हाई BP और डायबिटीज रोगियों के लिए कांवड़ यात्रा कितनी सुरक्षित? यात्रा पर जा रहे हैं तो इन जरूरी बातों का रखें ध्यान
कांवड़ यात्रा के दौरान हाई बीपी और शुगर के रोगियों को काफी सावधानी बरतने की जरूरत है। अपने साथ दवाइयां जरूर रखें और यात्रा पर जाने से पहले डॉक्टर की सलाह लें। आइए, डॉ. हिमिका चावला से जानते हैं कि यात्रा के दौरान हाई बीपी और शुगर रोगियों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सावन के महीने में देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। यह यात्रा 30 जुलाई से शुरू हो चुकी है। इस यात्रा को आस्था, संयम और शारीरिक सहनशक्ति का प्रतीक माना जाता है। कांवड़ यात्रा पर लोग पैदल चलकर देश के कोने-कोने से हरिद्वार या गंगोत्री या अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लाकर भगवान शिव को अर्पित करने जाते हैं। इसलिए कई लोगों के मन में सवाल होता है कि क्या हाई बीपी या शुगर वाले रोगियों के लिए कांवड़ यात्रा सुरक्षित होती है? क्या हाई बीपी या शुगर के मरीज इतनी लंबी यात्रा पर जा सकते हैं?
क्या हाई बीपी और डायबिटीज रोगियों के लिए कांवड़ यात्रा सुरक्षित है?
PSRI हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट-एंडोक्राइनोलॉजी डॉ. हिमिका चावला बताती हैं, "हाई बीपी और डायबिटीज रोगी कांवड़ यात्रा पर जा सकते हैं, लेकिन इन लोगों को बीपी और शुगर को नियंत्रण में रखना जरूरी है। क्योंकि अगर यात्रा के दौरान अचानक से बीपी या शुगर बढ़ता है, तो इससे दिक्कत हो सकती है।"
डॉ. हिमिका चावला बताती हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान डायबिटीज और हाई बीपी के मरीजों को कांवड़ यात्रा पर जाने से पहले सुनिश्चित करना जरूरी है कि बीपी या शुगर नॉर्मल हो। यात्रा में अपने साथ जरूरी दवाइयां साथ रखें। साथ ही, शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहे।
कांवड़ यात्रा पर जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपको हाई बीपी या डायबिटीज है, तो कांवड़ यात्रा पर निकलने से पहले कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें। जैसे-
1. यात्रा पर जाने से पहले चेकअप जरूर कराएं
अगर आप कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं, तो यात्रा से पहले डॉक्टर से जरूर मिलें और बीपी-शुगर की जांच जरूर कराएं। यात्रा पर जाने से पहले यह जानना जरूरी है कि बीपी और शुगर नियंत्रण में है या नहीं। बिना डॉक्टर की सलाह के यात्रा पर जाने की भूल बिल्कुल न करें।
2. जरूरी दवाइयां अपने साथ रखें
अगर कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं और हाई बीपी-शुगर रोगी हैं, तो अपने साथ इन दोनों की दवाइयां जरूर रखें। अगर आप इंसुलिन पर हैं, तो इसे भी लेते रहे। अपने साथ ग्लूकोमीटर, बीपी मॉनिटर जरूर रखें। यात्रा के दौरान आप दवाइयां लेना भूल सकते हैं, इसलिए समय-समय पर दवा लेने के लिए आप अलार्म लगा सकते हैं।
3. कोई मील स्किप न करें
हाई बीपी और डायबिटीज रोगियों के लिए समय-समय पर भोजन करना बहुत जरूरी है। लंबे समय तक खाली पेट रहने से ब्लड शुगर लेवल अचानक से बढ़ सकता है। इससे चक्कर आने, कमजोरी, बेहोशी या पसीने आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस दौरान ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने से बचें।
4. पैरों की देखभाल भी है जरूरी
कांवड़ यात्रा के दौरान पैरों की देखभाल करना भी बहुत जरूरी है। डायबिटीज मरीजों में पैरों में घाव और संक्रमण का खतरा अधिक होता है। इसलिए इस दौरान आपको पैरों की केयर करना जरूरी है। आरामदायक और सही फिटिंग वाले जूते पहनें। हर दिन पैरों की जांच भी जरूर करें कि कोई घाव या कट तो नहीं लगा है।
5. शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है
कांवड़ यात्रा के दौरान कई घंटों तक पैदल चलना होता है, इस दौरान शरीर में डिहाइड्रेशन हो सकती है। पानी की कमी से ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव हो सकता है और ब्लड शुगर लेवल भी प्रभावित हो सकता है। इसलिए समय-समय पर पानी जरूर पीते रहें। आप चाहें तो डॉक्टर की सलाह पर अपने साथ ओआरएस भी रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर इसे ले सकते हैं।
इन लक्षणों की न करें अनदेखी
यात्रा के दौरान अगर आपको इन लक्षणों का अनुभव हो, तो इनकी अनदेखी बिल्कुल न करें। जैसे-
- सांस फूलना
- सीने में दर्द होना
- तेज सिरदर्द होना
- ज्यादा कमजोरी और थकान होना
- चक्कर आना और धुंधला दिखाई देना
- बेहोशी होना
इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज बिल्कुल न करें। ये हाई बीपी, लो ब्लड शुगर, हीट स्ट्रेस या हृदय संबंधी समस्याओं का संकेत हो सकते हैं।
किन लोगों को टालनी चाहिए यात्रा?
- अगर आपका ब्लड प्रेशर या शुगर नियंत्रण में नहीं है, तो आपको यात्रा नहीं करनी चाहिए।
- अगर हाल ही में हार्ट अटैक या स्ट्रोक आया है, तो भी यात्रा को टाल दें।
- अगर पैरों में गंभीर संक्रमण है, तो इस यात्रा को टालना सही है।
- गंभीर किडनी रोगियों को भी यात्रा पर नहीं जाना चाहिए।
Disclaimer: कांवड़ यात्रा सिर्फ आस्था ही नहीं, बल्कि शारीरिक सहनशक्ति की भी परीक्षा है। अगर आप डायबिटीज और हाई बीपी के रोगी हैं, तो कांवड़ यात्रा पर जाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। अपने साथ दवाइयां रखें और शरीर को हाइड्रेट रखें। संतुलित डाइट भी लें। अगर यात्रा के दौरान कोई लक्षण महसूस हो तो अनदेखी बिल्कुल न करें और हेल्थ एक्सपर्ट की राय जरूर लें।