आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचाता है प्रदूषण, बचाव के लिए फॉलो करें ये आसन टिप्स
Eye Care In Air Pollution: वायु प्रदूषण से सिर्फ हमारे फेफड़ों को ही नहीं, बल्कि आंखों को भी गंभीर नुकसान होने का खतरा रहता है। आइए, जानते हैं वायु प्रदूषण से अपनी आंखों को कैसे सुरक्षित रखें?
How To Protect Eyes From Air Pollution: हर साल अक्टूबर-नवंबर के महीने में प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा बढ़ जाता है। लेकिन इस साल दिवाली से पहले ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी खराब स्तर पर पहुंच चुका है। हवा में फैले हुए प्रदूषण के कारण इन दिनों खुलकर सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। इतना ही नहीं, वायु प्रदूषण का हमारी आंखों पर भी बहुत बुरा असर पड़ता है और यह विभिन्न नेत्र रोगों का कारण बन सकता है। दरअसल, प्रदूषण में मौजूद धूल, धुआं, रसायन और अन्य हानिकारक तत्व हवा में तैरते रहते हैं, जो सीधे आंखों के संपर्क में आने पर उन्हें नुकसान पहुंचाते हैं। प्रदूषण के कारण आंखों में जलन, लालिमा, खुजली, पानी आना और सूखापन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, लंबे समय तक वायु प्रदूषण के संपर्क में रहने से आंखों में संक्रमण, एलर्जी और यहां तक की मोतियाबिंद जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में, आंखों को प्रदूषण के नुकसान से बचने के लिए आपको अपनी आंखों की विशेष देखभाल करनी चाहिए। आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बताने जा रहे हैं, जिनका पालन करके आप अपनी आंखों को प्रदूषण से सुरक्षित और स्वस्थ रख सकते हैं। तो आइए, डॉ बासु आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ मनदीप सिंह बासु से जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -
सुरक्षात्मक चश्मा पहनें
जब भी आप बाहर जाएं तो सनग्लासेस या सुरक्षात्मक चश्मा पहनें। ये धूल, धुआं और अन्य हानिकारक कणों से आपकी आंखों को सुरक्षित रखते हैं।
आंखों को मले नहीं
आंखों को प्रदूषण से बचाने के लिए आंखों को मलने से बचें। प्रदूषक और जलनकारी कण जब आंखों के सीधे संपर्क में आते हैं, तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
आंखों को हाइड्रेट रखें
आंखों को नम बनाए रखने के लिए लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स या आर्टिफिशियल टियर्स का इस्तेमाल करें। प्रदूषण से आंखों में सूखापन हो सकता है, इसलिए आंखों को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है।
आंखों को बार-बार धोएं
अपनी आंखों को साफ पानी से नियमित रूप से धोएं। यह आपकी आंखों में बसे प्रदूषकों को साफ करने में मदद करता है।
ज्यादा बाहर जाने से बचें
आजकल प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में, ज्यादा बाहर जाने से बचें, विशेष रूप से उन घंटों में जब प्रदूषण का स्तर उच्च होता है, जैसे सुबह जल्दी या देर शाम को।
घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें
अगर आप ऐसे क्षेत्र में रहते हैं जहां प्रदूषण अधिक है, तो घर के अंदर एयर प्यूरीफायर का उपयोग करें। स्वच्छ इनडोर हवा आपकी आंखों के हानिकारक प्रदूषकों के संपर्क को कम कर सकती है।
हाइड्रेटेड रहें
आंखों को हेल्दी रखने के लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। हाइड्रेटेड रहना आपकी आंखों की नमी बनाए रखने में मदद करता है, जो प्रदूषित हवा में रहते हुए बेहद जरूरी है।
ठंडे कपड़े से सिकाई करें
बाहर समय बिताने के बाद, आंखों पर ठंडे कपड़े से सिकाई करें। इससे आंखों की जलन शांत होती है, सूजन कम होती है और प्रदूषण से हुई असुविधा को राहत मिलती है।
Disclaimer: हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।