hamburger icon
A
Read in English

कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया कैसे योग करना हार्ट अटैक के खतरे को भी कम कर सकता है

अपनी जीवनशैली में योग को अपनाना हमारे जीवन में एक बड़ा बदलाव कर सकता है, इस लेख में कार्डियोलॉजिस्ट से जानेंगे किस प्रकार योग करना हार्ट अटैक के खतरे को भी काफी हद तक कम सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : June 21, 2026 2:03 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: dr. purushotam lal

International Yoga Day 2026: हार्ट से जुड़ी समस्याएं आज के समय में काफी आम होती जा रही है और अब यह सिर्फ ज्यादा उम्र वाले लोगों यानी बुजुर्गों की बीमारी नहीं है बल्कि देखा जा रहा है कि कम उम्र में भी लोगों को ये समस्याएं हो रही हैं। हम सब जानते है कि आजकल हमारा खराब खानपान हेल्दी नहीं है, तनाव रहने लगा है और हम नींद भी पूरी नहीं ले पा रहे हैं। इसके अलावा धूम्रपान व मोटापे जैसी आदतें भी बढ़ रही हैं। इन सभी आदतों का असर हमारे हार्ट पर पड़ता है और यही कारण है कि कम उम्र में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ रहा है। हालांकि, आज विश्व योग दिवस के मौके पर जानें माने इंरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट एंड चेयरमैन मेट्रो ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स डॉ. पुरुषोत्तम लाल ने योग के फायदे के बारे में बताया कि किस तरह योग करना हार्ट अटैक जैसी समस्याओं के खतरे को कम कर सकता है।

तनाव को कम करने में मदद करे

शारीरिक और मानसिक तनाव को कम करने में योग काफी मददगार होता है और आपको बता दें कि तनाव आपके शरीर के सबसे बड़े दुश्मनों में से एक है। नियमित योग करने से शरीर में तनाव पैदा करने वाले हार्मोन, खासकर कोर्टिसोल का स्तर कम होता है। इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहने में मदद मिलती है, हृदय की धड़कन स्थिर रहती है और शरीर में सूजन कम हो सकती है। योगाभ्यास के दौरान ली जाने वाली गहरी सांस और ध्यान की तकनीकें ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम को संतुलित करती हैं, जिससे हृदय पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होता है। यही कारण है कि कई अध्ययनों में योग को हृदय रोगों की रोकथाम में सहायक माना गया है।

हार्ट के लिए कौन से योगासन फायदेमंद?

वैसे तो स्वास्थ्य के लिए सारे ही योगासन फायदेमंद होते हैं, लेकिन अगर हम खासतौर पर हम ऐसे योगासनों की बात करें जो हार्ट के लिए अच्छे होते हैं वे कुछ इस प्रकार हैं -

  • ताड़ासन - यह आसन शरीर के पोस्चर को बेहतर बनाता है, फेफड़ों की क्षमता बढ़ाता है और रक्त संचार को सुधारने में मदद करता है।
  • वृक्षासन - यह शरीर के संतुलन और एकाग्रता को बढ़ाता है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है। तनाव कम होने का सीधा फायदा हृदय को मिलता है।
  • भुजंगासन - यह हार्ट के लिए एक लाभकारी योगाभ्यास माना जाता है। यह छाती को फैलाने में मदद करता है, जिससे सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है और शरीर में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है।
  • सेतु बंधासन - छाती और कंधों को खोलने के साथ-साथ रक्त प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद करता है। नियमित अभ्यास से यह तनाव और चिंता को कम करने में भी सहायक हो सकता है।
  • हार्ट हेल्थ के लिए प्राणायाम - अनुलोम-विलोम और भ्रामरी जैसे प्राणायाम आपके हार्ट के लिए भी बेहद फायदेमंद हैं, क्योंकि ये हमारी ब्रीदिंग सिस्टम और नर्वस सिस्टम दोनों को ही शांत करने में मदद करती है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में काफी फायदा मिलता है और मानसिक तनाव भी कम होता है। ये सभी चीजें कहीं न कहीं आपके हार्ट को भी लाभ पहुंचाती हैं।

लेकिन योग कोई ट्रीटमेंट नहीं

हर व्यक्ति के लिए यह समझना बहुत जरूरी है कि हार्ट मरीजों को हमेशा डॉक्टर की सलाह लेकर ही योगाभ्यास शुरू करना चाहिए। अगर आपको निम्न में से कोई भी स्थिति है तो डॉक्टर की सलाह के बगैर योगाभ्यास न करें -

  • हाल ही में हार्ट अटैक आया होना
  • पहले बाईपास सर्जरी हुई होना
  • एंजियोप्लास्टी हुई होना
  • कोई भी हार्ट डिजीज होना

इस बात का ध्यान रखा भी जरूरी है कि योग हमेशा प्रशिक्षित विशेषज्ञ की देखरेख में और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही करना चाहिए। ध्यान रखें कि हार्ट अटैक के खतरे को कम करने के लिए केवल योग ही काफी नहीं है। इसके साथ संतुलित आहार, नियमित वॉक, धूम्रपान से दूरी, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच भी उतनी ही जरूरी है। यदि योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए, तो यह न सिर्फ हृदय को मजबूत बनाने में मदद करता है बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। यानी सही तरीके से किया गया योग आपके दिल का एक भरोसेमंद साथी बन सकता है।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल हार्ट के लिए योग के फायदे के बारे में जानकारी देना है और इसमें दी गई जानकारी ऑनलाइन खबरों से दी गई है। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।