक रहता है।
चित्रस्रोत : Shutterstock.