hamburger icon
A
Read in English

क्या सिर्फ पानी पीना काफी है? जानें गर्मी में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के लक्षण

हम में से की लोग मानते हैं कि सिर्फ पानी पीने से गर्मी की परेशानियों को कम कर सकते हैं। लेकिन असल में ऐसा नहीं होता है। इस लेख में हम इसी विषय पर विस्तार से जानेंगे कि आखिर इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पानी पीने के बाद भी क्यों होती है और इसके लक्षण क्या हैं?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Updated : June 23, 2026 11:56 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. K. Seshi Kiran

Electrolyte imbalance symptoms : गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है। अधिकतर लोग मानते हैं कि गर्मी से राहत पाने के लिए सिर्फ पानी पीना ही काफी होता है, लेकिन तेज गर्मी, अधिक पसीना आने या लंबे समय तक बाहर रहने पर सिर्फ पानी हमेशा पर्याप्त नहीं होता। ऐसी स्थिति में शरीर से इलेक्ट्रोलाइट्स भी निकल जाते हैं, जिनकी कमी कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।

इलेक्ट्रोलाइट्स ऐसे मिनरल्स होते हैं, जो शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने, नसों और मांसपेशियों को सही ढंग से काम करने तथा दिल की धड़कन को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इनमें मुख्य रूप से सोडियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और क्लोराइड शामिल हैं। जब हम अधिक पसीना बहाते हैं, तो शरीर से पानी के साथ-साथ ये जरूरी खनिज भी बाहर निकल जाते हैं।

इस विषय की अधिक जानकारी के लिए हमने हैदराबाद स्थित यशोदा हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट जनरल फिजिशियन डॉक्टर के सेशी किरण से बातचीत की है। आइए जानते हैं क्या कहती हैं एक्सपर्ट?

इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के लक्षण क्या हैं?

डॉ. के. शेषी किरण का कहना है कि अगर गर्मी में सिर्फ पानी पिया जाए और इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति न की जाए, तो शरीर में इन मिनरल्स की कमी हो सकती है। इसके सामान्य लक्षण निम्न हैं-

Electrolyte imbalance Electrolyte imbalance

  • बार-बार मांसपेशियों में ऐंठन जैसा महसूस होना।
  • शरीर में काफी कमजोरी और थकान होना।
  • चक्कर आना या सिर हल्का महसूस होना
  • सिरदर्द की परेशानी होना।
  • बहुत ज्यादा प्यास लगना और मुंह सूखना
  • दिल की धड़कन का अनियमित होना
  • पेशाब कम आना या गहरे रंग का होना
  • गंभीर मामलों में भ्रमया बेहोशी, इत्यादि।

क्या कहती है रिसर्च

अमेरिका की क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक, इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में तरल पदार्थों के संतुलन, मांसपेशियों के कार्य और नर्व सिग्नलिंग के लिए जरूरी होते हैं। इनकी कमी से कमजोरी, मांसपेशियों में ऐंठन, अनियमित हार्ट बीट और न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं।

वहीं, मायो क्लीनिक के मुताबिक, शरीर से काफी ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी और सोडियम दोनों की कमी हो सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का खतरा बढ़ जाता है।

इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति कैसे करें?

डॉक्टर का कहना है कि अगर आपको इसके लक्षण हल्के लग रहे हैं, तो आप घर में कुछ बातों का ध्यान रखकर स्थिति में सुधार कर सकते हैं, जैसे-

  1. ओआरएस का सेवन करें।
  2. नारियल पानी पिएं।
  3. संतुलित स्पोर्ट्स ड्रिंक लें।
  4. केला, टमाटर, संतरा और तरबूज जैसे पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थ खाएं।
  5. जरूरत के अनुसार नमक युक्त भोजन लें।
  6. लंबे समय तक धूप में रहने के बाद सिर्फ पानी पर निर्भर न रहें, इत्यादि।

हालांकि, स्पोर्ट्स ड्रिंक का उपयोग सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही करें, क्योंकि इनमें अतिरिक्त चीनी भी हो सकती है।

Disclaimer : गर्मी के मौसम में सिर्फ पानी पीना हर स्थिति में पर्याप्त नहीं होता। अधिक पसीना आने पर शरीर को पानी के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स की भी जरूरत होती है। समय रहते इनके कमी के संकेत पहचानकर सही तरीके से हाइड्रेशन बनाए रखना डिहाइड्रेशन और अन्य गंभीर जटिलताओं से बचाने में मदद कर सकता है।