hamburger icon
A
Read in English

चोट या हादसे के बाद कैसे आपकी जिंदगी को फिर से जोड़ने में मदद करती है रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी

Reconstructive Surgery in Hindi: किसी बड़े एक्सीडेंट के बाद शरीर कार्यक्षमता को फिर से सुधारने के लिए रिकंस्ट्रक्टिव सर्जिकल प्रोसीजर की जाती है। इस सर्जिकल प्रोसीजर की मदद से हम आपको इस लेख में बताएंगे।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : January 30, 2026 5:17 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Tanmoy Roy

What is Reconstructive Surgery in Hindi: जीवन किस जगह कौन सा मोड़ ले जाए कई बार पता नहीं चलता, सब कुछ सही चलते-चलते एक छोटी सी सड़क दुर्घटना, काम के दौरान कोई बड़ी चोट या फिर किसी अन्य कारण से जब शरीर कई बार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाता है, तो उसके बाद जीवन कभी आम नहीं रहता है। इस दौरान कई परमानेंट इंजरी हो जाती है, कि व्यक्ति जीवन भर अपनी उस लापरवाही को लेकर पछताता है। एक बार उसको लगता है कि उसका पूरा जीवन बर्बाद हो गया है, लेकिन फिर भी मेडिकल साइंस इस जीवन को वापस लाने की पूरी कोशिश करता है। उस कोशिश का नाम है रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी। जब कोई ऐसी चोट लगती है जिसके कारण गहरा घाव हो जाता है, टिश्यू टूट जाते हैं और शारीरिक कार्यक्षमता कम हो जाती है। ऐसी दुर्घटनाओं के बाद शरीर पर कई बार ऐसे प्रभाव पड़ते हैं, जिनके बाद उनका जीवन पूरी तरह से बदल जाता है, जैसे लंगड़ा कर चलना, जीवनभर के लिए व्हीलचेयर पर बैठ जाना, शरीर का कोई अंग खो देना।

किसी व्यक्ति के जीवन में इसी परमानेंट डैमेज को कम करने के लिए और जितना हो सके बाद के जीवन को फिर सामान्य बनाने के लिए रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी काम आती है। इस लेख में डॉ. तन्मय रॉय, सीनियर कंसल्टेंट - प्लास्टिक एंड कॉस्मेटिक सर्जरी, शारदायकेयर-हेल्थसिटी ने बताया कि ट्रामा या किसी गहरी चोट के बाद रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी (पुनर्निर्माण सर्जरी) शरीर की बनावट और कार्यक्षमता को दोबारा सामान्य करने में अहम भूमिका निभाती है। हाल के वर्षों में सर्जरी तकनीकों और मेडिकल तकनीक में हुई तेज प्रगति ने मरीजों की रिकवरी को बेहतर बनाया है और उन्हें फिर से आत्मनिर्भर बनने की उम्मीद दी है।

क्या है रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी का काम

यह जानना सबसे ज्यादा जरूरी है कि आखिर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी का काम क्या है और यह इतनी महत्वपूर्ण क्यों है। दरअसल, इस सर्जिकल प्रोसीजर का मुख्य उद्देश्य त्वचा, मांसपेशियों, नसों, हड्डियों और रक्त वाहिकाओं जैसे क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करना होता है। यह प्रोसीजर कॉस्मेटिक सर्जरी से पूरी तरह से अलग होती है, क्योंकि किसी अंग की दिखावट को सुधारने के लिए नहीं बल्कि क्षतिग्रस्त हिस्से की कार्यक्षमता को फिर से सामान्य करने के लिए रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी का इस्तेमाल होता है। इसमें रोजमर्रा के कार्य जैसे चलना, बोलना, सांस लेना और चबाना आदि।

एक नहीं कई विशेषज्ञ करते हैं ये सर्जरी

रिकंस्ट्रक्टिव सबसे जटिल सर्जरी में से एक है और इसलिए इस पूरी प्रोसीजर को एक नहीं बल्कि कई अलग-अलग विशेषज्ञ मिलकर रखते हैं। इन विशेषज्ञों में ट्रामा सर्जन, प्लास्टिक सर्जन, रिकंस्ट्रक्टिव सर्जन, न्यूरो सर्जन, ऑर्थोपेडिक डॉक्टर और रिहैबिलिटेशन विशेषज्ञ शामिल है। यही कारण है कि रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी को दुनिया की सबसे जटिल सर्जिकल प्रोसीजर में से एक माना जाता है और इसमें अलग-अलग स्पेशलिटी की जरूरत पड़ती है।

जहां पहले के समय में इस तरह की सर्जरी में स्किन ग्राफ्ट, हड्डियों का ट्रांसप्लांट और फ्लैप सर्जरी का उपयोग किया जाता था। ये तरीके प्रभावी तो थे, लेकिन रिकवरी में अधिक समय लगता था और पूरी कार्यक्षमता लौट पाना कई बार मुश्किल होता था। वहीं आज माइक्रोसर्जरी, आधुनिक इमेजिंग और टिश्यू इंजीनियरिंग जैसी तकनीकों ने इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला दिया है, जिससे सर्जरी अधिक सटीक और सुरक्षित हो गई है।

नई तकनीक से बेहतर रिजल्ट

1. माइक्रोसर्जरी और सुपर माइक्रोसर्जरी

अब सर्जन बहुत बारीक नसों और रक्त वाहिकाओं को भी जोड़ सकते हैं।

इससे हाथ-पैर, चेहरे और संवेदनाओं की कार्यक्षमता दोबारा लौटाने में मदद मिलती है और स्थायी विकलांगता कम होती है।

2. 3D प्रिंटिंग और बायोप्रिंटिंग

मरीज की रिपोर्ट और स्कैन के आधार पर कस्टम इम्प्लांट बनाए जा सकते हैं।

भविष्य में बायोप्रिंटिंग से हड्डी, कार्टिलेज और त्वचा को दोबारा विकसित करना संभव हो रहा है, जिससे डोनर ग्राफ्ट की जरूरत कम होगी।

3. रीजेनेरेटिव मेडिसिन और स्टेम सेल थेरेपी

स्टेम सेल्स घाव भरने और नए ऊतक बनाने में मदद करते हैं।

इससे निशान कम पड़ते हैं और खासतौर पर जलने के मरीजों में बेहतर परिणाम मिलते हैं।

4. एडवांस्ड इमेजिंग और सर्जिकल प्लानिंग

3D इमेजिंग के जरिए सर्जरी से पहले पूरा प्लान तैयार किया जाता है।

इससे सर्जरी का समय कम होता है, सटीकता बढ़ती है और मरीज की सुरक्षा बेहतर होती है।

5. रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)

रोबोटिक सर्जरी जटिल और नाजुक ऑपरेशन में अधिक सटीकता प्रदान करती है।

AI तकनीक से जटिलताओं का पहले अनुमान लगाकर रिकवरी को बेहतर बनाया जा सकता है।

ट्रामा के बाद की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी अब बेहद एडवांस हो गई है, जहां शरीर की कार्यक्षमता, दिखावट और रिकवरी तीनों को समान महत्व दिया जा रहा है। माइक्रोसर्जरी, बायोप्रिंटिंग और रीजेनरेटिव मेडिसिन जैसी तकनीकों से मरीजों को जल्दी ठीक होने, बेहतर जीवन जीने और दोबारा आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। जैसे-जैसे ये तकनीक आम होती जाएँगी, ट्रामा के इलाज में रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होती जाएगी।

अस्वीकरण: प्रिय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।