Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
- लेटेस्ट
- डिज़ीज़
- डाइट
- फिटनेस
- ब्यूटी
- घरेलू नुस्खे
- वीडियो
- पुरुष स्वास्थ्य
- मेंटल हेल्थ
- सेक्सुअल हेल्थ
- फोटो स्टोरी
- आयुष
- पेरेंटिंग
- न्यूज
Diabetes Ke Kya Lakshan Hain: डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जो धीरे-धीरे शरीर के कई अंगों को प्रभावित करती है। इसके शुरुआती लक्षण अक्सर हल्के होते हैं, जिन्हें लोग नजरअंदाज कर देते हैं। इन्हीं लक्षणों में से एक है बार-बार पेशाब आना। कई लोग इसे सामान्य मान लेते हैं, लेकिन यह संकेत शरीर में बढ़े हुए ब्लड शुगर लेवल की ओर इशारा कर सकता है। थोड़ा विस्तार से जानकर आप तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए हमने आकाश हेल्थकेयर सीनियर कंसल्टेंट, एंडोक्रिनोलॉजिस्ट डॉक्टर मोनिका शर्मा से बात की।
उन्होंने कहा कि ‘दरअसल, जब शरीर में ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है, तो किडनी उसे फिल्टर करने की कोशिश करती है। जब शुगर की मात्रा ज्यादा हो जाती है, तो किडनी उसे पूरी तरह रीअब्जॉर्ब नहीं कर पाती और अतिरिक्त ग्लूकोज यूरिन के जरिए बाहर निकलने लगता है। इस प्रक्रिया में शरीर अधिक पानी का उपयोग करता है, जिससे बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है। इसे मेडिकल भाषा में पॉली यूरिया (Polyuria) कहा जाता है।’ आइए अब हम इस बारे में थोड़ा विस्तार से जानते हैं।
डॉक्टर बताती हैं कि ‘बार-बार पेशाब आना डायबिटीज का एक आम और शुरुआती लक्षण हो सकता है। जब ब्लड शुगर बढ़ता है, तो शरीर अतिरिक्त ग्लूकोज को यूरिन के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है, जिससे पेशाब की मात्रा और आवृत्ति दोनों बढ़ जाती हैं। अगर इसके साथ बार-बार प्यास लगना, थकान या अचानक वजन कम होना जैसे लक्षण भी दिखें, तो तुरंत शुगर टेस्ट कराना चाहिए।’
डायबिटीज में बार-बार पेशाब आना खासतौर पर रात के समय ज्यादा परेशान करता है। इसे नोक्टूरिया कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति को रात में कई बार उठकर बाथरूम जाना पड़ता है। इससे नींद प्रभावित होती है और दिनभर थकान महसूस होती है।
हालांकि, हर बार पेशाब आना डायबिटीज का संकेत नहीं होता। अधिक पानी पीना, कैफीन या अल्कोहल का सेवन, यूरिन इन्फेक्शन (UTI), या कुछ दवाइयों के कारण भी यह समस्या हो सकती है। इसलिए लक्षणों को समझना और सही समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है।
डॉक्टरों के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति दिन में 7-8 बार से ज्यादा पेशाब जा रहा है या रात में बार-बार उठना पड़ रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर अगर इसके साथ प्यास ज्यादा लगना, धुंधला दिखना या बार-बार भूख लगना जैसे संकेत भी हों, तो यह डायबिटीज की ओर इशारा कर सकता है।
डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए सबसे जरूरी है लाइफस्टाइल में सुधार। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय पर दवा लेने से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही, नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराना भी जरूरी है ताकि स्थिति पर नजर रखी जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय रहते कदम उठाना गंभीर जटिलताओं से बचा सकता है। किडनी, आंखों और दिल पर डायबिटीज का असर लंबे समय में खतरनाक हो सकता है, इसलिए शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को नजरअंदाज न करें। बार-बार पेशाब आना सामान्य भी हो सकता है, लेकिन अगर यह लगातार बना रहे और अन्य लक्षणों के साथ दिखे, तो यह डायबिटीज का संकेत हो सकता है। ऐसे में समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित कदम है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।