hamburger icon
A
Read in English

कावड़ यात्रा पर जाने से पहले करवाएं ये 5 मेडिकल टेस्ट, वरना बीच रास्ते में हो जाएगी दिक्कत

हर साल सावन के महीनों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु कावड़ यात्रा करते हैं। इस यात्रा पर निकलने से पहले कुछ मेडिकल टेस्ट करवा लिए जाए तो विभिन्न प्रकार की परेशानियों से बचा जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : July 31, 2026 12:12 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Anil Gomber

"बम-बम भोले" का जयकारा लगाते हुए पैदल कावड़ यात्रा पर निकलना भक्ति का सबसे बड़ा प्रतीक है। लाखों शिवभक्त हर साल हरिद्वार, गौमुख, ऋषिकेश से गंगाजल भरकर अपने-अपने शहरों तक 100-200 किलोमीटर पैदल चलते हैं। लेकिन 10-15 दिन तक लगातार चलना, वजन उठाना, कम नींद और बदलता मौसम - ये सब आपके शरीर के लिए एक मैराथन से कम नहीं होता है। और अगर पहले से कोई बीमारी है तो कावड़ की यात्रा मुश्किल भी बन सकती है। इसलिए डॉक्टर कहते हैं - भक्ति के साथ शरीर की फिटनेस भी जरूरी है।

दिल्ली के मॉडल टाउन स्थिति यथार्थ हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन डिपार्टमेंट के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अनिल गोम्बर कहते हैं कि कावड़ की यात्रा पर निकलने से पहले 30 मिनट का हेल्थ चेकअप आपको बड़े खतरे से बचा सकता है। डॉ. अनिल गोम्बर बताते हैं कि कावड़ यात्रा पर जाने से पहले हर शिवभक्त को 5 मेडिकल टेस्ट जरूर करवाने चाहिए। आइए जानते हैं इसके बारे में-

कावड़ यात्रा शरीर पर अतिरिक्त बोझ डालती है।

कावड़ यात्रा शरीर पर कितना लोड डालती है?

कावड़ यात्रा के दौरान आप लगातार 6-8 घंटे चलते हैं, कंधे पर 10-20 किलो की कावड़ होती है, धूप, बारिश, उमस सब झेलना पड़ता है। इस दौरान डिहाइड्रेशन, पैरों में छाले, थकान, ब्लड प्रेशर और शुगर का लेवल बिगड़ना आम बात है। American College of Sports Medicine की एक रिसर्च के मुताबिक, लगातार लंबे समय तक पैदल चलने और वजन उठाने से हार्ट पर दबाव बढ़ता है और मांसपेशियों में चोट का खतरा 3 गुना तक बढ़ जाता है।इसलिए अगर आपका शरीर तैयार नहीं है तो बीच रास्ते में चक्कर, सांस फूलना या पैरों में दर्द होना तय है।

कावड़ यात्रा से पहले कौन से मेडिकल टेस्ट करवाने चाहिए?

  1. ब्लड प्रेशर- डॉक्टर बताते हैं कि कावड़ यात्रा के दौरान वजन उठाने और धूप में चलने से हार्ट रेट बढ़ जाता है। अगर आपको हाई BP या हार्ट की कोई पुरानी समस्या है तो हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए कावड़ यात्रा पर जाने से पहले ब्लड प्रेशर और ECG टेस्ट जरूर करवाना चाहिए।
  2. शुगर टेस्ट - शुगर के मरीजों को पैरों में घाव, इंफेक्शन और चक्कर आने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। यात्रा के दौरान खाना-पीना अनियमित हो जाता है जिससे शुगर एकदम बढ़ या घट सकती है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को डॉक्टर कावड़ यात्रा से पहले खाली पेट शुगर और खाने के 2 घंटे बाद शुगर टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं। अगर टेस्ट के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नजर आती है तो इंसुलिन और दवा की डोज के बारे में डॉक्टर से बात जरूर करें।
  3. खून की पूरी जांच - कावड़ उठाने से पहले हर व्यक्ति को कंप्लीट ब्लड काउंट का टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। डॉ. अनिल बताते हैं कि इस टेस्ट से पता चलता है कि आपके शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया तो नहीं है। हीमोग्लोबिन कम होगा तो 2 किलोमीटर में ही थकान और सांस फूलने लगेगी। इसलिए ये टेस्ट हर किसी के लिए बहुत जरूरी है।
  4. किडनी और लिवर फंक्शन टेस्ट - यात्रा में पानी कम पीने से डिहाइड्रेशन होता है जिसका सबसे ज्यादा असर किडनी पर पड़ता है। वहीं बाहर का खाना खाने से लिवर पर भी लोड पड़ता है। इसके लिए डॉक्टर किडनी और लिवर फंक्शन टेस्ट करवाने की सलाह देते हैं।
  5. पैरों और जोड़ों का चेकअप- कावड़ यात्रा में 80% समस्या पैरों की वजह से ही होती है। फ्लैट फुट, घुटने का दर्द, पुरानी चोट - ये सब बीच में परेशान कर सकते हैं। इसलिए यात्रा पर जाने से पहले डॉक्टर से पैरों, घुटनों और कमर की जांच करवाएं। अगर पुरानी चोट है तो फिजियो से पट्टी बांधने का तरीका सीख लें। विटामिन D और B12 का लेवल भी चेक करवा लें क्योंकि इनकी कमी से मांसपेशियों में दर्द बढ़ जाता है। इस टेस्ट को करवाने से यात्रा के दौरान होने वाला दर्द कम हो सकता है।

मेडिकल टेस्ट से विभिन्न बीमारियों का पता चल सकता है।

किन लोगों के लिए बहुत जरूरी है मेडिकल टेस्ट

डॉ. अनिल गोम्बर बताते हैं कि वैसे तो हर कावड़ यात्री के लिए मेडिकल टेस्ट करवाना जरूरी होता है, लेकिन कुछ लोगों के लिए ये बहुत ज्यादा जरूरी है।

National Health Portal of India भी कहता है कि तीर्थयात्रा से पहले बेसिक हेल्थ स्क्रीनिंग कराना जरूरी है ताकि हाई रिस्क वाली बीमारियों को समय पर पकड़ा जा सके। डॉक्टर कहते हैं कि कावड़ यात्रा शरीर और मन दोनों की परीक्षा है। भोले के नाम पर निकल पड़ेंगे वाली सोच अच्छी है, लेकिन तैयारी के साथ निकलिए तो यात्रा और भी आनंददायक होगी।

Discalimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें बताए गए मेडिकल टेस्ट और स्वास्थ्य सलाह किसी भी तरह से डॉक्टर की व्यक्तिगत सलाह या इलाज का ऑप्शन नहीं है। अगर आप कावड़ यात्रा पर जा रहे हैं तो पहले अपने डॉक्टर से बात करें। जिन लोगों को डायबिटीज, थायराइड या कोई अन्य समस्या है तो कावड़ यात्रा करने से पहले डॉक्टर को अपनी परेशानी बताएं और डॉक्टर बताए गए परहेज के साथ ही यात्रा करें।