Symptoms Of Stomach Worms In Children: छोटे बच्चे अक्सर पेट दर्द की शिकायत करते हैं। कई बार यह समस्या हल्की होती है और कुछ दिनों में खुद ही ठीक हो जाती है, लेकिन कभी-कभी दर्द लंबे समय तक बना रहता है। ऐसे में बच्चों के व्यवहार में चिड़चिड़ापन आ सकता है, और वे ठीक से खाना-पीना भी बंद कर सकते हैं। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और माता-पिता को इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अक्सर यह समस्या पेट में कीड़ों की मौजूदगी का संकेत होती है, जो बच्चों में कुपोषण और कमजोरी का खतरा बढ़ा सकती है।
बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य और सही विकास के लिए पेट में कीड़ों की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। 5 साल से छोटे बच्चों में यह समस्या अधिक देखी जाती है, जो उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकती है। कीड़ों की वजह से बच्चों के शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो जाती है, जिससे वे कमजोर हो सकते हैं। नेशनल डीवर्मिंग डे (National Deworming Day) का उद्देश्य इस समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को इससे बचाना है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने सैलुब्रिटास मेड सेंटर की जनरल फिजिशियन और स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ सुनीता नागपाल से बातचीत की।
पेट में कीड़े होने के लक्षण - Symptoms Of Stomach Worms In Hindi
अगर बच्चे के पेट में कीड़े हैं, तो कुछ सामान्य लक्षण दिखाई दे सकते हैं:
भूख कम लगना या अचानक ज्यादा लगना – बच्चा ठीक से खाना नहीं खाता या फिर ज्यादा भूख लगने के बावजूद वजन नहीं बढ़ता।
पेट दर्द – बिना किसी स्पष्ट कारण के बच्चा पेट दर्द की शिकायत करता रहता है।
मल में कीड़े आना – कभी-कभी सफेद रंग के छोटे कीड़े मल में देखे जा सकते हैं।
गुदा के आसपास खुजली – खासकर रात के समय गुदा के आसपास तेज खुजली होना।
कमजोरी और सुस्ती – बच्चा हमेशा थका-थका और सुस्त महसूस करता है।
एनीमिया (खून की कमी) – कीड़े शरीर से जरूरी पोषक तत्व खींच लेते हैं, जिससे खून की कमी हो सकती है।
नींद न आना – पेट में असहजता के कारण बच्चा रात में ठीक से नहीं सो पाता।
पेट फूलना या अपच – बार-बार गैस बनना, सूजन या उल्टी जैसा महसूस होना।
पेट के कीड़ों का इलाज और रोकथाम - Treatment And Prevention Of Stomach Worms
डीवर्मिंग दवा देना – सरकार द्वारा नेशनल डीवर्मिंग डे पर 1 से 19 साल तक के बच्चों को एल्बेंडाज़ोल की गोली मुफ्त दी जाती है, जो पेट के कीड़ों को खत्म करने में मदद करती है। यह दवा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित होती है, लेकिन इसे डॉक्टर या स्वास्थ्य कार्यकर्ता की सलाह से ही देना चाहिए।
स्वच्छता का ध्यान रखना – बच्चे को खाने से पहले और टॉयलेट के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत डालें।
साफ पानी का सेवन – दूषित पानी से पेट में कीड़ों का खतरा बढ़ता है, इसलिए बच्चों को हमेशा उबला या फिल्टर किया हुआ पानी दें।
नाखून काटकर साफ रखना – गंदे नाखूनों में कीड़े के अंडे छिपे हो सकते हैं, जो हाथ के जरिए पेट में चले जाते हैं।
खेलने के बाद सफाई – मिट्टी और धूल में खेलने के बाद बच्चे को साबुन से हाथ-पैर धोने की आदत डालें।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts. Cookie Policy.