ब्रेस्ट में हो रही बार-बार खुजली कहीं कैंसर का संकेत तो नहीं? डॉक्टर ने किया महिलाओं को सावधान

Itching in Breast: स्तन में खुजली होने जैसी समस्याओं को महिलाएं अक्सर इग्नोर कर देती हैं, जबकि यह ब्रेस्ट कैंसर का संकेत भी हो सकता है और इसलिए जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

ब्रेस्ट में हो रही बार-बार खुजली कहीं कैंसर का संकेत तो नहीं? डॉक्टर ने किया महिलाओं को सावधान
VerifiedVERIFIED By: Dr. Farheen Khan

Written by Mukesh Sharma |Published : December 31, 2025 11:09 AM IST

Symptoms of Breast Cancer: महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर एक बहुत बड़ी चुनौती बनता जा रहा है और इसलिए जरूरी है कि इसके बारे में ज्यादा से ज्यादा अवेयरनेस हो। क्योंकि शुरुआती लक्षणों की ठीक से पहचान न हो पाने के कारण ही यह तेजी से बढ़ जाता है, जिसके स्थिति कई बार जानलेवा बन जाती है। डॉ. फरहीन खान कंसल्टेंट ब्रेस्ट एंड एंडोक्राइन सर्जरी, मणिपाल हॉस्पिटल, गाजियाबाद के अनुसार ब्रेस्ट कैंसर आमतौर से स्तन में गांठ के साथ शुरू होता है। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य लक्षण विकसित होने लगते हैं जैसे ब्रेस्ट का कोई हिस्सा लाल होना, निप्पल की बनावट में बदलाव, स्तन की त्वचा में दरारें दिखने लगना और मरीज को बेचैनी व दर्द रहना आदि।

हालांकि, जरूरी नहीं है कि ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआत में ये सभी लक्षण दिखें क्योंकि कई बार लक्षण इतने मामूली होते हैं कि उनका पता ही नहीं चल पाता है। ब्रेस्ट में खुजली होना भी एक ऐसा ही लक्षण है, जो कई बार ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकता है, लेकिन कई बार शुरुआत में इसे सामान्य समझ कर इग्नोर कर दिया जाता है। कैंसर रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, ब्रेस्ट कैंसर के कई अलग प्रकार होते हैं। इन्फ्लेमेटरी ब्रेस्ट कैंसर और पैजेट डिजीज ऑफ ब्रेस्ट आदि। इस तरह के लक्षण त्वचा के लाल पड़ने, खुजली होने या त्वचा में होने वाले अन्य परिवर्तनों के साथ शुरू हो सकते हैं।

महिलाओं में आम बन चुका ब्रेस्ट कैंसर

ब्रेस्ट कैंसर रिसर्च फाउंडेशन से मिले डेटा में सामने आया है कि ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं में पाया जाने वाला सबसे आम कैंसर है। दुनिया के 185 देशों में से 157 देशों में महिलाओं में सबसे ज्यादा इसी कैंसर का निदान हुआ है। इसलिए स्तन कैंसर के लक्षणों को नजरंदाज करने से इलाज में देरी हो सकती है और उसका परिणाम यही होगा कि यह कैंसर धीरे-धीरे चुपचाप बढ़कर गंभीर हो जाएगा।

Also Read

More News

(और पढ़ें - महिलाओं में 30 की उम्र के बाद होने वाली बीमारियां)

क्यों चिंताजनक है ब्रेस्ट कैंसर

डॉ. फरहीन के अनुसार ब्रेस्ट में होने वाली खुजली को सामान्य समझ लिया जाता है, जबकि ब्रेस्ट की स्किन और टिश्यू आपस में जुड़े होते हैं और ऐसे में लगातार खुजली होना या खुजली का बढ़ना सामान्य नहीं हो सकता है। बल्कि यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है। ब्रेस्ट इन्फेक्शन, इन्फ्लेमेटरी डिजीज या स्तन कैंसर के प्रमुख संकेत ब्रेस्ट में खुजली होना या स्किन का लाल पड़ जाना ही है।

हालांकि, ऐसा नहीं है कि ब्रेस्ट में खुजली के सारे मामले कैंसर ही होते हैं, लेकिन अगर खुजली लंबे समय से है और बढ़ती जा रही है तो यह एक चिंताजनक विषय की ओर इशारा करती है। विशेष तरह के स्तन कैंसर का शुरुआती संकेत खुजली ही होती है।

(और पढ़ें - ब्रेस्ट कैंसर के शुरूआती लक्षण)

क्या सावधानियां बरते

डॉ. फरहीन के अनुसार अगर आपको ब्रेस्ट में किसी भी तरह का कोई भी लक्षण दिखता है, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से इस बारे में संपर्क करना चाहिए। जानें कुछ ऐसे लक्षण जिन्हें गलती से भी इग्नोर नहीं किया जाना चाहिए -

  • खासतौर पर अगर एक ब्रेस्ट में खुजली हो रही है, तो सावधान हो जाएं क्योंकि कैंसर के कारण अक्सर एक ही ब्रेस्ट में खुजली होती है।
  • ब्रेस्ट के आकार या आकृति में कोई भी बदलाव होना, इसकी नियमित रूप से जांच जरूर करते रहें।
  • निप्पल में खुजली या रिसाव होना, निप्पल का अंदर की तरफ धंस जाना

अगर आपको इस तरह का कोई भी लक्षण दिख रहा है, तो आपको खुद इलाज करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। क्योंकि कई बार लोग इसे इन्फेक्शन समझ लेते हैं और एंटीफंगल दवाओं का इस्तेमाल करने लगते हैं। जबकि ऐसे में सबसे पहले डॉक्टर से जांच करवा लेनी चाहिए।

इलाज के विकल्प

ब्रेस्ट कैंसर का इलाज अलग-अलग स्थितियों पर जैसे स्थिति कितनी गंभीर है, मरीज की उम्र क्या है और ब्रेस्ट कैंसर किस कारण हुआ है आदि पर निर्भर करता है। इन्फेक्शन या इन्फ्लेमेशन के कारण अगर ज्यादा खुजली हो जाती है, तो उसे दवाओं की मदद से ठीक किया जा सकता है, लेकिन उसके साथ-साथ कैंसर का इलाज भी चलता रहेगा। ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में आमतौर पर कीमोथेरेपी, इम्युनोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी आदि शामिल हैं। अगर शुरू में लक्षणों को नजरअंदाज कर दिया गया था, तो ऐसे में कैंसर फैल जाता है उसकी स्टेज बढ़ जाती है। कैंसर जितना फैलता है उसका इलाज उतना ही मुश्किल होता है और मरीज को कॉम्प्लिकेशन होने का खतरा उतना ही ज्यादा बढ़ जाता है।

TRENDING NOW

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।