दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का कहर, तापमान 45°C के पार, जानें लू से बचने के लिए क्या करें?
दिल्ली एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। तापमान भी 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। ऐसे में लू से बचाव बहुत जरूरी है। जानें, क्या करें?
Heatwave Alert: दिल्ली-NCR और यूपी के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ी दी है। अस्पतालों में भी चक्कर आने, उल्टी, बेहोशी और सिरदर्द के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली और यूपी में हीटवेव से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। यानी चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। IMD के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 45°C से 47°C तक पहुंच सकता है। वहीं, कई इलाकों में 20-25 किमी प्रति घंटे की गर्म हवाएं और लू चल सकती हैं। आने वाले कुछ दिनों तक लोगों की परेशानियां बढ़ने वाली हैं। इसलिए लू से बचने के लिए अपनी डाइट का खास ख्याल रखें और पानी ज्यादा मात्रा में पिएं।
हीटस्ट्रोक के लक्षण क्या हैं?
लू लगने पर कुछ लक्षण महसूस हो सकते हैं। इनमें शामिल हैं-
- तेज बुखार
- बेहोशी और चक्कर आना
- बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस होना
- सांस लेने में दिक्कत होना
हीटस्ट्रोक का खतरा कब होता है?
जब तापमान लगातार कई दिनों तक सामान्य से बहुत ज्यादा बना रहता है, तो शरीर का तापमान कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है। इसकी वजह से चक्कर आने, उल्टी और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर समय पर इसका इलाज न मिले तो हीटस्ट्रोक जानलेवा भी बन सकता है। इसलिए इससे बचाव के लिए दोपहर में 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
लू से बचने के लिए क्या करें?
- गर्मी से बचने के लिए खूब पानी पिएं। हीटवेव के दौरान ORS, नींबू पानी और छाछ लेना फायदेमंद हो सकता है।
- दोपहर की धूप में निकलने से बचें। इससे आप गर्म हवाओं और लू से अपना काफी हद तक बचाव कर सकते हैं।
- इस मौसम में कॉटन के हल्के रंग के कपड़े पहनें। इससे शरीर में ठंडक बनी रहेगी।
- धूप में निकलने से पहले कुछ जरूर खा लें। खाली पेट धूप में जाने से बचना चाहिए।
- इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों में हीटस्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए उनका ज्यादा ध्यान रखें।
Disclaimer: IMD के अनुसार, दिल्ली, यूपी और पंजाब समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर जारी रह सकता है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में बादल और तेज हवाओं के कारण हल्की राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है। फिलहाल सभी लोगों को भीषण गर्मी और लू से सावधान रहने की जरूरत है।