जोड़ों में दर्द होना कोई बीमारी नहीं बल्कि हो सकती है कैल्शियम की कमी, जानें कैसे पाएं इससे छुटकारा

Jodo me Dard ka Karan: शरीर के जोड़ों में दर्द होने के पीछे जरूरी नहीं है कि हर बार कोई बीमारी ही हो बल्कि हड्डियां कमजोर पड़ जाना भी इसके प्रमुख कारणों में से एक हो सकता है। इससे पीछा छुड़ाने के लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : November 2, 2025 10:51 AM IST

Jodo Mein Dard Kyon Hota Hai: बढ़ती उम्र के साथ शरीर का कमजोर पड़ जाना अलग होता है, लेकिन देखा जाता है कि आजकल कम उम्र के लोग यानी वयस्क और यहां तक कि बच्चे भी अक्सर जोड़ों में दर्द व हड्डियों के दर्द की शिकायत करने लगते हैं। ऐसा कई बार किसी अंदरूनी बीमारी के कारण हो सकता है, लेकिन ज्यादातर मामलों में यह खराब खानपान व अनहेल्दी लाइफस्टाइल आदि के कारण होता है। आजकल लोग घर का हेल्दी खाना खाने की बजाय बाहर खाने लगे हैं और फिजिकल एक्टिविटी करने की बजाय ज्यादातर समय फोन, कंप्यूटर या टीवी पर बिताने लगे हैं, जिसके कारण हड्डियां कमजोर पड़ने लगी हैं और जोड़ों में दर्द होने लगा है। कम उम्र में ही जोड़ों में दर्द रहना आमतौर पर इसका कारण हो सकता है। अगर आप भी इस तरह से जोड़ों के दर्द से परेशान हैं, तो हम आपको कुछ टिप्स बताने वाले हैं।

कैसे पाएं जोड़ों के दर्द से छुटकारा

जैसा कि हमने आपको ऊपर बताया है कि जोड़ों के दर्द से छुटकारा पाने के लिए सबसे पहले डॉक्टर से बात करना जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई बार जोड़ों में दर्द किसी बीमारी जैसे गठिया आदि के कारण हो सकता है और इसलिए डॉक्टर से इस बारे में बात करके उसकी पुष्टि करना जरूरी है। अगर जोड़ों में दर्द किसी बीमारी के कारण हुआ है, तो उसका इलाज शुरु करना पड़ सकता है। वहीं अगर हड्डियों में कमजोरी आदि के कारण हुआ है, तो आप डॉक्टर की मदद से सही डाइट व लाइफस्टाइल मैनेजमेंट कर सकते हैं।

कैसे करें दर्द की पहचान

वैसे तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है, लेकिन फिर भी हम आपको कुछ पहचान करा सकते हैं। अगर शरीर में कमजोरी व हड्डियां कमजोर होने के कारण ही जोड़ों में दर्द हो रहा है तो ऐसे में आमतौर पर घुटने, टखने आदि प्रभावित होते हैं। इनमें दर्द होने के साथ-साथ एड़ी के जोड़ व नीचे वाली हड्डी में भी दर्द होता है। अगर यही जोड़ प्रभावित हैं, तो ज्यादातर संभावना हड्डियों की कमजोरी की ही रहती है।

हड्डियों की कमजोरी कैसे दूर करें

अगर आपकी हड्डियां कमजोर पड़ गई हैं, तो उसके लिए आपको अपनी डाइट में कैल्शियम को बढ़ा होगा। लेकिन सिर्फ कैल्शियम से काम नहीं चलेगा उसके साथ-साथ विटामिन डी की भी जरूरत पड़ेगी। इसलिए अपने खाने में ऐसे फूड्स को शामिल करें जिनमें कैल्शियम और विटामिन डी खूब मात्रा में पाया जाता हो। इन दोनों के अलावा मैग्नीशियम, जिंक और प्रोटीन आदि भी हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है।

जरूरी शारीरिक गतिविधियां

सही डाइट के साथ-साथ उचित फिजिकल एक्टिविटी भी हड्डियों की मजबूती को बनाए रखने के लिए जरूरी है। इसिलए रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें। अगर आपको योग पसंद हैं, तो योगाभ्यास करें। नियमित व्यायाम भी हड्डियों को मजबूत बनाने में काफी मदद कर सकता है और हड्डियों से जुड़ी कई बीमारियां होने का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।