सुबह वॉकिंग करते समय फोन यूज करना बॉडी पोस्चर खराब करने के साथ पहुंचा रहा ये गंभीर नुकसान

Using phone while walking: मॉर्निंग वॉक से मिलने वाले फायदों के बारे में तो आपको पता ही होगा लेकिन क्या आपको पता है मॉर्निंग वॉक करते समय फोन का इस्तेमाल करना आपकी सेहत को फायदा नहीं बल्कि नुकसान पहुंचा सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : March 10, 2023 2:05 PM IST

Looking at phone while walking: हेल्दी रहने के लिए सही डाइट और सही लाइफस्टाइल होना जरूरी है। खासतौर पर जो लोग डेस्क पर काम करते हैं या फिर जिनका काम ज्यादातर समय बैठने का होता है, उन्हें अपने लाइफस्टाइल को मेंटेन करके रखना बहुत जरूरी है। अगर आप सही डाइट ले रहे हैं, तो सुबह उठकर 30 से 40 मिनट वॉकिंग करना भी आपके हेल्दी लाइफस्टाइल को मेंटेन करके रख सकता है। लेकिन अगर आप मॉर्निंग वॉक ही गलत तरीके से कर रहे हैं, तो इसके फायदे नहीं नुकसान भी हो सकते हैं। दरअसल, आजकल समय की कमी होने के कारण लोग मॉर्निंग वॉक भी सही तरीके से नहीं करते हैं और इस दौरान भी अपने फोन से कुछ न कुछ काम निकालने की कोशिश करते हैं। आपने भी देखा होगा कि मॉर्निंग वॉक करते समय कुछ लोग अपने फोन में लगे रहते हैं, लेकिन ऐसा करने से उन्हें फायदा नहीं बल्कि मॉर्निंग वॉक से भी नुकसान हो रहा है। चलिए जानते मॉर्निंग वॉक करते समय फोन का इस्तेमाल करने से क्या नुकसान हो सकते हैं

बॉडी पोस्चर खराब होता है

अगर आप मॉर्निंग वॉक करते समय रोजाना फोन का इस्तेमाल करते हैं, तो इसका सीधा असर आपके बॉडी पोस्चर पर पड़ रहा है। कुछ इयरफोन लगाकर फोन को हाथ में रखते हैं, तो कुछ लोग फोन को कान से लगाकर बात करते रहते हैं। ये दोनों ही आदतें शरीर के सामान्य पोस्चर को प्रभावित कर रही होती हैं। चलने और दौड़ने के दौरान शरीर को संतुलन बनाकर रखना पड़ता है और फोन यूज करने के कारण संतुलन प्रभावित हो जाता है और बॉडी पोस्चर भी प्रभावित हो जाता है।

कंधे दर्द करना

यदि आपको भी सुबह वॉकिंग करते समय दोस्तों से बात करना अच्छा लगता है, तो बता दें यह आदत भी आपको नुकसान पहुंचा सकती है। कुछ लोग सुबह वॉकिंग या रनिंग करते समय एक हाथ से कान पर फोन लगाकर रखते हैं, ऐसा करने से कंधे में दर्द हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि चलते समय कान कर फोन लगाकर रखने मांसपेशियों पर असामान्य रूप से जोर पड़ता है।

गर्दन की अकड़न आना

चलते या दौड़ते समय गर्दन का सीधा होना बहुत जरूरी है। लेकिन कुछ लोग चलते समय भी हाथ में फोन रखते हैं और स्क्रीन की तरफ देखते रहते हैं। ऐसा करने से उनकी गर्दन पर काफी प्रभाव पड़ सकता है। अगर आपको भी चलते समय फोन चलाने की आदत है, तो इसे आज ही छोड़ देना चाहिए। क्योंकि ये आदत आपकी गर्दन को नुकसान पहुंचा रही है।

मांसपेशियों में दर्द

चलते या दोड़ते समय फोन चलाने से शरीर का संतुलन खराब हो जाता है और उसका सीधा असर आपकी टांग व कूल्हों की मांसपेशियों पर भी पड़ता है। जिन लोगों को रोजाना वॉकिंग करते समय फोन यूज करने की आदत है, तो ऐसा करने से उन्हें टांग, कूल्हों व शरीर के अन्य हिस्सों की मांसपेशियों में दर्द की समस्या हो सकती है।

चोट लगने का खतरा

चलते समय फोन की स्क्रीन में ध्यान रखना हानिकारक हो सकता है और इससे दुर्घटना होने का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। यहां तक कि कुछ लोग तो गलियों व सड़कों पर चलते समय भी फोन का इस्तेमाल करते हैं, जो बहुत खतरनाक है और इस कारण से गंभीर परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source