
... Read More
Written By: Atul Modi | Updated : February 27, 2024 6:09 PM IST
सेहतमंद रहने के लिए यह जरूरी है कि आपके शरीर को पर्याप्त मात्रा में सभी विटामिन मिलें। हर एक विटामिन के जिम्मे कुछ जिम्मेदारियां होती हैं। शरीर में जाकर ये अपना काम करते हैं। वहीं इनकी कमी से सेहत पर कई विपरीत प्रभाव भी पड़ने लगते हैं। ऐसे में कई बार लोग बिना ये जाने कि शरीर में कौनसा विटामिन कम है, अपनी समझ से ही विटामिन के सप्लीमेंट लेना शुरू कर देते हैं। लेकिन ऐसा करना भी आपको परेशानी में डाल सकता है, क्योंकि शरीर में विटामिन की अधिकता भी खतरनाक होती है।
शरीर में विटामिन्स की अधिकता के कारण शरीर में टॉक्सिसिटी हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में विटामिन ए, डी, के और ई के कारण आपको कई समस्याएं हो सकती हैं। ये सभी विटामिन वसा में घुलनशील होते हैं। अगर शरीर में इनकी मात्रा अधिक हो जाती है तो ये टॉक्सिसिटी का कारण बन सकते हैं। विटामिन टॉक्सिसिटी के कारण आपको मतली, उल्टी, सिरदर्द और कई बार अंग खराब होने का खतरा तक हो सकता है।
विटामिन सी आपकी स्किन के साथ ही पूरी सेहत में सुधार करता है। लेकिन कुछ विटामिन्स का ज्यादा सेवन आपका पाचन तंत्र बिगाड़ सकता है। खासतौर पर विटामिन सी की अधिकता दस्त, पेट में ऐंठन और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल का कारण हो सकता है। इसलिए विटामिन सी से युक्त खाद्य पदार्थों और इसके सप्लीमेंट्स सीमित मात्रा में ही खाने चाहिए।
वैसे तो विटामिन सी और कैल्शियम दोनों ही आपकी सेहत के लिए अच्छे रहते हैं, लेकिन इनकी अधिकता से किडनी स्टोन की परेशानी हो सकती है। विटामिन सी का सेवन जब आप अधिक मात्रा में करते हैं तो यह ऑक्सालेट में परिवर्तित हो सकता है। इसी के कारण किडनी स्टोन की परेशानी होने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही कैल्शियम सप्लीमेंट भी किडनी स्टोन का जोखिम बढ़ाते हैं।
विटामिन बी 12 और बी 6 हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी होते हैं। लेकिन इसकी अधिकता आपके नर्व सिस्टम को डैमेज कर सकती है। इस स्थिति को पेरिफरल न्यूरोपैथी कहा जाता है। इन विटामिन की अधिकता से हाथ-पैरों में झनझनाहट, सुन्नता, कमजोरी की शिकायत हो सकती है। इसलिए इसका सीमित सेवन ही करना चाहिए। कई बार इसके कारण चलने तक में परेशानी हो सकती है।
बिना सोचे समझे विटामिन ए का सेवन करना, आपके लिवर को खराब कर सकता है। विटामिन ए की अधिकता से लिवर को नुकसान हो सकता है, जिससे आपको हर समय थकान, कमजोरी, भूख न लगना और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं विटामिन डी की अधिकता से ब्लड में कैल्शियम का स्तर बढ़ सकता है, जिससे हड्डियों को नुकसान हो सकता है। विटामिन ई की अधिकता से रक्तस्राव का खतरा बढ़ सकता है।