
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : February 5, 2026 1:03 PM IST
cracking knuckle
Is cracking your knuckles good for you : आपने अक्सर कई लोगों को अपनी उंगलियां चटकाते हुए देखा होगा। यह एक ऐसी आदत है, जो काफी अजीब भी लगती है। हालांकि, जिन्हें यह आदत होती है वे उंगलियों को चटका कर थोड़ी रिलैक्स महसूस करते है। किसी को वह आवाज संतोषजनक लगती है। उंगलियों को चटकानेसे जो आवाज निकलती है, उससे ऐसा लगता है जैसे कोई हड्डी चटक गई हो। कुछ लोग कहते हैं कि ऐसा करना नुकसानदायक साबित हो सकता है। खैर, इस आर्टिकल में हम आपको यही बताने जा रहे हैं कि उंगलियों की हड्डियां चटकाना क्या वाकई नुकसानदायक साबित होता है या यह सिर्फ एक मिथ है।
जब उंगलियां चटकाई जाती हैं, तो इससे एक तेज आवाज आती है। जो किसी लकड़ी के टूटने जैसा साउंड करती है। आपने बुजुर्ग लोगों को कहते सुना होगा कि उंगलियों को चटकाना सही नहीं होता है। खैर, इसकी आवाज की बात करें तो यह असल में जोड़ के अंदर फिजिक्स का एक नतीजा है। दरअसल, जब जोड़ को तेजी से खींचा जाता है, तो इससे साइनोवियल फ्लूइड (आपके जोड़ों के बीच का चिकनाई वाला पदार्थ) के अंदर का दबाव तेजी से कम हो जाता है। दबाव में इस कमी से घुली हुई गैसें छोटे-छोटे बुलबुले बनाती हैं। डॉक्टर्स के मुताबिक, जैसे ही ये बुलबुले बनते और तुरंत फटते हैं, वे खास 'पॉप' यानी टक की आवाज़ पैदा करते हैं।
डॉक्टर्स के मुताबिक, जब आप अपनी उंगलियां चटकाते हैं, तो पॉपिंग की आवाज़ हड्डियों के आपस में रगड़ने से नहीं आती है। यह कैविटेशन नाम की एक प्रोसेस की वजह से होती है। जहां जोड़ को तेजी के साथ खींचने से साइनोवियल फ्लूइड के अंदर का दबाव कम हो जाता है, जिससे गैस के बुलबुले बनते हैं और फिर वे फट जाते हैं। उंगलियों के जोड़ों में होने वाला यह अचानक बदलाव जानी-पहचानी 'पॉप' की आवाज़ पैदा करता है।
आपने कुछ लोगों को कहते सुना होगा कि उंगलियों को मत चटकाओ, क्योंकि इससे बुढ़ापे में हाथ कांपने लगेंगे या गठिया हो जाएगा। हालांकि, डॉक्टर्स कहते हैं कि मेडिकली इन बातों में कोई सच्चाई नहीं है। दरअसल, यह सिर्फ एक हेल्दी जोड़ के अंदर फ्लूइड और दबाव की प्रतिक्रिया होती है। इसलिए डॉक्टर्स की मानें, तो उंगलियों के चटकाने से गठिया की समस्या नहीं होती है।
भले ही उंगलियों के चटकने से गठिया की समस्या नहीं होती है, लेकिन फिर भी कुछ चीजों को देखते हुए चेतावनी दी जाती है कि उंगलियां चटकाना हर बार सेफ नहीं होता है। दरअसल, रिसर्च से पता चलता है कि कभी-कभी उंगलियां चटकाने से गठिया नहीं होता है, हालांकि बार-बार जोर से चटकाने से आसपास के टिशूज़ में जलन हो सकती है या समय के साथ पकड़ की ताकत कम हो सकती है। ऐसे में रोज-रोज उंगलियों को चटकाने से बचें।