hamburger icon
A
Read in English

बारिश का मौसम होते ही पेट दर्द रहने लगता है? जानें कैसे रखें अपने पाचन तंत्र को हेल्दी

बारिश के मौसम में लोगों को अक्सर पेट से जुड़ी समस्याएं होने का खतरा काफी ज्यादा रहता है, जिनसे विशेष रूप से बचाव रखना बेहद जरूरी है। इस लेख में हम बारिश के मौसम में होने वाली इन समस्याओं और उनके उपचार के बारे में जानेंगे।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : July 13, 2026 7:34 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr Karuna Chaturvedi

बारिश का मौसम हर किसी को अच्छा लगता है और इस मौसम में हमेशा कुछ अच्छा खाने का मन करता है। लेकिन कुछ चीजें हैं जो बारिश के मौसम में कुछ अच्छा और टेस्टी खाने से रोक देती हैं। बारिश का मौसम ऐसा होता है और बहुत ही कम लोगों को इस बारे में जानकारी होती है कि आखिर बारिश के दिनों में पेट से जुड़ी समस्याएं क्यों होने लगती हैं और आखिर कैसे इन से बचाव किया जा सकता है। डॉ. करुणा चतुर्वेदी, हेड क्लिनिकल न्यूट्रिशन, मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, नोएडा ने इस बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी और बताया कि आखिर बारिश के मौसम में इस तरह की समस्याएं क्यों होती हैं और कैसे उनसे बचाव किया जा सकता है।

तेजी से बढ़ रहे फूड पॉइजनिंग के मामले

डॉ. करुणा चतुर्वेदी ने बताया कि वे हर साल बारिश के मौसम में बहुत से मरीजों को डायरिया, फूड पॉइजनिंग, गैस और अपच जैसी पेट की समस्याओं से जूझते हुए देखती हैं। बारिश का मौसम सुहावना जरूर होता है, लेकिन हवा में अधिक नमी होने के कारण इस दौरान कीटाणु और बैक्टीरिया बहुत तेजी से पनपते हैं, जो सीधा हमारे पाचन तंत्र पर बुरा असर डालते हैं।

मानसून में खुद को स्वस्थ कैसे रखें

बारिश के मौसम का मजा भी तब ही लिया जा सकता है जब आपका स्वास्थ्य सही हो। इससे बचने का सबसे पहला और जरूरी उपाय यह है कि आप पानी हमेशा अच्छी तरह उबालकर ही पिएं। बारिश में पेट की ज्यादातर बीमारियां दूषित पानी से होती हैं, इसलिए प्यास कम लगने पर भी दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें। हल्का गुनगुना पानी पीना आपके पाचन को दुरुस्त रखने में बहुत मदद करता है।

बाहर का कुछ भी न खाएं

सड़क किनारे मिलने वाले चाट-पकौड़े, खुले में रखा खाना और बाहर का कच्चा सलाद या कटे हुए फल खाने से पूरी तरह बचें, क्योंकि नमी के कारण इनमें संक्रमण का खतरा सबसे अधिक होता है। हमेशा घर का बना ताजा और गर्म भोजन ही खाएं। इस मौसम में हमारे शरीर की पाचन शक्ति थोड़ी सुस्त हो जाती है, इसलिए ज्यादा तला-भुना या पचने में भारी खाना खाने के बजाय खिचड़ी, दलिया और सूप जैसे आसानी से पचने वाले आहार लें।

किन फूड्स में ज्यादा खतरा

बारिश के दिनों में पालक या पत्तागोभी जैसी पत्तेदार सब्जियों से कुछ समय के लिए दूरी बनाना बेहतर है क्योंकि इनमें कीड़े और फंगस बहुत जल्दी लगते हैं। इसके बजाय आप लौकी, तोरई, परवल और टिंडा जैसी हल्की सब्जियां खाएं और पकाने से पहले उन्हें हल्के गर्म नमक वाले पानी से अच्छी तरह जरूर धो लें। अपने रोजाना के खाने में अदरक, लहसुन, हींग, अजवाइन, हल्दी और काली मिर्च जैसे रसोई के मसालों का उपयोग जरूर करें, क्योंकि ये न सिर्फ गैस और अपच को रोकते हैं, बल्कि आपकी रोगों से लड़ने की क्षमता भी बढ़ाते हैं।

एक डायटीशियन के तौर पर आप सभी के लिए मेरा सबसे सरल मंत्र यही है कि साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें और हमेशा वही खाएं जो आपका पेट आसानी से पचा सके, ताकि आप और आपका परिवार बिना बीमार पड़े इस सुहावने मौसम का पूरा आनंद ले सके।

डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल मानसून में होने वाली फूड पॉइजनिंग से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी देना है। इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।