यूरिक एसिड बढ़ने से होने लगती हैं कई दिक्कतें, जानें दर्द और सूजन कम करने के लिए क्या करें?

हाई यूरिक एसिड कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। यह दर्द और सूजन पैदा करता है। ऐसे में आप कुछ उपाय आजमा सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : February 2, 2026 8:41 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Rahul Jain

High Uric Acid: हाई यूरिक एसिड आजकल की एक बेहद आम समस्या बन गई है। खराब जीवनशैली, तनाव और खान-पान की वजह से कई लोग बढ़े हुए यूरिक एसिड से परेशान हैं। बढ़ा हुआ यूरिक एसिड बेहद तकलीफदेह हो सकता है, क्योंकि जब शरीर में लंबे समय तक यूरिक एसिड बढ़ा हुआ रहता है तो गाउट की समस्या हो सकती है। गाउट की वजह से जोड़ों में दर्द और सूजन होने लगता है। गाउट को गठिया का ही एक प्रकार माना जाता है, जिसमें बेहद अचानक दर्द उठ सकता है। हालांकि, यूरिक एसिड बढ़ने कई अन्य दिक्कतें भी हो सकती हैं। लेकिन, जोड़ों में सूजन और दर्द सबसे आम है। आइए, नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के डायरेक्टर-रूमेटोलॉजी डॉ. राहुल जैन से जानते हैं कि यूरिक एसिड बढ़ने से कौन-कौन सी दिक्कतें होती हैं? दर्द और सूजन कम करने के लिए क्या करें?

यूरिक एसिड बढ़ने से होने वाली समस्याएं?

  1. यूरिक एसिड बढ़ने से गाउट की समस्या हो सकती है। इससे जोड़ों में दर्द और सूजन महसूस हो सकता है। गाउट का दर्द अक्सर रात में शुरू होता है और धीरे-धीरे बढ़ता जाता है। कई बार जोड़ों में असहनीय दर्द होने लगता है।
  2. यूरिक एसिड बढ़ने से पैर के अंगूठे, टखने और घुटने सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। इसकी वजह से जोड़ों में लालिमा और सूजन दिखाई दे सकती है। हाई यूरिक एसिड और गाउट की वजह से व्यक्ति को चलने-फिरने में भी काफी मुश्किल हो सकती है।
  3. बढ़ा हुआ यूरिक एसिड किडनी की सेहत को प्रभावित कर सकता है। यह किडनी में पथरी के जोखिम को भी बढ़ाता है।

गाउट में दर्द और सूजन क्यों बढ़ जाती है?

दरअसल, जब शरीर में यूरिक एसिड बढ़ता है तो यह जोड़ों में क्रिस्टल बनकर जमा हो जाता है। शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली, बढ़े हुए यूरिक एसिड को नुकसानदायक मान लेती है। इससे जोड़ों में सूजन होनी शुरू हो जाती है। इसकी वजह से व्यक्ति को गंभीर दर्द, जलन और अकड़न जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

दर्द और सूजन कम करने के लिए क्या करें?

हल्की एक्सरसाइज करें

गाउट का दर्द कम करने के लिए आपको हल्दी एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए। अगर आप रोजाना एक्सरसाइज करेंगे, तो इससे जोड़ों पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा। आप धीरे-धीरे स्ट्रेचिंग कर सकते हैं। खाना खाने के बाद वॉक जरूर करें और सुबह उठने के बाद प्राणायाम करें। इससे जोड़ों के दर्द में आराम मिलेगा और सूजन भी धीरे-धीरे कम होने लगेगा।

बैलेंस डाइट लेना है बहुत जरूरी

हाई यूरिक एसिड की वजह से होने वाले दर्द और सूजन को कम करने के लिए आपको अपनी डाइट पर ध्यान देना चाहिए। बैलेंस डाइट लें, इसमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी फूड्स को शामिल करें। अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, सलाद और साबुत अनाज को शामिल करें। इसके साथ ही, रेड मीट, सी फूड और ज्यादा तला-भुना भोजन खाने से परहेज करें। शराब और कोल्ड ड्रिंक्स भी यूरिक एसिड और गाउड को बढ़ा सकते हैं।

वजन कंट्रोल करें

ज्यादा वजन से भी यूरिक एसिड और गाउट की समस्या बढ़ सकती है। दरअसल, ज्यादा वजन से जोड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इससे गाउट, गठिया और यूरिक एसिड का दर्द बढ़ सकता है। इसलिए आपको वजन को नियंत्रण में रखना बहुत जरूरी होता है। अगर वजन कंट्रोल में रहेगा तो हाई यूरिक एसिड और गाउट की वजह से होने वाले सूजन को भी कम करने में मदद मिल सकती है।

अगर गाउट के अटैक बार-बार आने लगे या दर्द लंबे समय तक बना रहे, तो इस स्थिति को नजरअंदाज न करें। समय पर इसकी जांच करें और इलाज शुरू कराएं।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source