
Also Read
Best Habits to Keep you Kidney Healthy: लोगों की जीवनशैली आजकल काफी खराब होती जा रही है, कुछ लोग दिन भर बैठे रहते हैं, तो कुछ लोगों का खानपान ही काफी खराब हो चुका है। यही कारण है कि लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी किसी न किसी प्रकार की समस्याएं होती रहती हैं। इस कारण से कुछ लोग बार-बार डॉक्टर के पास जाना पसंद नहीं करते हैं और खुद से ही मेडिकल स्टोर से दवाएं लेने लगते हैं और ऐसा करने से किडनी की बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसलिए सबसे पहले जरूरी है कि कोई भी दवा लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लें और उसके बाद अपनी किडनी का भी खास ध्यान रखें। कुछ आदतें हैं, जो आपको आपकी किडनी हेल्दी रखने में मदद कर सकती हैं और वे कुछ इस प्रकार हो सकती हैं -
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए शारीरिक रूप से एक्टिव रहना जरूरी है और इसलिए आपको रोजाना एक्सरसाइज करना चाहिए। व्यायाम के साथ-साथ आपको अन्य फिजिकल एक्टिविटी भी करते रहना चाहिए, जैसे खेल-कूद में भाग लेना, स्विमिंग, साइकिलिंग और डांस आदि करना। ये सभी फिजिकल एक्टिविटी आपके शरीर के वजन को भी कंट्रोल रखेंगी, जिससे किडनी को हेल्दी रहने में मदद मिलेगी।
ज्यादातर क्रोनिक बीमारियों किडनी को नुकसान पहुंचाती हैं, क्योंकि वे खुद किडनी पर अटैक करने के साथ-साथ उन्हें कंट्रोल करने के लिए ली जा रही दवाओं का प्रभाव भी किडनी पर ही पड़ता है। इसलिए हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज जैसी बीमारियों को कंट्रोल रखना जरूरी है और खासतौर पर इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
किडनी को हेल्दी रखने के लिए रोजाना पर्याप्त पानी भी बहुत ज्यादा जरूरी है। जब आप पर्याप्त पानी नहीं पी पाते हैं, तो इसका सीधा असर आपके गुर्दों पर पड़ने लगता है, जो कई बार बाद में गंभीर समस्याएं पैदा कर देता है। रोजाना कम से कम 8 गिलास पानी जरूर पीएं और 12 गिलास से ज्यादा पानी भी न पीएं।
जिन लोगों को शराब पीने, धूम्रपान करने या बार-बार बाहर की चीजें खाने की आदत है, तो उन्हें भी किडनी खराब होने का खतरा ज्यादा रहता है। ऐसे में अगर वे किसी बीमारी के कारण दवाएं लेते हैं, तो कई बार उनके गुर्दे उन दवाओं को भी सहन नहीं कर पाते हैं। इसलिए लाइफस्टाइल से जुड़ी कोई भी बुरी आदत आपको नहीं अपनानी चाहिए।
अन्य सभी बातों का ध्यान रखने के साथ-साथ किडनी को हेल्दी रखने के लिए नियमित रूप से डॉक्टर से जांच करा लेनी चाहिए। खासतौर पर अगर आपको कोई क्रोनिक बीमारी है या फिर आप किसी अन्य कारण से लंबे समय से दवाएं ले रहे हैं, तो किडनी की जांच समय-समय पर कराते रहना आपके लिए बहुत ज्यादा जरूरी है।