क्या बार-बार पेशाब आना सिर्फ डायबिटीज का संकेत होता है? जानें ऐसा क्यों होता है

क्या आपको भी बार-बार पेशाब जाना पड़ता है? यह डायबिटीज के कारण हो सकता है। जानें, ऐसा क्यों हता है?

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : January 29, 2026 3:23 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Monika Sharma

Frequent Urination: बार-बार पेशाब आना एक आम समस्या है। अक्सर इस समस्या को डायबिटीज से जोड़ा जाता है। क्योंकि, डायबिटीज रोगियों को बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है। दरअसल, डायबिटीज में ब्लड में शुगर लेवल बढ़ जाता है और फिर किडनी इस शुगर को पेशाब के साथ बाहर निकालती है। यही वजह है कि डायबिटीज रोगियों को बार-बार पेशाब आता है। लेकिन, यह एक अकेला कारण नहीं है। डायबिटीज के अलावा भी कई ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। आइए, आकाश हेल्थकेयर की सीनियर कंसल्टेंट-एंडोक्रिनोलॉजी डॉ. मोनिका शर्मा से जानते हैं कि बार-बार पेशाब आने के पीछे कौन-से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं?

डायबिटीज में बार-बार पेशाब क्यों आता है?

  • डायबिटीज रोगियों में खून में शुगर का स्तर बढ़ जाता है। इस स्थिति में किडनी अतिरिक्त शुगर को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करती है।
  • डायबिटीज रोगियों में पानी भी ज्यादा मात्रा में बाहर निकलता है, इसलिए ही इन्हें बार-बार पेशाब जाने की जरूरत पड़ती है। इस स्थिति को पॉलीयूरिया कहा जाता है।
  • डायबिटीज रोगियों को ज्यादा प्यास भी लगती है। ज्यादा पानी पीने से बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है।

बार-बार पेशाब आने के अन्य कारण क्या हैं?

डायबिटीज रोगी बार-बार पेशाब आने की शिकायत करते हैं। लेकिन, इसके अलावा भी कई कारण हैं जिनकी वजह से बार-बार पेशाब आ सकता है।

यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) होने पर बार-बार पेशाब आ सकती है। यूटीआई की वजह से आपको पेशाब में जलन और दर्द का अनुभव भी हो सकता है।

  • प्रोस्टेट से जुड़ी समस्याओं की वजह से भी बार-बार पेशाब जाने की जरूरत पड़ सकती है। खासकर, बढ़ती उम्र के पुरुषों में पेशाब का प्रवाह कमजोर हो जाता है और इसकी वजह से उन्हें बार-बार पेशाब आ सकता है।
  • महिलाओं को प्रेग्नेंसी के दौरान मूत्राशय पर दबाव पड़ने की वजह से पेशाब बार-बार आ सकता है।
  • कई बार हार्मोनल असंतुलन की वजह से भी पेशाब से जुड़ी समस्या हो सकती है। कई बार शरीर में पानी को नियंत्रित करने वाला हार्मोन ठीक से काम नहीं कर पाता है, इससे पेशाब ज्यादा आता है।
  • कैफीन और अल्कोहल का ज्यादा इनटेक करने से भी आपको बार-बार पेशाब की समस्या हो सकती है।

डॉक्टर को कब दिखाएं?

अगर आपको बार-बार पेशाब आता है, तो इस संकेत को नजरअंदाज बिल्कुल न करें। इन स्थितियों में डॉक्टर से जरूर कंसल्ट करें।

  • ज्यादा प्यास लगना
  • अचानक वजन कम होना
  • धुंधला दिखाई देना
  • थकान और कमजोरी महसूस होना
  • पेशाब में जलन होना
  • पेशाब में दर्द और खून
  • तेज बुखार

बार-बार पेशाब आने पर कौन-से टेस्ट कराएं?

बार-बार पेशाब आने पर आप ब्लड शुगर टेस्ट और यूरिन टेस्ट जरूर कराएं। इससे आपको बार-बार पेशाब आने की समस्या के असल कारण का पता चल पाएगा।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source