hamburger icon
A
Read in English

पैरों और चेहरे पर सूजन जैसे और कौन से लक्षण हैं, जो किडनी रोगों का संकेत हो सकते हैं?

गुर्दे से जुड़ी समस्याओं के कुछ लक्षण ऐसे भी होते हैं, जिन्हें हम अक्सर सामान्य समझ लेते हैं। इस लेख में किडनी ट्रांसप्लांट एक्सपर्ट्स बताएंगे कि किस तरह ये सामान्य लक्षण कई बार खराब किडनी का संकेत भी हो सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : July 9, 2026 9:09 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Varun Mittal

किडनी हमारे शरीर का सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण अंगों में से एक है, जिसका प्रमुख काम शरीर से खराब विषैले पदार्थों और अतिरिक्त पानी को छानकर यूरिन के जरिए बाहर निकलता होता है। इसके अलावा शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बनाए रखने और ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित करने में भी यह काफी मदद करती है। लेकिन ये सभी काम करने के लिए आपकी किडनी का हेल्दी होना जरूरी है और इसलिए जब किसी कारण से किडनी ठीक से काम नहीं करती है तो ये बॉडी फंक्शन प्रभावित हो जाते हैं। ऐसे में शरीर में ऐसे कई संकेत दिखाई देने लगते हैं, लेकिन उन्हें हम कई बार सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याएं होने के पीछे कई बार हमारे द्वारा की जाने वाली यही सामान्य गलती होती है। डॉ. वरुण मित्तल, हेड ऑफ किडनी ट्रांसप्लांट एंड एसोसिएट चीफ, यूरो ऑन्कोलॉजी और रोबोटिक सर्जरी (यूनिट I), आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के अनुसार पैरों, टखनों और चेहरे पर सूजन होना आमतौर पर कई बार किडनी से जुड़े रोगों का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा भी कुछ ऐसे संकेत होते हैं जो किडनी की खराब होती सेहत की ओर इशारा कर सकते हैं, जिनके बारे में हम आगे जानेंगे।

किडनी रोग में सूजन क्यों होने लगती है

अगर सरल भाषा में समझें तो जब किडनी शरीर से पानी और सोडियम को बाहर नहीं निकाल पाती है, तब शरीर में यह धीरे-धीरे जमा होने लगता है। इस स्थिति का सीधा असर पैरों, टखनों ,हाथों और आंखों के पास सूजन के रूप में दिखाई देता है। यही कारण है कि किडनी के मरीजों में कई बार सुबह उठने पर आंखों के नीचे सूजन जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं।

पेशाब से जुड़े लक्षण

बहुत ही कम लोग यह अंदाजा लगा पाते हैं कि बार-बार यूरिन आना या बहुत कम यूरिन आना दोनों ही किडनी से जुड़ी किसी समस्या का संकेत हो सकते हैं। कुछ लोगों को रात में कई बार पेशाब आने लगता है, जबकि कुछ लोगों में यूरिन की मात्रा नॉर्मल दिनों के मुकाबले बहुत कम हो जाती है। इसके अलावा पेशाब में अगर झाग दिखाई दे, खून आए या पेशाब करते समय जलन महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

दिनभर थकान व कमजोरी महसूस होना

ज्यादातर लोगों को लगता है कि थकान व कमजोरी एक सामान्य समस्या है, बल्कि कई बार यह शरीर की किसी अंदरूनी समस्या का संकेत भी हो सकती है और किडनी डिजीज इनमें से एक है। जब किडनी ठीक से काम नहीं करती है तो शरीर में खराब पदार्थ जमा होने लगते हैं, इससे एनीमिया भी हो सकता है जिससे व्यक्ति हर वक्त थका हुआ महसूस करता है। इसलिए इस तरह के लक्षणों को भी इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए।

पाचन से जुड़े लक्षण

कुछ ऐसे लक्षण भी अक्सर देखे जाते हैं, जो आमतौर पर खराब पाचन से जुड़े होते हैं जैसे भूख कम लगना, उल्टी आना या जी मिचलाना। जबकि ये लक्षण जरूरी नहीं कि पाचन खराब होने के कारण हो, ऐसा भी हो सकता है कि कई बार स्वास्थ्य से जुड़ी किसी अंदरूनी समस्या के कारण हो रहे हों जिनमें किडनी से जुड़ी समस्याएं भी शामिल हैं। शरीर में खराब पदार्थ की जमा होने से पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिससे खाने पीने की इच्छा कम हो जाती है और मुंह का स्वाद भी बिगड़ जाता है।

त्वचा से जुड़े लक्षण

कुछ मामलों में कुछ-कुछ लोगों को त्वचा में लगातार खुजली हो रही होती है। इसका कोई कारण पता नहीं होता है कि ऐसा क्यों हो रहा है, तो यह भी किडनी की खराब कार्य क्षमता का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब किडनी की बीमारी होती है तो शरीर में खनिजों और खराब पदार्थों का संतुलन बिगड़ने से त्वचा शुष्क और खुजली डर हो सकती है।

अन्य समस्याएं

कुछ अन्य लक्षण भी हैं, जो कई बार किडनी से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकेत हैं जैसे बार-बार सांस फूलना, लगातार हाई ब्लड प्रेशर, मांसपेशियों में ऐंठन, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और वजन घटने जैसे लक्षण भी किडनी रोग से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि जरूरी नहीं है कि यह सिर्फ किडनी के बीमारी के बारे में बताता हो,इसलिए जांच के आधार पर ही निष्कर्ष निकलना चाहिए।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल किडनी से जुड़ी समस्याओं के लक्षणों से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किडनी रोग या फिर किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।