घर में किसी को H1N1 है तो क्या करें? डॉक्टर से जानें परिवार को संक्रमण से बचाने का सही तरीका

जब परिवार में किसी एक व्यक्ति को H1N1 फ्लू हो जाए तो बाकी लोगों के लिए भी इसका खतरा बढ़ जाता है, क्योंकि यह एक तेजी से फैलने वाला वायरल इन्फेक्शन है। इस लेख में हम एक्सपर्ट्स से जानेंगे कि परिवार के बाकी लोगों को ऐसे में कैसे H1N1 फ्लू से बचाया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : August 12, 2026 11:27 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By:

मौसम में थोड़ा सा बदलाव या फिर बारिश होते ही वायरस से होने वाले संक्रमण यानी वायरल संक्रमण फैलने लगता है। आजकल H1N1 फ्लू के मामले बढ़ने लगे हैं, जिससे लोगों का सतर्क रहना बहुत जरूरी है। H1N1 एक तरह का इन्फ्लूएंजा वायरस है जो सांस के जरिए इसके मरीज से दूसरे स्वस्थ व्यक्ति में फैल सकता है। सांस से फैलने वाला वायरस दूसरे लोगों तक बहुत तेजी से फैलता है और इसलिए जब परिवार में किसी एक व्यक्ति को H1N1 हो जाए तो घर के बाकी सदस्यों को उससे बचाना काफी मुश्किल हो जाता है। महादेवपुरा बेंगलुरु के KIMS हॉस्पिटल की इन्फेक्शियस डिजीज एक्सपर्ट डॉ. जोशी दिव्या राकेश ने इस बारे में जानकारियां दी कि आखिर किस प्रकार अगर परिवार में किसी को इन्फेक्शन हो जाए तो बाकी लोगों का बचाव कैसे किया जा सकता है.

परिवार के अन्य लोगों को संक्रमण से कैसे बचाएं

जैसा कि हमने आपको ऊपर भी बताया कि H1N1 फ्लू जिसे स्वाइन फ्लू भी कहा जाता है, हवा के जरिए फैलने वाला एक वायरल संक्रमण है और इसलिए अगर किसी एक व्यक्ति को यह हो जाता है तो उसके परिवार में अन्य लोगों को भी यह होना का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में परिवार के अन्य लोगों को का बचाव करने के लिए कुछ टिप्स अपनाए जा सकते हैं -

  • घर के बच्चों व बुजुर्गों को बीमार व्यक्ति के संपर्क में न आने दें
  • मरीज का ध्यान रखने वाला व्यक्ति समय-समय पर साबुन से हाथ धोता रहे
  • मरीज से मिलते समय मास्क का उपयोग करें और बाहर आते ही हाथ व मुंह धोएं
  • मरीज का ध्यान रखने वाले व्यक्ति को भी मास्क लगाकर रखना चाहिए
  • संभव हो तो मरीज के लिए अलग बाथरूम रखें
  • मरीज के कपड़ों व बर्तनों को अलग से और अच्छे से धोएं
  • खांसते या छींकते समय नाक और मुंह ढकें

इसके अलावा अगर परिवार में कोई H1N1 फ्लू से संक्रमित हो गया है तो उसके खानपान का ध्यान रखने के साथ परिवार के अन्य लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है ताकि उनकी इम्यूनिटी भी अच्छी रहे और वायरल संक्रमण होने का खतरा कम हो जाए।

h1n1 flu prevention h1n1 flu prevention (AI geneted image)

H1N1 फ्लू के लक्षण दिखें तो क्या करें

अगर परिवार में पहले से ही H1N1 फ्लू से संक्रमित कोई व्यक्ति है और अब किसी अन्य व्यक्ति में भी ये लक्षण दिखने लगे हैं, तो ऐसे में उसे भी उसी समय आइसोलेट कर दें और बाकी अन्य स्वस्थ लोगों को उसके संपर्क में न आने को कहें। जिन लोगों में बीमारी गंभीर होने का खतरा अधिक है, उन्हें लक्षण आने पर जल्दी डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ऐसे मरीजों में डॉक्टर की सलाह के अनुसार एंटीवायरल दवाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।

वैक्सीन क्यों जरूरी है?

H1N1 फ्लू से बचाव की बात करें तो उसके लिए वैक्सीन बेहद प्रभावी और अच्छा विकल्प हो सकता है, अगर डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर वैक्सीन लगाई जाए तो इससे न सिर्फ H1N1 फ्लू को कंट्रोल करने में मदद मिलती है, बल्कि वायरल इन्फेक्शन होने से भी बचाव मिल सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी गर्भवती महिलाओं, 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों, 65 साल से अधिक उम्र के लोगों, हेल्थकेयर वर्कर्स और लंबे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार फ्लू वैक्सीन लगवाने की सलाह देते हैं।

flu vaccine flu vaccine

H1N1 फ्लू के लक्षणों के बारे में जानें

H1N1 फ्लू के लक्षण आमतौर पर सामान्य मौसमी सर्दी-जुकाम की तरह ही दिखते हैं, लेकिन लंबे समय तक रहते हैं और यहां तक कि कुछ मामलों में बेहद गंभीर भी हो सकते हैं जो इस प्रकार हैं -

  • बुखार
  • गले में खराश
  • खांसी
  • नाक बंद होना
  • सिरदर्द
  • मांसपेशियों में दर्द
  • थकान

अगर किसी व्यक्ति को ये लक्षण धीरे-धीरे गंभीर होते दिख रहे हैं तो ऐसे में डॉक्टर से संपर्क करें। अगर पहले से ही किसी व्यक्ति को H1N1 फ्लू है और अब परिवार में किसी अन्य व्यक्ति में भी इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं तो डॉक्टर से संपर्क करने में देरी नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा यह भी ध्यान रहे कि बच्चों में H1N1 फ्लू के लक्षण दस्त, उल्टी और मतली जैसे पेट की समस्याएं से जुड़े भी हो सकते हैं।

अगर आप सर्दी-जुकाम और H1N1 फ्लू के लक्षणों की पहचान नहीं कर पा रहे हैं तो ध्यान रहे कि अगर लक्षण 3-4 दिन में ठीक नहीं होते हैं, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। वहीं सांस लेने में परेशानी या सांस तेज चलना, सीने में दर्द या असहजता, भ्रम की स्थिति, लगातार सुस्ती या दोबारा बुखार आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

डिसक्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी उद्देश्य केवल शैक्षणिक एवं सूचनात्मक है, जिसमें H1N1 फ्लू से बचाव के तरीकों के बारे में बताया गया है। अगर परिवार में किसी को भी H1N1 फ्लू से जुड़ा कोई भी लक्षण या फिर स्वास्थ्य से जुड़ी कोई भी समस्या महसूस होती है तो डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। इस लेख में दी गई कोई भी जानकारी किसी भी समस्या के इलाज के लिए नहीं है और Thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।