लिवर कमजोर होने से क्या-क्या परेशानी होती है?

लिवर कमजोर होने पर कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं। मुख्य रूप से लिवर कैसर, शरीर में विषाक्ता की अधिकता जैसी संभावनाएं बढ़ सकती हैं। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : April 20, 2026 9:50 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Vijaykumar C Bada

लिवर हमारे शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग होता है, जो शरीर में खून को साफ करने में काफी हद तक मददगार होत है। इसके साथ ही यह पाचन में मदद करने, पोषक तत्वों को प्रोसेस करने और शरीर में तरल और प्रोटीन का संतुलन बनाए रखने का काम करता है। लेकिन जब हमारा लिवर कमजोर हो जाए या किसी कारण से सही तरीके से काम न करे, तो इसका असर हमारे पूरे शरीर पर पड़ने लगता है। लिवर कमजोर होने की स्थिति में कई तरह की गंभीर समस्याएं होने का खतरा रहता है। हैदराबाद में स्थित यशोदा हॉस्पिटल्स के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विजयकुमार सी. बाड़ा के अनुसार, कमजोर लिवर को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि यह धीरे-धीरे कई जटिलताओं का कारण बनता है। इस लेख में हम लिवर कमजोर होने पर शरीर में कौन-कौन सी समस्याएं हो सकती  हैं, इस बारे में विस्तार से जानेंगे। आइए जानते हैं-

शरीर में सूजन और पेट में पानी भरना

कमजोर लिवर होने पर यह सही तरीके से प्रोटीन नहीं बना पाता है, जिससे शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बिगड़ सकता है। इसके कारण पैरों में सूजन और पेट में पानी भरने जैसी समस्याएं हो सकती  हैं। अगर इसका समय पर इलाज न किया जाए, तो यह धीरे-धीरे संक्रमण का रूप धारण कर सकती हैं।

ब्लीडिंग होन और शरीर का नीला पड़ना

हमारा लिवर खून को जमाने वाले क्लॉटिंग फैक्टर बनाता है। ऐसे में जब लिवर कमजोर हो जाए, तो यह प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में हल्की चोट लगने पर भी ज्यादा खून बह सकता है या बिना किसी कारण शरीर पर नीले निशान दिखाई दे सकते हैं।

ब्रेन पर दिखता है असर

लिवर शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती है। ऐसे में जब हमरा लिवर सही ढंग से  काम नहीं करता है, तो अमोनिया जैसे टॉक्सिन खून में जमा होने लगते हैं। इससे व्यक्ति को नींद आना, भ्रम, व्यवहार में बदलाव और गंभीर मामलों में कोमा तक हो सकता है। इसलिए अगर आपको लिवर से जु़ड़ी किसी तरह की परेशानी महसूस हो, तो फौरन अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

पोर्टल हाइपरटेंशन और खतरनाक ब्लीडिंग

लिवर में जब किसी तरह की परेशानी हो जाए, तो  खून का दबाव बढ़ने लगता है, जिसे पोर्टल हाइपरटेंशन कहते हैं। इसके कारण पेट और खाने की नली की नसें फूल जाती हैं, जो कभी भी फट सकती हैं और जानलेवा ब्लीडिंग का कारण बन सकती हैं।

किडनी और फेफड़ों पर दिखता है असर

एडवांस स्टेज में लिवर की बीमारी किडनी फेल होने और फेफड़ों में ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याएं भी पैदा कर सकती है। अगर आपको ऐसी परेशानी दिखे, तो एक बार अपने डॉक्टर से संपर्क करें।

इंफेक्शन और लिवर कैंसर का खतरा

डॉक्टर का कहना है कि अगर लिवर कमजोर हो जाए, तो इससे इम्यूनिटी प्रभावित होती है।  इससे शरीर में शरीर में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक लिवर में स्कारिंग यानि सिरोसिस रहने पर लिवर कैंसर का जोखिम भी बढ़ जाता है।

क्यों समय पर इलाज है जरूरी?

डॉक्टरों का मानना है कि अगर शुरुआती दौर में ही लिवर की समस्या को पहचान लिया जाए और लाइफस्टाइल में बदलाव के साथ सही इलाज शुरू किया जाए, तो इन गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। ध्यान रखें कि लिवर की सेहत को हल्के में लेना बड़ी गलती हो सकती है। अगर शरीर में सूजन, थकान, भूख में कमी या त्वचा-आंखों का पीला पड़ना जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। सही समय पर उठाया गया कदम आपकी सेहत को बड़ी समस्या से बचा सकता है।

FAQs

लिवर को हेल्दी कैसे रखें?

बैलेंस डाइट लें और एल्कोहल का सेवन करने से बचें। अपनी डाइट में फाइबर जरूर शामिल करें।

लिवर खराब होने के लक्षण क्या हैं

लिवर खराब होने पर आंखों और त्वचा पर पीलापन नजर आ सकता है। भूख और वजन कम हो सकता है।

क्या शराब पीने से लिवर खराब होता है?

हां, लंबे समय तक अत्यधिक मात्रा में शराब पीने से लिवर पूरी तरह डैमेज हो सकता है।

लिवर खराब होने पर सबसे पहले क्या होता है?

लिवर खराब होने पर सबसे पहले भूख कम हो जाती है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.