ऐसा कैंसर जो शरीर में चुपचाप बढ़ता रहता है, हेमाटोलॉजिस्ट से जानें ब्लड कैंसर के बारे में

ब्लड कैंसर का नाम दुनिया के सबसे खतरनाक कैंसरों में आता है, जो शरीर में चुपचाप बढ़ता रहता है। इस लेख में हेमाटोलॉजिस्ट ने ब्लड कैंसर से जुड़ी कुछ बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां शेयर की हैं, जिनके बारे में हम आगे जानेंगे।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : June 3, 2026 6:39 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Dinesh Bhurani

कैंसर दुनिया की सबसे घातक बीमारियों में से एक है और कैंसर भी आमतौर पर अलग-अलग प्रकार के होते हैं, जिनमें से कुछ प्रकार के कैंसर और भी ज्यादा खतरनाक होते हैं। ब्लड कैंसर आमतौर पर उन्हीं कैंसर के प्रकारों में से एक हैं, जो बेहद खतरनाक होते हैं। दिल्ली के रोहिणी में स्थित राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर में हेमाटो-ऑन्कोलॉजी और बोन मेरो ट्रांसप्लांट एक्सपर्ट डॉ. दिनेश भूरानी के अनुसार रक्त में होने वाला कैंसर यानी ब्लड कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जो आमतौर पर अपने आप चुपचाप बढ़ने लगती है और कई बार यह तब सामने आती है जब स्थिति बिगड़ चुकी होती है। ब्लड कैंसर ऐसी कंडीशन है खून और बोन मेरो प्रभावित हो जाते हैं, जिसका सीधा असर हमारे इम्यून सिस्टम पर पड़ता है। इस बीमारी से जूझने के लिए समय पर पहचान, उचित उपचार की शुरुआत और एक मजबूत समर्थन प्रणाली का होना अति आवश्यक है।

ब्लड कैंसर के बारे में समझें

ब्लड कैंसर आमतौर पर अन्य प्रकार के कैंसरों से थोड़ा अलग होता है, क्योंकि यह ट्यूमर वाला कैंसर नहीं होता है। बल्कि इसे खतरनाक इसलिए माना जाता है, क्योंकि यह सीधे हमारे खून और बोन मेरो को नुकसान पहुंचाता है और जब ये दोनों चीजें क्षतिग्रस्त होने लगती हैं, तो इम्यून सिस्टम भी प्रभावित होने लगता है। इस कंडीशन में हेल्दी ब्लड सेल्स बनने की प्रक्रिया काफी प्रभावित हो जाती है, जिससे इम्यून सिस्टम कमजोर होने के साथ-साथ अन्य कई हेल्थ प्रॉब्लम्स होने लगती हैं।

ब्लड कैंसर दरअसल, अलग-अलग प्रकार के कई ऐसे कैंसरों का ग्रुप है जो प्रमुख रूप से ब्लड, बोन मैरो और लिम्फेटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाते हैं। आमतौर पर तीन प्रकार के कैंसर ब्लड कैंसर ग्रुप में आते हैं -

  • ल्यूकेमिया - ब्लड कैंसर का यह प्रकार प्रमुख रूप से रक्त और बोन मैरो को ही प्रभावित करता है।
  • लिंफोमा - यह लिम्फेटिक सिस्टम को नुकसान पहुंचाने वाला एक प्रकार का ब्लड कैंसर है, जो हमारे इम्यून सिस्टम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
  • मल्टीपल मायलोमा - इसमें आमतौर पर प्रमुख रूप से उन कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है, जो सीधे इन्फेक्शन से लड़ने वाली एंटीबॉडी बनाती हैं।

किसको होता है ब्लड कैंसर?

रक्त में होने वाला कैंसर कभी भी किसी को भी हो सकता है, इसमें छोटे बच्चे से वयस्क और बुजुर्ग लोग भी शामिल हैं। हर व्यक्ति की उम्र व कैंसर की गंभीरता के अनुसार इसके लक्षण अलग-अलग होते हैं, लेकिन कुछ ऐसे लक्षण भी हैं जो आमतौर पर ज्यादा देखे जाते हैं और इन्हें इग्नोर नहीं करना चाहिए -

  • लगातार अत्यधिक थकान और कमजोरी महसूस होना
  • बिना किसी कारण के बार-बार बुखार आना या संक्रमण होने की समस्या
  • रात के समय सोते समय अचानक से पसीना आना
  • बिना किसी चोट के शरीर पर नीले निशान पड़ जाना
  • गले, बगल या जांघों में गांंठ या सूजन होना
  • हड्डियों में तेज दर्द होना और अचानक से वजन कम होना

कैंसर का नाम सुनते ही मरीज और उनके परिवार पर जो डर और दर्द छा जाता है, वो लगभग हर घर में एक जैसा होता है। लेकिन हर मरीज की कहानी और उसकी लड़ाई एक-दूसरे से अलग होती है। कोई व्यक्ति तो सिर्फ एक साधारण हेल्थ चेकअप के लिए जाता है और अचानक उसे यह बीमारी हो जाती है, वहीं किसी को शुरुआती लक्षणों को पहचानने में महीनों लग जाते हैं। कुछ मरीजों पर दवाइयां जल्दी असर करती हैं, जबकि कुछ को लम्बी और थका देने वाली मेडिकल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।

इसलिए रक्त कैंसर से लड़ाई में हर मरीज की जरूरतें अलग होती हैं। लेकिन इन सबको बेहतर इलाज और देखभाल देना डॉक्टरों, स्टाफ और पूरी समाज की जिम्मेदारी है। इस सफर में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, मरीज, उनके परिवार, डॉक्टर, और कैंसर से जंग जीत चुके लोग, हम सभी एक ही लक्ष्य के लिए खड़े हैं और वह है रक्त कैंसर को हराना।

ब्लड कैंसर के इलाज के नए तरीके

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि ब्लड कैंसर कोई एक कैंसर नहीं है बल्कि तीन अलग-अलग प्रकार के कैंसरों का ग्रुप है। इसलिए इलाज भी ब्लड कैंसर के प्रकार के अनुसार ही होता है। आज के में मेडिकल साइंस इतना एडवांस हो चुका है, कि अब मरीज के जेनेटिक और शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य जानकारियों के आधार पर उस के लिए विशेष ट्रीटमेंट तैयार किया जाता है जिसे पर्सनलाइज्ड मेडिसिन कहा जाता है। मरीज का इलाज आमतौर पर निम्न के आधार पर किया जाता है जैसे -

  • रक्त कैंसर का सही टाइप और सब-टाइप क्या है?
  • मरीज की आनुवंशिक और मॉलिक्यूलर रिपोर्ट क्या है?
  • मरीज की उम्र और उसकी ओवरऑल हेल्थ कैसी है?
  • बीमारी किस स्टेज पर है और कितनी तेजी से बढ़ रही है?
  • मरीज मानसिक और भावनात्मक रूप से किस स्थिति में है?

इस बीमारी से लड़ाई में एकजुटता भी बहुत जरूरी है। जब तक डॉक्टर, वैज्ञानिक, परिवार वाले, सपोर्ट ग्रुप और समाज एकजुट होकर काम नहीं करेंगे, तब तक मरीजों को बचाना आसान नहीं होगा। आज रक्त कैंसर का इलाज सिर्फ एक डॉक्टर नहीं करता, बल्कि इसमें एक पूरा टीम होती है जिसमें ऑन्कोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, डाइटिशियन और साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।

क्यों ब्लड कैंसर का पता समय पर नहीं चल पाता है

ब्लड कैंसर की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसके शुरुआती लक्षण इतने सामान्य होते हैं, जैसे हल्का बुखार, थकान या कमजोरी, कि लोग इसे आम फ्लू समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इसी लापरवाही के चलते सही टेस्ट (डायग्नोसिस) और इलाज शुरू होने में देरी हो जाती है।

अगर इसे शुरुआती दौर में पकड़ लिया जाए, तो ठीक होने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं और जान का खतरा टल जाता है। इसलिए शरीर में होने वाले छोटे-मोटे बदलावों को हल्के में नहीं लेना चाहिए और नियमित चेकअप करवाना चाहिए। अगर कोई समस्या कई दिनों तक बनी रहे, तो खुद डॉक्टर बनकर या गूगल पर सर्च करने के बजाय तुरंत किसी अच्छे विशेषज्ञ से मिलना चाहिए।

इलाज के आधुनिक तरीके

समय के साथ-साथ ब्लड कैंसर में काफी बदलाव आया है और अब वह समय नहीं रहा जब कैंसर के साथ-साथ कीमोथेरेपी से भी इतना ही डर लगता था। आज के समय में कीमोथेरेपी में भी काफी सुधार लाया गया है और कीमोथेरेपी के साथ-साथ अन्य कई ट्रीटमेंट ऑप्शन्स को भी विकसित किया गया है -

  • टार्गेटेड थेरेपी - ये दवाएं सीधे कैंसर वाली कोशिकाओं पर असर करती हैं, जिससे शरीर के अन्य हेल्दी सेल्स प्रभावित नहीं होते।
  • इम्यूनोथेरेपी - यह इलाज मरीज के अपने इम्यून सिस्टम को इतना मजबूत बनाता है कि वह खुद कैंसर के खिलाफ लड़ने लगता है।
  • कार-टी सेल थेरेपी - यह रक्त कैंसर के इलाज की सबसे हाई-टेक तकनीक है, जो जीन-इंजीनियरिंग के जरिए मरीजों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।

इन नई तकनीकों का सबसे बड़ा फायदा यही है कि मरीज न सिर्फ लंबे समय तक जीवित रह पाते हैं, बल्कि इलाज के बाद उनकी जीवन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है। आजकल डॉक्टर सिर्फ बीमारी ठीक नहीं कर रहे, बल्कि मरीज के दर्द को कम करने (पेन मैनेजमेंट) और उनकी मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देते हैं।

स्टेम सेल डोनेशन

रक्त कैंसर केवल शारीरिक बीमारी नहीं है, बल्कि यह पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित करती है। ऐसे कठिन समय में सिर्फ दवाएँ ही सब कुछ नहीं होतीं। अपने लोगों का साथ, डॉक्टरों का प्यार भरा व्यवहार और सपोर्ट ग्रुप्स ही मरीजों की असली हिम्मत बनते हैं।

ल्यूकेमिया और लिंफोमा के कई मामलों में 'स्टेम सेल ट्रांसप्लांट' आखिरी विकल्प होता है। पर यहां सबसे बड़ी समस्या होती है, परफेक्ट मैचिंग डोनर ढूंढना, जो आसानी से नहीं मिलता। इसलिए जरूरी है कि हम आगे आएं और डोनर रजिस्ट्री में नाम लिखवाएं। कौन जानता है, आपका एक छोटा सा कदम किसी को नई जिंदगी दे सकता है!

एक बेहतर कल के लिए हमारी कोशिश

हालांकि, हर रक्त कैंसर मरीज की स्थिति और समस्याएं अलग हो सकती हैं, लेकिन उनके लिए हमारा समर्थन हमेशा एकजुट होना चाहिए। जब तक सरकारें, अस्पताल, डॉक्टर और हम सब मिलकर एक समुदाय की तरह खड़े नहीं होंगे, तब तक रक्त कैंसर के खिलाफ इस महत्वपूर्ण लड़ाई को जीतना संभव नहीं है। हर मरीज को सही समय पर, सस्ता और बेहतरीन इलाज मिलने का मौका मिलना चाहिए। यही रक्त कैंसर के खिलाफ इस पूरी लड़ाई में असली जीत होगी I

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल ब्लड कैंसर से जुड़ी सही जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के रूप में नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source