बार-बार पेशाब आना किन बीमारियों का संकेत होता है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण, कारण और घरेलू उपचार

Frequent Urination Causes: बार-बार पेशाब आना कई बीमारियों का संकेत हो सकता है। आइए, जानते हैं बार-बार पेशाब आने के कारण और राहत पाने के घरेलू उपाय -

बार-बार पेशाब आना किन बीमारियों का संकेत होता है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण, कारण और घरेलू उपचार

Written by priya mishra |Updated : April 1, 2025 12:59 PM IST

Baar Baar Peshab Aane Ke Karan: बार-बार पेशाब आने की समस्या से काफी लोग परेशान रहते हैं। इस स्थिति में व्यक्ति को टॉयलेट जाने पर ऐसा लगता है कि उसका ब्लैडर पूरी तरह से खाली नहीं हुआ है, जिससे उसे काफी ज्यादा असहज महसूस होती है। बार-बार पेशाब आने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। अधिक मात्रा में तरल पदार्थ के सेवन, डायबिटीज, यूरिन इंफेक्शन, किडनी में पथरी, प्रेग्नेंसी और पुरुषों में बढ़े हुए प्रोस्टेट के कारण बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, बार-बार पेशाब आना कई अन्य समस्याओं की ओर भी इशारा कर सकता है। अगर आप भी इस समस्या का सामना कर रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से मिलकर जांच करवानी चाहिए। आइए, इस लेख में नोएडा स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के यूरोलिस्ट डॉ शैलेंद्र कुमार गोयल से जानते हैं बार-बार पेशाब आने के कारण और इस समस्या से राहत पाने के घरेलू उपायों के बारे में विस्तार से -

बार बार पेशाब आने के कारण - Causes Of Frequent Urination In Hindi

डायबिटीज

डायबिटीज के मरीजों को बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है। दरअसल, जब ब्लड शुगर (ग्लूकोज) बढ़ता है, तो शरीर इसे पेशाब के माध्यम से बाहर निकालने की कोशिश करता है, जिसकी वजह से बार-बार पेशाब आ सकता है। डायबिटीज रोगियों को रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में पेशाब का रंग हल्का भूरा या धुंधला दिख सकता है।

यूटीआई

यूटीआई यानी यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के कारण बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। साथ ही, पेशाब करते समय दर्द और जलन भी महसूस हो सकती है। दरअसल, यह एक तरह का ब्लैडर इंफेक्शन है, जो ई कोलाई बैक्टीरिया के कारण होता है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में यूरिन इंफेक्शन की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। अगर आपको बार-बार पेशाब आता है, तो एक बार यूटीआई की जांच जरूर करवाएं।

Also Read

More News

ओवरएक्टिव ब्लैडर

बार-बार पेशाब आना ओवरएक्टिव ब्लैडर का संकेत भी हो सकता है। यह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें ब्लैडर जरूरत से ज्यादा संवेदनशील हो जाता है और बिना पूरी तरह भरे भी यूरिनेशन का सिग्नल भेजता है। यह स्थिति ज्यादा कैफीन या अल्कोहल के सेवन, तनाव या उम्र बढ़ने के कारण हो सकती है। अगर आपको बार-बार और अचानक से पेशाब आता है, तो डॉक्टर से मिलकर अपना चेकअप करवाएं।

प्रोस्टेट इन्फेक्शन

पुरुषों में प्रोस्टेट इन्फेक्शन की समस्या के कारण भी बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में पुरुषों को पेशाब रुक-रुक कर आना, पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होना और पेशाब की धार धीमी होना जैसी समस्याएं भी होती है। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

किडनी स्टोन

किडनी स्टोन के कारण भी बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में पेशाब करते समय दर्द या जलन होना और पेशाब में खून निकलने की समस्या भी हो सकती है। अगर आपको बार-बार पेशाब आ रहा है, तो एक बार किडनी स्टोन की जांच जरूर करवाएं।

बार-बार पेशाब आने के अन्य कारण

  • प्रेग्नेंसी
  • महिलाओं की योनि में सूजन होना
  • मूत्राशय में कैंसर या पथरी होना
  • शराब और कैफीन युक्त पदार्थों का अधिक सेवन
  • तनाव

बार बार पेशाब आने के लक्षण - Symptoms of Frequent Urination in Hindi

डॉक्टर शैलेंद्र के मुताबिक, एक स्वस्थ व्यक्ति दिन में अधिक से अधिक 7 से 8 बार पेशाब करता है। अगर आप इससे अधिक बार पेशाब कर रहे हैं, तो आपको डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत है। अगर आपको हर 1 घंटे से 15 मिनट में पेशाब का अनुभव हो रहा है, तो आपको इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

बार-बार पेशाब आने पर डॉक्टर को कब दिखाएं? - When To See Doctor For Frequent Urination in Hindi

अगर पेशाब करते समय खून निकलता है या बार-बार पेशाब आने के साथ-साथ पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द हो, तो डॉक्टर को अवश्य दिखाएं। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।

बार बार पेशाब आने के घरेलू उपाय - Home Remedies For Frequent Urination in Hindi

आंवला जूस

आंवले के जूस में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने और संक्रमण से बचाव करने में मदद करता है। इसके अलावा, इसके सेवन से  शरीर में मौजूद टॉक्सिंस को भी बाहर निकालने में मदद मिलती है। इसके लिए आप सुबह खाली पेट एक गिलास आंवला जूस का सेवन करें। नियमित रूप से कुछ दिनों तक इसका सेवन करने से आपको जल्द राहत मिल सकती है।

मेथी दाना

बार-बार पेशाब आने की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप मेथी दाना का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच मेथी दाना को एक गिलास पानी में भिगोकर रातभर के लिए रख दें। सुबह खाली पेट इस पानी को छानकर पिएं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से आपको बार-बार पेशाब आने की समस्या से जल्द राहत मिल सकती  है।

दही

दही का सेवन करने से बार-बार पेशाब आने की समस्या से छुटकारा मिल सकता है। दरअसल, दही में प्रोबायोटिक गुण होते हैं, जो यूटीआई की समस्या को ठीक करने में मदद करते हैं। बार-बार पेशाब आने की समस्या में दिन में एक से कटोरी दही का सेवन कर सकते हैं।

तुलसी

तुलसी की पत्तियों का सेवन करने से बार-बार पेशाब आने की समस्या दूर हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं, जो यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन को रोकने में मददगार होते हैं। इसके सेवन से बार-बार पेशाब आने की समस्या से राहत मिल सकती है। इसके लिए आप तुलसी की पत्तियों को पीसकर इसका रस निकाल लें। फिर इसको शहद के साथ मिलाकर इसका सेवन करें।

अनार का छिलका

अनार के छिलकों को सुखाकर और पीसकर पाउडर बना लें। अब इसमें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट को पानी या दूध में मिलाकर पिएं। आप चाहें तो इसको सीधे तौर पर भी खा सकते हैं। इसके नियमित सेवन से यूरिन इंफेक्शन और बार-बार पेशान आने की समस्या से राहत मिल सकती है।

TRENDING NOW

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।