
विद्या शर्मा
विद्या शर्मा को डिजिटल मीडिया में लगभग 3 साल का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्रकारिता ... Read More
Medically Verified By: Dr. Rita Bakshi
woman control urine
महिलाएं कई बार इस तरह की सिचुएशन में फंस जाती हैं, जहां हाइजीन न होने के कारण, या घर से बाहर होने के कारण वह शौचालय नहीं जा पाती हैं। ऐसे में महिलाएं कई घंटों तक अपना यूरिन रोककर रखती हैं। यह हमें किसी गंदी जगह पर पेशाब करने से तो बेहतर लग सकता है, लेकिन इस एक आदत का असर आपकी सेहत को बुरी तरह से प्रभावित कर सकता है। जी हां, और यह हम नहीं, सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर रीता बक्शी कह रही हैं।
डॉक्टर बताती हैं कि महिलाएं कई बार घंटों तक यूरिन रोककर रखती हैं। उन्हें लगता है कि ऐसा कभी-कभार करने से कोई नुकसान नहीं होगा। लेकिन यह आदत धीरे-धीरे यूरिनरी ट्रैक्ट और ब्लैडर की हेल्थ पर बुरा असर डाल सकती है। आइए डॉक्टर से थोड़ा विस्तार से जानते हैं कि महिलाओं के लिए यह आदत कितनी नुकसानदायक हो सकती है।
डॉक्टर कहती हैं कि जब आप पेशाब को लंबे समय तक रोककर रखते हैं, तो बैक्टीरिया को बढ़ने का समय मिल जाता है। इससे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन यानी कि UTI होने का खतरा बढ़ जाता है। अगर आपको पेशाब करते समय जलन, बार-बार पेशाब आने की इच्छा, पेट के निचले हिस्से में दर्द या पेशाब से बदबू आए या उसका रंग असामान्य लगे तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
जब आप बार-बार यूरिन रोकते हैं तो इससे ब्लैडर पर दबाव पड़ता है। लंबे समय तक और ज्यादा बार ऐसा करने से उसकी नॉर्मल फंक्शनिंग पर असर पड़ सकता है। ऐसे में कुछ महिलाओं को बाद में यूरिन करते समय पेशाब पूरी तरह खाली न होने या बार-बार पेशाब आने जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। इससे ब्लैडर की मांसपेशियों पर असर पड़ता है और उनका फैलाव बढ़ सकता है।
डॉक्टर बक्शी के अनुसार "अगर आप लंबे समय तक यूरिन रोककर रखते हैं तो यह यूटीआई का खतरा बढ़ाता है। आगे चलकर यह इंफेक्शन किडनी तक पहुंच सकता है और किडनी में इंफेक्शन पैदा कर सकता है। इस स्थिति को समझने के लिए आप अपने शरीर में दिखने वाले इन लक्षणों पर ध्यान दें जैसे- तेज बुखार, कमर या पीठ में दर्द, मतली या उल्टी और कमजोरी। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कई बार हमें लगता है कि कुछ समय के लिए शौच नहीं जाएंगे तो क्या ही हो जाएगा? लेकिन डॉक्टर की बात समझने की जरूरत है। वह कहती हैं कि हर व्यक्ति में ऐसा होना जरूरी नहीं है, लेकिन लंबे समय तक बार-बार यूरिन रोकने की आदत कुछ लोगों में ब्लैडर स्टोन बनने का खतरा बढ़ सकता है। खासकर अगर आप पानी कम पीते हैं तो या फिर आपको पहले से यूरिन संबंधी समस्या हो तो।
देखें इसमें कोई दो राय नहीं है कि जब महिलाएं यूरिन रोककर रखती हैं तो उनका ध्यान बीच-बीच में खुद पर जरूर जाता है। उन्हें पेट में दर्द महसूस हो सकता है। यह उनके काम पर असर डाल सकता है, क्योंकि उन्हें यह चिंता बनी रहती है कि अगर अचानक पेशाब का दबाव बढ़ गया तो उन्हें गंदे व पब्लिक प्लेस में शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ेगा, जो बिल्कुल भी हाइजीनिक नहीं है।
डिस्क्लेमर: कोशिश करें कि आप घर से बाहर जाने से पहले फ्रेश होकर निकलें। लेकिन अगर आपको यूरिन रोकते समय पेट, कमर व पीठ में दर्द हो, बार-बार यूटीआई हो, पेशाब में खून आए या फिर पेशाब करते समय दर्द हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। समय पर इलाज बहुत जरूरी है।