Frequent urination: जाना पड़ता है बार-बार बाथरूम? इग्नोर न करें ये लक्षण हो सकते हैं किसी बड़ी बीमारी के संकेत

Frequent urination symptoms: बार-बार पेशाब आने की समस्या को कुछ लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं, जबकि कई बार यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसका इलाज जल्द से जल्द कराना बहुत जरूरी होता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : August 16, 2022 5:02 PM IST

हमारे शरीर में होने वाली ज्यादातर बीमारियां पूरी तरह से विकसित होने से पहले किसी न किसी प्रकार के बदलाव का संकेत जरूर देती हैं। इन लक्षणों को समझना बहुत जरूरी होता है और अगर समय रहते शरीर के इन संकेतों को समझ लिया जाए तो कई बड़ी समस्याओं को विकसित होने से रोका जा सकता है। कुछ लोगों को अक्सर बार-बार पेशाब आने की शिकायत रहती है, जो ज्यादातर महिलाओं में देखी गई है। बार-बार पेशाब आने की समस्या को अंग्रेजी में फ्रिक्वेंट यूरिनेशन (Frequent urination in hindi) कहा जाता है और यह काफी परेशान कर देने वाली स्थिति हो सकती है। कुछ लोग इसे सामान्य समस्या समझ लेते हैं, जबकि कुछ लोग शर्मिंदगी के कारण डॉक्टर से इस बारे में बात करने से हिचकिचाते हैं। लेकिन कुछ मामलों में बार-बार पेशाब आना किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसका समय पर इलाज न किया जाए तो मरीज के लिए गंभीर स्थिति खड़ी हो सकती है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि आखिर बार-बार पेशाब आना किस गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।

इन गंभीर बीमारियों का हो सकता है संकेत

अगर आपको भी बार-बार पेशाब करने की इच्छा होती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि यह इन बीमारियों का संकेत हो सकता है -

  1. यूरीनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन - यह पेशाब संबंधी सबसे गंभीर समस्याओं में से एक है। मूत्र प्रणाली के किसी भी हिस्से में संक्रमण होने से मरीज को बार-बार पेशाब आने की दिक्कत हो सकती है। यूटीआई के ज्यादा मामले महिलाओं में पाए जाते हैं और अगर समय पर इस संक्रमण का इलाज व अन्य देखभाल शुरू न की जाए, तो स्थिति गंभीर बन सकती है।
  2. ओवरएक्टिव ब्लैडर - यह मूत्राशय यानी ब्लैडर से जुड़ी समस्या है। ओवरएक्टिव ब्लैडर के कारण व्यक्ति को पेशाब करने की अचानक से तीव्र इच्छा होने लगती है। हालांकि, इस दौरान कई बार मरीज का ब्लैडर खाली होती है, लेकिन फिर भी पेशाब करने की इच्छा होती है। यह समस्या भी पुरुषों से ज्यादा महिलाओं में देखी जाती है।
  3. गुर्दे की बीमारी - मूत्र प्रणाली में पेशाब करने की भूमिका भी बहुत अहम होती है। अगर आपको किडनी स्टोन, इन्फेक्शन या अन्य कोई बीमारी हुई है, तो बार-बार पेशाब करने की दिक्कत हो सकती है। किडनी में ज्यादातर

    बैक्टीरियल संक्रमण होता है, जिसका समय रहते इलाज कराना बेहद जरूरी होता है।

  4. डायबिटीज - मधुमेह के मरीजों में भी अक्सर बार-बार बाथरूम जाने की समस्या देखी जाती है। इसलिए अगर आपके परिवार में किसी को पहले से डायबिटीज है या फिर आपका वजन ज्यादा बढ़ा हुआ है, तो फिर बार-बार पेशाब आने जैसी समस्या महसूस होते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डॉक्टर से बात करना है जरूरी

ज्यादातर लोग बार-बार पेशाब आने की समस्या को गंभीरता से नहीं लेते हैं, जो कि उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कदम हो सकता है। जैसा कि हमने आपको ऊपर बताया है अगर बार-बार पेशाब आने के पीछे उपरोक्त में से कोई कारण है, तो स्थिति का जल्द से जल्द इलाज कराना जरूरी होता है। किडनी से जुड़ी कुछ बीमारियां ऐसी भी हैं, अगर उनका समय रहते इलाज न किया जाए सके तो किडनी ट्रांसप्लांट तक की नौबत आ सकती है और किडनी के आसपास के अंग भी प्रभावित हो सकते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source