hamburger icon
A
Read in English

सीने का दर्द गैस है या हार्ट अटैक का संकेत? जानें दोनों में कैसे करें सही पहचान

सीने के दर्द को अक्सर लोग हृदय रोगों से जोड़ देते हैं। जबकि, यह गैस की वजह से भी हो सकता है। लेकिन, सीने का दर्द गैस है या हार्ट अटैक का संकेत, ऐसे करें पता-

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : July 13, 2026 4:56 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Rahul Mehrotra

Chest Pain: क्या आपको बार-बार सीने में दर्द होता है और आप हर बार इस दर्द को हार्ट अटैक समझकर डर जाते हैं? अगर हां, तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि सीने का दर्द हर बार हार्ट अटैक नहीं होता है। कई बार गैस की वजह से भी आपको सीने में दर्द महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को ज्यादा मसालेदार, बासी या तला हुआ खाना खाने के बाद भी सीने में दर्द हो सकता है। अब आप सोच रहे होंगे कि फिर इस स्थिति में कैसे पता लगाए कि सीने का दर्द हार्ट अटैक का संकेत है या ऐसा महज गैस की वजह से हो रहा है? तो आइए, इस बारे में आर्टेमिस हॉस्पिटल्स के एनआईसी एंड क्लिनिकल कार्डियोलॉजी के चीफ डॉ राहुल मेहरोत्रा से जानते हैं-

गैस का दर्द

जब गैस की वजह से सीने में दर्द होता है, तो यह आमतौर पर सुई चुभने जैसा हो सकता है। यह दर्द तेज और रुक-रुककर महसूस हो सकता है। गैस का दर्द, छाती या पेट के ऊपरी हिस्से में एक से दूसरी जगह खिसकता हुआ महसूस हो सकता है। दर्द के साथ ही डकार आना, पेट फूलना या ब्लोटिंग, गैस निकलना जैसे लक्षण भी महसूस हो सकते हैं। अगर इस तरह का दर्द हो रहा है और बार-बार डकार आ रही है, तो यह गैस की वजह से हो सकता है। गैस की वजह से खाना पचाने में मुश्किल हो सकती है और कुछ लोगों को कब्ज, अपच या खट्टी डकार जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

हार्ट अटैक का दर्द

सिर्फ गैस की वजह से नहीं, हार्ट अटैक आने पर भी सीने में दर्द महसूस हो सकता है। लेकिन, हार्ट अटैक का दर्द काफी अलग महसूस हो सकता है। जब हार्ट अटैक की वजह से सीने में दर्द होता है, तो यह सामान्य दर्द से अलग हो सकता है। यह दर्द सीने के बीचों-बीच तेज दबाव के साथ हो सकता है। हार्ट अटैक की वजह से सीने में जकड़न और भारीपन भी हो सकता है। हार्ट अटैक की वजह से होने वाला सीने का दर्द लंबे समय तक बना रह सकता है। कुछ लोगों में यह दर्द बाएं हाथ, कंधे, गर्दन, जबड़े और पीठ तक भी फैल सकता है। इसके साथ, सांस फूलना, ठंडा पसीना, मतली, कमजोरी, थकान, चक्कर या घबराहट जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।

आमतौर पर गैस की वजह से सीने में दर्द तीखा या मसालेदार खाना खाने के बाद शुरू हो सकता है। वहीं, अगर सीढ़ियां चढ़ने या कोई फिजिकल एक्टिविटी करने के बाद बार-बार सीने में दर्द हो, तो यह हार्ट अटैक  या किसी हृदय रोग का संकेत हो सकता है। हार्ट अटैक का दर्द कभी-कभी अचानक से आराम करने के दौरान भी उठ सकता है।

Disclaimer: वैसे तो गैस और हार्ट अटैक की वजह से होने वाला सीने का दर्द, अलग-अलग होता है। लेकिन, अगर आपको दर्द में फर्क समझ नहीं आ रहा है, तो आप सीने के दर्द के संकेत की बिल्कुल अनदेखी न करें। बिना देरी किए डॉक्टर से कंसल्ट करें और जांच कराएं। अगर बार-बार ऐसा दर्द उठता है, तो आपको अपना मेडिकल चेकअप जरूर कराना चाहिए।