चेहरे का नूर और दिल का सुकून दोनों छीन सकती है आयरन की कमी, जानिए आयरन की कमी के लक्षण

आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने का महत्वपूर्ण काम करता है। हीमोग्लोबिन शरीर के सभी भागों में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है।

WrittenBy

Written By: Atul Modi | Updated : February 14, 2024 7:01 PM IST

आपके दिल और दिमाग से लेकर स्किन, बालों, नाखूनों तक को सेहतमंद रखने के लिए शरीर में आयरन की पर्याप्त मात्रा होना जरूर है। इसकी कमी के कारण आपके शरीर का पूरा सिस्टम गड़बड़ा सकता है। यह आपको बैचेन, चिड़चिड़ा, थका हुआ और कमजोर बना सकता है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने का महत्वपूर्ण काम करता है। हीमोग्लोबिन शरीर के सभी भागों में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। एनर्जी और इम्यूनिटी के लिए भी आयरन आवश्यक है। जब शरीर में आयरन की कमी होती है तो कई लक्षण नजर आते हैं। जिन्हें समय पर पहचानना जरूरी है। आइए जानते हैं आयरन की कमी से शरीर में क्या परिवर्तन नजर आते हैं।

1. हर समय महसूस होती है थकान

अगर आपको पर्याप्त सोने के बाद भी हर समय थकान महसूस होती है या फिर आप कमजोरी महसूस करते हैं तो आप में आयरन की कमी हो सकती है। दरअसल, आयरन की कमी से हीमोग्लोबिन के स्तर में कमी होने लगती है, जिससे शरीर में ऑक्सीजन सप्लाई ठीक से नहीं हो पाती। इस कारण आप थकान महसूस करते हैं। आयरन की कमी से आपके दिल की धड़कने भी बढ़ सकती हैं।

2. स्किन पर पीलापन दिखना

बड़े बुजुर्ग कहते हैं कि चेहरा पीला पड़ने का मतलब है आपमें खून की कमी है। यह बात बिलकुल सही है। स्किन, नाखून और होठों का पीलापन आयरन की कमी का इशारा करते हैं। हीमोग्लोबिन कम होने पर ऊतकों और अंगों में आॅक्सीजन पर्याप्त मात्रा में पहुंच नहीं पाती है और वे पीले पड़ने लगते हैं।

3. अक्सर फूल जाती है आपकी सांस

अगर थोड़ा सा चलने पर भी आपकी सांस फूलने लगती है या बैठे हुए भी आपको सांस लेने में तकलीफ होती है तो हो सकता है कि आप आयरन की कमी से जूझ रहे हैं। क्योंकि आपके ब्लड में आॅक्सीजन कम होने लगती है और इसी कारण सांस लेने में तकलीफ होने लगती है।

4. सिरदर्द कहता है बहुत कुछ

अक्सर सिरदर्द और चक्कर आने की परेशानी आयरन की कमी को दर्शाती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आयरन के कारण ऑक्सीजन आपके मस्तिष्क तक ठीक से पहुंच नहीं पाती है। ऑक्सीजन की यह बाधा सिरदर्द और चक्कर आने का कारण बनता है।

5. हाथ-पैर ठंडे होना

कुछ लोगों के हाथ और पैर अक्सर ठंडे रहते हैं, जो काफी असहज लगता है। आयरन की कमी के कारण आपका ब्लड सर्कुलेशन ठीक से नहीं हो पाता है। ऐसे में गर्म तापमान में भी हाथ-पैर ठंडे रहते हैं।

6. फोकस की कमी

आयरन की कमी आपकी शारीरिक ही नहीं मानसिक सेहत को भी प्रभावित करती है। अगर आपकी याददाश्त कमजोर हो रही है, आपको फोकस करने में परेशानी हो रही है तो ऐसा आयरन की कमी के कारण हो सकता है।

7. कहीं चाक खाने का मन तो नहीं करता

कुछ लोगों को चाक, साबुन, मिट्टी आदि खाने का मन करता है, यह कोई आम बात नहीं है, यह आयरन की कमी के कारण हो सकता है। इस स्थिति को ‘पिका’ कहते हैं। आयरन की कमी आपको कई संक्रमण और बीमारियां दे सकती हैं। कई बार इसके कारण भूख भी कम लगने लगती है।

ऐसे बचें आयरन की कमी से

आयरन का प्रमुख स्रोत है आपका आहार। अपने आहार में अंडे, हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, ड्राई फ्रूट्स, साबुत अनाज आदि का सेवन करें। विटामिन सी और कैल्शियम युक्त भोजन भी फायदेमंद रहेगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source