कान में पानी चला जाए तो क्या करें? डॉक्टर से जानिए 5 असरदार और सुरक्षित उपाय

Water In Ear: कान से पानी निकालने के लिए आप कुछ आसान उपायों का सहारा ले सकते हैं। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

WrittenBy

Written By: priya mishra | Published : June 18, 2025 3:54 PM IST

How To Get Water Out Of Ear: नहाते समय, तैराकी करते वक्त या बाल धोते हुए अक्सर ऐसा होता है कि पानी कान में चला जाता है। यह एक आम लेकिन अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली स्थिति है, जो यदि समय रहते ठीक न की जाए तो परेशानी का कारण बन सकती है। पानी कान में फंस जाने से असहजता, खुजली, घुटन जैसा महसूस होना, अस्थायी रूप से सुनाई देना कम होना या यहां तक कि संक्रमण जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में, कई लोग कान से पानी निकालने के लिए बिना सोचे-समझे कई चीजों का इस्तेमाल करने लगते हैं, जिससे कान को चोट पहुंचने का खतरा रहता है। कान शरीर का एक नाजुक अंग होते हैं, इसलिए पानी निकालने के लिए किसी भी चीज को कान के अंदर डालने से आपको बड़ा नुकसान हो सकता है। कान एक नाजुक अंग है। जब उसमें पानी फंस जाता है, तो कान की नमी बनी रहती है, जिससे बैक्टीरिया या फंगस पनप सकते हैं। इसे ही स्विमर इयर (Swimmer’s Ear) कहा जाता है, और समय पर ध्यान न देने पर यह संक्रमण में बदल सकता है। आज इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कान से पानी निकालने के लिए क्या करना चाहिए (Kaan Se Pani Kaise Nikale)? इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने डॉ. (प्रो.) अमित शर्मा, सीनियर कंसलटेंट और डायरेक्टर, ईएनटी डिपार्टमेंट, नारायणा हॉस्पिटल, गुरुग्राम से बातचीत की। तो आइए, जानते हैं कि कान में पानी चला जाए तो क्या करना चाहिए -

हथेली से वैक्यूम बनाएं

हथेली को कप के आकार में बनाकर प्रभावित कान पर रखें और धीरे-धीरे दबाव दें और छोड़ें। इससे एक वैक्यूम इफेक्ट बनता है जो अंदर फंसे पानी को बाहर खींचने में मदद करता है। यह तरीका आसान, दर्दरहित और घर पर ही करने योग्य है।

सिर को झुकाएं और हल्के झटके दें

यह सबसे सामान्य और तुरंत किया जाने वाला उपाय है। जिस कान में पानी गया है, उस ओर सिर को झुकाएं और कुछ सेकंड के लिए उसी स्थिति में रखें। सिर को धीरे-धीरे झटकने से गुरुत्वाकर्षण के कारण पानी बाहर की ओर निकल सकता है।

गर्म तौलिये से सिकाई करें

यदि आप चाहें तो एक टॉवल का उपयोग करके कान को सुखाने की भी कोशिश कर सकते हैं, लेकिन कान में अंदर तक कुछ डालने से बचें। इसके लिए एक साफ तौलिया लें, उसे गर्म पानी में भिगोकर निचोड़ लें और प्रभावित कान के पास 5–10 मिनट तक रखें। इससे पानी धीरे-धीरे सूख सकता है या बाहर की ओर बह सकता है।

हेयर ड्रायर का उपयोग

यदि ऊपर बताए गए उपाय कारगर न हों, तो हेयर ड्रायर एक विकल्प हो सकता है। लेकिन इसका इस्तेमाल बहुत सावधानी के साथ करना चाहिए। इसके लिए ड्रायर को कम तापमान पर सेट करें और कान से करीब 10–12 इंच दूर रखें। गर्म हवा से नमी सूख सकती है।

प्रभावित कान की ओर लेटें

जिस कान में पानी गया है, उसी ओर सिर रखकर लेट जाएं। इससे गुरुत्वाकर्षण के कारण पानी बाहर की तरफ सरक सकता है। इस पोजीशन में कुछ मिनट तक आराम करें। कई बार यह सबसे सहज और कारगर तरीका होता है।

कब डॉक्टर से संपर्क करें?

यदि 24–48 घंटे बाद भी कान में असहजता बनी रहती है, या अगर निम्नलिखित लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

  • कान में दर्द या जलन
  • बहाव या बदबू
  • सुनने में दिक्कत
  • खुजली या दबाव जैसा एहसास

क्या न करें:

  • कॉटन बड्स, हेयर पिन, माचिस की तीली या किसी भी नुकीली चीज़ से पानी निकालने की कोशिश न करें। इससे कान में चोट लग सकती है या इन्फेक्शन बढ़ सकता है।
  • कान में खुद से दवा या ड्रॉप्स डालने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source